Paan Shop Business Monthly income: आजकल छोटा बिजनेस शुरू करके भी कई लोग अच्छी खासी कमाई कर रहे हैं. चाहे वो चाय या पान की दुकान ही क्यों न हो. ज्यादातर लोगों की तरह आप सोच रहे होंगे कि पान वाला कितना ही कमाता होगा? लेकिन अगर आप कमाई जान जाएंगे तो आंखें खुली की खुली रह जाएंगी. सोशल मीडिया पर एक 34 साल के MBA ग्रेजुएट की कहानी वायरल हो रही है. इस शख्स ने Reddit पर एक पोस्ट में बताया कि जब उसे पता चला कि उनके पड़ोस का पान वाला ₹1 करोड़ की दुकान और शानदार कार खरीद चुका है, तो उनके होश उड़ गए.
नौकरी की तलाश कर रहे इस युवक ने सोशल मीडिया पर जब अपना दर्द बयां किया तो इंटरनेट पर इस बात तो लेकर बहस छिड़ गई कि डिग्री बड़ी या हुनर?
कॉर्पोरेट जॉब का स्ट्रगल, छोटे धंधे की बड़ी कमाई
जहां आज MBA जैसी डिग्री के बाद,नौकरी के लिए कई राउंड के इंटरव्यू देने पड़ते हैं और अच्छी सैलरी वाली नौकरी पाना या नौकरी बदलकर ज्यादा कमाई करना मुश्किल होता जा रहा है, वहीं एक पान की दुकान चलाने वाला शख्स जिन लोगों को हम आमतौर पर छोटी दुकान या छोटा काम करने वाला समझते हैं, उनमें से कई लोग अच्छी कमाई कर रहे हैं. कोई प्लंबर है, कोई इलेक्ट्रीशियन, कोई जूस बेचता है, कोई छोटी सी दुकान चलाता है और कोई मोबाइल बेचकर अच्छी कमाई कर रहा है, संपत्ति बना रहा है और अपने परिवार के लोगों को रोजगार भी दे रहा है.
टियर-3 ग्रेजुएट्स से ज्यादा कमा रहे प्लंबर और दुकानदार
बैक पेन और जॉब स्ट्रगल से जूझ रहे इस Reddit यूजर का कहना है कि आज टियर-2 या टियर-3 कॉलेज के ग्रेजुएट्स से ज्यादा कमाई छोटे दुकानदार और प्लंबर-इलेक्ट्रिशियन कर रहे हैं.यानी डिग्री छोटी-बड़ी हो सकती है, लेकिन कमाई का खेल सिर्फ डिग्री से तय नहीं होता. उन्होंने माना कि उनके कई बीटेक दोस्त मेहनत करके अच्छी नौकरियों तक पहुंचे और विदेश में अपना करियर बनाया. लेकिन उनके अपने अनुभव ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या सिर्फ बड़ी डिग्री होना ही अच्छी कमाई की गारंटी है?
कमर दर्द न होता तो मैं भी लगा लेता वड़ा पाव का स्टॉल...
MBA ग्रेजुएट ने बताया कि उसके पास MBA की डिग्री है, लेकिन फिलहाल उसके लिए अच्छी नौकरी ढूंढना आसान नहीं है. नौकरी छोड़ने के बाद वह नई जॉब ढूंढ़ रहा है. ऐसे में जब उसने एक लोकल पान शॉप ऑनर की कमाई को देखा तो उसके मन में सवाल आया कि आखिर पढ़ाई और डिग्री का फिर फायदा क्या मिल रहा है?उसने यहां तक कहा कि अगर उसे कमर दर्द की समस्या नहीं होती तो शायद वह खुद कोई छोटा बिजनेस शुरू कर देता. जैसे वड़ा पाव या रेमन की दुकान, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचना या फिर ऐसी चीजें बेचना जो ऑनलाइन दुकानों से कम कीमत में मिल सकें.
आखिर एक पान वाला इतना कैसे कमा लेता है?
अब लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल है किन आखिर एक पान वाला इतना कमा कैसे लेता है?आपको बता दें कि हर पान वाला करोड़पति नहीं होता. सोशल मीडिया पर जिस पान वाले की बात हो रही है, वह एक सफल कारोबारी है. उसकी कमाई सिर्फ पान बेचने से तय नहीं हो सकती.बल्कि दुकान की लोकेशन, बल्कि दुकान की लोकेशन, डेली कस्टमर्स, मार्जिन, दूसरे सामानों की बिक्री और सबसे बड़ी बात कितने साल से कारोबार चल रहा है इन सबका बड़ा असर पड़ता है. यही वजह है कि किसी एक पान वाले की कमाई देखकर यह कहना सही नहीं होगा कि हर पान वाला MBA से ज्यादा कमाता है.
इंटरनेट पर पानवाले की कमाई पर छिड़ी बहस
Reddit पर भी इस पोस्ट को लेकर बहस छिड़ गई. कुछ लोगों ने कहा कि छोटे कारोबारी अगर मेहनत और समझदारी से पैसा कमाते हैं तो उन्हें किसी से कम या छोटा क्यों समझना? वहीं कुछ लोगों ने कहा कि हर पान वाला 1 करोड़ की दुकान और कार का मालिक नहीं होता. वहीं, एक यूजर ने दिलचस्प बात कही कि नौकरी करने वाले लोग अक्सर अपनी ही दुनिया में फंस जाते हैं. अगर वे बाहर निकलकर आसपास के कारोबार देखें, तो उन्हें पता चलेगा कि कई छोटे कारोबारी अच्छी कमाई कर रहे हैं.
सिर्फ नौकरी पैसा कमाने का जरिया नहीं
इस कहानी का सबसे बड़ा सबक शायद यही है कि काम छोटा या बड़ा नहीं होता, असली फर्क इस बात से पड़ता है कि आप उसे कितनी समझदारी से करते हैं. पैसा कमाने का इकलौता जरिया सिर्फ नौकरी नहीं है. बिजनेस में रिस्क भले ही ज्यादा हो, लेकिन अगर काम चल निकला तो तो इंसान बहुत कम समय में मोटी कमाई और बड़ी संपत्ति खड़ी कर सकता है.तो अगली बार सड़क किनारे पान की दुकान देखकर सिर्फ यह मत सोचिए कि यह तो पान वाला है…हो सकता है उसकी दुकान का कारोबार आपकी सोच से कहीं बड़ा हो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं