1 करोड़ रुपए का फंड बनाना आज भी ज्यादातर लोगों के लिए सपने जैसा है. कई लोगों को लगता है कि इसके लिए हर महीने हर महीने बहुत मोटी सैलरी या भारी-भरकम निवेश की जरूरत होती है. लेकिन ऐसा नहीं है. फाइनेंस एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर आप सही समय पर निवेश की शुरुआत करते हैं और बिना रुके पूरी ईमानदारी से हर महीने एक छोटी रकम भी लगाते हैं,और लंबे समय तक निवेश बनाए रखते हैं तो म्यूचुअल फंड की सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी SIP आपको आसानी से करोड़पति बना सकती है.
आइए आज बेहद आसान कैलकुलेशन से समझते हैं कि हर महीने 10,000 रुपए की SIP करके 1 करोड़ रुपए का फंड बनाने में कितना समय लग सकता है.
कैसे बनेगा 1 करोड़ रुपए का फंड?
अगर कोई निवेशक हर महीने 10,000 रुपए की म्यूचुअल फंड में सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) निवेश करता है और उसे औसतन 12 फीसदी सालाना रिटर्न मिलता है, तो करीब 39 साल में उसका कुल फंड 1 करोड़ रुपए के पार पहुंच सकता है.
इस दौरान निवेशक अपनी जेब से कुल 46.80 लाख रुपए निवेश करेगा. वहीं 12 फीसदी के अनुमानित सालाना रिटर्न और कंपाउंडिंग का फायदा मिलने पर उसे करीब 54.70 लाख रुपए का अनुमानित रिटर्न मिल सकता है. इस तरह 39 साल बाद उसका कुल फंड करीब 1.01 करोड़ रुपए हो सकता है.
बता दें कि यह कैलकुलेशन 12 फीसदी के अनुमानित सालाना रिटर्न के आधार पर की गई है. म्यूचुअल फंड का रिटर्न बाजार से जुड़ा होता है. इसलिए भविष्य में मिलने वाला असली रिटर्न इससे ज्यादा या कम भी भी हो सकता है
लंबे समय तक निवेश क्यों जरूरी है?
SIP में सबसे बड़ी ताकत कंपाउंडिंग की होती है. यानी आपके निवेश पर मिलने वाला रिटर्न भी समय के साथ कमाई करना शुरू कर देता है. यही वजह है कि जितनी जल्दी आप निवेश शुरू करेंगे, आपके पैसे को बढ़ने का उतना ज्यादा समय मिलेगा.अगर आप कुछ साल बाद SIP शुरू करते हैं, तो उसी 1 करोड रुपए के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए या तो ज्यादा समय लगेगा या फिर हर महीने ज्यादा रकम निवेश करनी पड़ेगी.
बाजार में गिरावट के बीच SIP क्यों नहीं बंद करना चाहिए?
जानकारों का कहना है कि केवल अच्छा रिटर्न मिलने की उम्मीद करना काफी नहीं है. सबसे जरूरी बात यह है कि हर महीने बिना रुके SIP जारी रखी जाए. बाजार में गिरावट आने पर घबराकर निवेश बंद नहीं करना चाहिए. लंबे समय तक लगातार निवेश करने और कंपाउंडिंग का फायदा लेने से ही बड़ा फंड तैयार होता है.
(नोट- ये सिर्फ एक सामान्य जानकारी है. किसी भी तरह के निवेश से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें वरना आपको नुकसान झेलना पड़ सकता है.)
ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी कितनी बढ़ेगी? फिटमेंट फैक्टर से अगली बैठकों तक, जानें 10 बड़े अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं