शेयर बाजार में जल्दी पैसा कमाने की चाहत में कई निवेशक बिना सही जानकारी के ट्रेडिंग शुरू कर देते हैं. कोई दूसरों की टिप्स पर शेयर खरीदता है, तो कोई बिना रिस्क समझे F&O में पैसा लगा देता है. NSE के MD और CEO आशीष कुमार चौहान ने ऐसे लोगों के लिए कास सलाह दी है. उनका कहना है कि शेयर बाजार में एक-दो दिन में मुनाफा कमाने के बजाय लॉन्ग टर्म के नजरिए से निवेश करना चाहिए. साथ ही, कर्ज लेकर शेयर बाजार में पैसा लगाने से भी बचना चाहिए.
3 से 10 साल का नजरिया रखकर करें निवेश
NDTV Profit के साथ बातचीत में आशीष कुमार चौहान ने कहा कि निवेश हो या बाजार में ट्रेडिंग, कम से कम 3 से 5 साल और बेहतर हो तो 10 साल का नजरिया रखना चाहिए. एक ही दिन में शेयर खरीदकर बेचने और तुरंत मुनाफा कमाने की कोशिश से बचना चाहिए. बाजार में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, इसलिए निवेशकों को जल्दबाजी में फैसले नहीं लेने चाहिए.
बिना जानकारी के F&O में न लगाएं पैसा
NSE प्रमुख ने F&O यानी फ्यूचर एंड ऑप्शन ट्रेडिंग को लेकर भी निवेशकों को अलर्ट किया. उन्होंने कहा कि डेरिवेटिव में पैसा लगाने से पहले इसकी पूरी जानकारी और समझ होना जरूरी है. बिना जानकारी के इस सेगमेंट में ट्रेडिंग करने पर बड़ा नुकसान हो सकता है. इसलिए सिर्फ मुनाफे की उम्मीद में F&O में पैसा नहीं लगाना चाहिए.
दूसरों की टिप्स और कर्ज से रहें दूर
आशीष कुमार चौहान ने निवेशकों को दूसरों की सलाह, अफवाहों और टीवी पर होने वाली चर्चाओं के आधार पर निवेश करने से भी बचने को कहा. बाजार में उत्साह या जल्द मुनाफा कमाने की चाहत में अपनी पूरी जमा पूंजी जोखिम में डालना सही नहीं है. उन्होंने यह भी सलाह दी है कि निवेश के लिए कर्ज न लें और उतना ही पैसा बाजार में लगाएं, जितना नुकसान होने पर भी आप संभाल सकें.
बाजार की समझ नहीं तो म्यूचुअल फंड चुनें
जिन लोगों के पास कंपनियों, बाजार और अर्थव्यवस्था पर नजर रखने का समय या जानकारी नहीं है, उनके लिए चौहान ने म्यूचुअल फंड में निवेश करने की सलाह दी. ऐसे निवेशक प्रोफेशनल फंड मैनेजर, निवेश सलाहकार या पोर्टफोलियो मैनेजर की मदद भी ले सकते हैं. उन्होंने इसकी तुलना हेल्थकेयर से करते हुए कहा कि जिस तरह लोग खुद इलाज करने के बजाय डॉक्टर के पास जाते हैं, उसी तरह निवेश के लिए भी एक्सपर्ट की मदद लेना बेहतर है.
AI में निवेश को लेकर भी दी चेतावनी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और भारतीय बाजार में इसके बढ़ते असर पर चौहान ने 1990 के दशक के टेक बूम का उदाहरण देते हुए कहा कि मौजूदा AI दौर में भी इंटरनेट के शुरुआती निवेश दौर जैसी स्थिति दिख रही है. 1998 से 2000 के डॉट-कॉम बूम की तरह AI आने वाले सालों में बड़े मौके दे सकता है, लेकिन शुरुआती उत्साह में कंपनियों से बहुत ज्यादा उम्मीदें लगाना और उनकी कीमतें बढ़ जाना बाद में गिरावट की वजह भी बन सकता है. इसलिए निवेशकों को यह नहीं मानना चाहिए कि AI का पूरा फायदा सिर्फ कुछ चुनिंदा कंपनियों को ही मिलेगा.
यह भी पढ़ें | भारतीय शेयर बाजार दुनियाभर में बेस्ट, फिर विदेशी निवेशक क्यों कर रहे हैं बिकवाली? SEBI चीफ ने बताई असली वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं