Oracle Layoffs: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी ऑरेकल (Oracle) ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है. इस बार कंपनी ने रोमानिया में करीब 500 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक यह छंटनी 25 जून से शुरू हुई और पिछले एक साल से भी कम समय में यह Oracle की दूसरी बड़ी छंटनी है. हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि कितने कर्मचारियों को निकाला गया है और न ही इस पर कोई विस्तार से बयान जारी किया है.
AI और Cloud बिजनेस पर बढ़ा रही है निवेश
रिपोर्ट्स के अनुसार, Oracle अपने क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई (AI) प्रोडक्ट्स पर तेजी से निवेश बढ़ा रही है. इसी वजह से कंपनी अपने कारोबार में बड़े बदलाव कर रही है. इस बदलाव के तहत कई देशों में कर्मचारियों की संख्या कम की जा रही है. इससे पहले 2025 के आखिर में भी Oracle ने रोमानिया में करीब 400 कर्मचारियों की छंटनी की थी. इसके बाद 2026 की शुरुआत में अमेरिका, भारत और दूसरे देशों में मिलाकर करीब 30,000 नौकरियां खत्म की गई थीं.
किन टीमों पर पड़ा असर?
रिपोर्ट के मुताबिक ये छंटनी सिर्फ एक डिपार्टमेंट में नहीं हुई है. कंपनी की कई बड़ी और मुख्य टेक टीमों पर इसका सीधा असर पड़ा है. इनमें ऑरेकल क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर , डाटाबेस टेक्नोलॉजीज,वन ऑरेकल ईएमईए ,इंडस्ट्रीज एप्लीकेशंस,ऑरेकल हेल्थ एंड एनालिटिक्स ,कस्टमर सक्सेस सर्विसेज ,फ्यूजन एप्लीकेशंस डेवलपमेंट एंड सपोर्ट, जनरल एडमिनिस्ट्रेशन और कई दूसरी टेक टीमों के कर्मचारी शामिल है.इससे साफ है कि इंजीनियरिंग, सपोर्ट, कस्टमर सर्विस और बैक ऑफिस जैसी कई टीमों में कर्मचारियों की संख्या कम की जा रही है.
कर्मचारियों के बीच कन्फ्यूजन
रिपोर्ट के अनुसार कर्मचारियों को Oracle की HR टीम की तरफ से ईमेल भेजकर जानकारी दी गई. इन ईमेल में उनके मैनेजर को भी शामिल किया गया था. कई कर्मचारियों ने बताया कि ईमेल में छंटनी को "Proposed" यानी प्रस्तावित बताया गया था. इससे कई लोगों के मन में यह सवाल बना रहा कि क्या फैसला अंतिम है या अभी इसमें बदलाव हो सकता है.क्योंकि ईमेल अलग अलग समय पर भेजे गए, इसलिए जिन लोगों को शुरुआत में कोई ईमेल नहीं मिला, वे भी काफी देर तक इस बात को लेकर परेशान रहे कि उनकी नौकरी बची है या नहीं.
कुछ कर्मचारियों ने यह भी दावा किया कि नौकरी खत्म होने की जानकारी मिलने के बाद भी उनके Slack और दूसरे कंपनी अकाउंट चालू रहे. इससे कर्मचारियों के बीच और ज्यादा कन्फ्यूजन पैदा हो गई.
कर्मचारियों को कितना मुआवजा दे रही है कंपनी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन कर्मचारियों की नौकरी गई है, उन्हें हर साल की नौकरी के बदले एक महीने की सैलरी दी जा रही है. इसके अलावा करीब तीन महीने की अतिरिक्त सैलरी और दो महीने का पेड लीव भी दिया जा रहा है. हालांकि Oracle ने इन शर्तों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
ये भी पढ़ें- SIP में जमकर पैसा लगे रहे Gen Z, लेकिन हेल्थ इंश्योरेंस से बना रहे दूरी,जानिए आपके लिए क्या है सबसे जरूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं