NSE IPO News:शेयर बाजार के निवेशकों के लिए एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई (NSE) का आईपीओ अब लॉन्च होने के लिए पूरी तरह तैयार है. मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) से हरी झंडी मिलने के बाद इस आईपीओ का सब्क्रिप्शन डेट और प्राइस बैंड ऑफिशियली फिक्स कर दिया गया है. आइए जानते हैं ये आईपीओ कब खुलेगा और आप कब तक इसमें दांव लगा सकते हैं...
NSE IPO कब खुलेगा और क्या है प्राइस बैंड?
यह आईपीओ आम निवेशकों के लिए 17 सितंबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा. एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने का मौका 16 सितंबर को मिलेगा. NSE ने अपने आईपीओ के लिए ₹1,700 से ₹1,785 प्रति शेयर का प्राइस बैंड फिक्स किया है.
कितना होगा लॉट साइज?
रिटेल निवेशकों के लिए मिनिमम लॉट साइज 8 शेयरों का रखा गया है. इसका मतलब है कि ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से एक आम निवेशक को कम से कम ₹14,280 का निवेश करना होगा. वहीं कंपनी अपने योग्य कर्मचारियों को प्रति शेयर ₹170 की खास छूट दे रही है.
प्रमोटर्स और निवेशकों की चांदी
यह आईपीओ ₹22,568.94 करोड़ का है और यह पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा. इसमें मौजूदा शेयरधारक अपने 12.64 करोड़ से ज्यादा शेयर बेच रहे हैं. यानी इस बिक्री से मिलने वाला सारा पैसा शेयर बेचने वाले प्रमोटर्स और संस्थागत निवेशकों के पास जाएगा, NSE के पास नहीं. भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और मॉर्गन स्टेनली जैसी बड़ी संस्थाओं ने अपने बेचे जाने वाले शेयरों की संख्या में थोड़ी कटौती की है.
ग्रे मार्केट में कितना चल रहा है प्रीमियम?
प्राइस बैंड तय होते ही अनऑफिशियल मार्केट यानी ग्रे मार्केट में भी इसकी जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है. ग्रे मार्केट में यह शेयर फिलहाल करीब ₹200 के प्रीमियम यानी 11 से 12 फीसदी की बढ़त पर ट्रेड कर रहा है.
कब होगी शेयरों की अलॉटमेंट और लिस्टिंग?
शेयरों का अलॉटमेंट 22 सितंबर को फाइनल होने की उम्मीद है. इसके बाद 24 सितंबर को NSE के शेयर मार्केट में लिस्ट हो सकते हैं. कोटक महिंद्रा कैपिटल इस इश्यू का लीड मैनेजर है.
ये भी पढ़ें- गांव में कम खर्च में शुरू करें बांस के प्रॉडक्ट्स का बिजनेस, हर महीने होगी ₹45,000 तक की तगड़ी कमाई!
Village Business Ideas: गांव में शुरू करें ये 3 बिजनेस, हर महीने होगी ₹60,000 तक की बंपर कमाई! सरकार भी देगी सब्सिडी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं