आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में एक और बड़ी कंपनी शेयर बाजार में उतर चुकी है. ChatGPT को टक्कर देने वाले AI चैटबॉट Claude की पैरेंट कंपनी Anthropic ने अपने IPO के जरिए 81.3 अरब डॉलर जुटाए हैं. कंपनी ने प्रति शेयर 83 डॉलर का इश्यू प्राइस तय किया, जो उसके पहले तय 70 से 78 डॉलर के दायरे से ज्यादा है.
कंपनी की अगुवाई CEO डारियो अमोडेई कर रहे हैं. इस IPO के साथ Anthropic ने अब तक के सबसे बड़े शेयर बाजार डेब्यू का रिकॉर्ड बनाने का दावा किया है. इससे पहले ये रिकॉर्ड SpaceX के नाम बताया गया था.
AI सेक्टर में तेजी के बीच दुनिया भर के निवेशकों की नजर इस कंपनी पर है. भारत के निवेशक भी इसमें पैसा लगाने का मौका तलाश रहे हैं. खासकर वे निवेशक, जो Nvidia जैसी कंपनियों की शुरुआती तेजी का फायदा नहीं उठा पाए. लेकिन सवाल है कि भारतीय निवेशक कैसे Anthropic के शेयर खरीद सकते हैं? और क्या इतनी बड़ी वैल्यूएशन पर इसमें पैसा लगाना समझदारी होगी?
Anthropic के शेयर कैसे खरीद सकते हैं भारतीय निवेशक?
भारतीय रिटेल निवेशक Anthropic के IPO में इश्यू प्राइस पर सीधे आवेदन नहीं कर सकते, क्योंकि भारत को इस IPO के रिटेल ऑफर में शामिल नहीं किया गया है.
हालांकि, कंपनी के शेयरों की Nasdaq पर ट्रेडिंग शुरू होने के बाद भारतीय निवेशक इन्हें खरीद सकते हैं. इसके लिए ऐसे इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना होगा, जो अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश की सुविधा देते हैं.
भारत में रहने वाले निवेशक रिजर्व बैंक की लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (LRS) के तहत विदेशों में निवेश कर सकते हैं. इस व्यवस्था के जरिए तय नियमों और सीमाओं के अधीन अमेरिकी शेयर खरीदे जा सकते हैं.
यहां बता दें कि IPO के इश्यू प्राइस पर शेयर मिलना और लिस्टिंग के बाद बाजार भाव पर शेयर खरीदना दो अलग-अलग तरीके हैं. लिस्टिंग के बाद शेयर की कीमत बढ़ भी सकती है. ऐसे में भारतीय निवेशकों को 83 डॉलर के इश्यू प्राइस पर ही शेयर मिलेंगे, इसकी गारंटी नहीं है.
कैसी कंपनी है Anthropic, करती क्या है?
Anthropic की शुरुआत 2021 में OpenAI के पूर्व रिसर्चर्स ने की थी. कंपनी का Claude चैटबॉट सीधे ChatGPT और Google Gemini को चुनौती देता है. कंपनी सब्सक्रिप्शन, एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर कॉन्ट्रैक्ट और बिजनेस व डेवलपर्स को AI सेवाएं बेचकर कमाई करती है.
कंपनी को Amazon और Google जैसी बड़ी टेक कंपनियों का समर्थन भी मिला है. AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच Anthropic को इस सेक्टर की प्रमुख कंपनियों में गिना जाता है.
लेकिन किसी अच्छी कंपनी के शेयर खरीदना और अच्छी कीमत पर निवेश करना दो अलग-अलग बातें हैं. Anthropic में निवेश का फैसला करने से पहले इसके पक्ष और जोखिम, दोनों को समझना जरूरी है.
निवेश के लिए क्या हैं प्लस पॉइंट्स?
- AI की बढ़ती मांग: दुनियाभर में कंपनियां अपने कामकाज में AI टूल का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं. इससे AI मॉडल और उनसे जुड़ी सेवाएं बनाने वाली कंपनियों के कारोबार में विस्तार की संभावना है.
- तेजी से बढ़ता कारोबार: Anthropic का रेवेन्यू तेजी से बढ़ा है. कंपनी के AI उत्पादों और एंटरप्राइज सेवाओं की मांग निवेशकों के लिए एक सकारात्मक संकेत हो सकती है.
- बड़ी टेक कंपनियों का समर्थन: Amazon और Google जैसी कंपनियों का समर्थन Anthropic के लिए अहम है. इससे कंपनी को टेक्नोलॉजी, क्लाउड और कारोबारी साझेदारियों के क्षेत्र में मदद मिल सकती है.
इन 3 जोखिमों को समझना भी जरूरी
- बहुत ज्यादा वैल्यूएशन: Anthropic की वैल्यूएशन करीब 1.4 ट्रिलियन डॉलर है. इतनी ऊंची वैल्यूएशन पर निवेशकों की उम्मीदें भी काफी बढ़ जाती हैं. ऐसे में कंपनी का कारोबार बढ़ने के बावजूद अगर नतीजे बाजार की उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे, तो शेयर में गिरावट आ सकती है.
- AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी खर्च: AI मॉडल विकसित करने और चलाने के लिए बड़े पैमाने पर कंप्यूटिंग क्षमता, चिप्स, डेटा सेंटर और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होती है. Anthropic भी इस दिशा में भारी निवेश कर रही है. अगर AI सेवाओं की मांग धीमी पड़ी तो कंपनी की वित्तीय स्थिति पर दबाव भी पड़ सकता है.
- OpenAI और Google से कड़ी टक्कर: AI की रेस में Anthropic अकेली नहीं है. OpenAI, Google, Meta और दूसरी टेक कंपनियां भी इस क्षेत्र में अरबों डॉलर निवेश कर रही हैं. ऐसे में इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि आज की अग्रणी कंपनियां अगले पांच साल तक भी बाजार में अपनी बढ़त बनाए रखेंगी.
Anthropic में निवेश के जरिए भारतीय निवेशकों को दुनिया की प्रमुख AI कंपनियों में हिस्सेदारी लेने का मौका मिल सकता है. लेकिन इसे कम जोखिम वाला निवेश नहीं माना जा सकता. एक्सपर्ट्स का मानना है कि जो लॉन्ग टर्म निवेशक हैं और रिस्क उठा सकते हैं, वे लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर पर नजर रख सकते हैं.
यह भी पढ़ें | Anthropic IPO: इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ, आज लिस्ट होते ही अरबपति हो जाएंगे 7 को-फाउंडर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं