- लखनऊ में ED का नया मुख्यालय बनेगा, चक गजरिया में हुआ 'प्रवर्तन भवन' का शिलान्यास
- दो एकड़ में बनेगा ED का आधुनिक कार्यालय, फरवरी 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य
- राहुल नवीन ने रखी नए प्रवर्तन भवन की नींव, लखनऊ में बढ़ेगा ED का इंफ्रास्ट्रक्चर
उत्तर प्रदेश में आर्थिक अपराधों और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की जांच करने वाली केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) को जल्द ही राजधानी लखनऊ में नया और आधुनिक जोनल कार्यालय मिलने जा रहा है. चक गजरिया इलाके में बनने वाले 'प्रवर्तन भवन' का बुधवार को भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया. ED के निदेशक राहुल नवीन ने इसकी आधारशिला रखी. करीब दो एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाला यह भवन एजेंसी के प्रशासनिक और जांच संबंधी कार्यों को अधिक व्यवस्थित, तकनीकी रूप से सक्षम और आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
चक गजरिया में बनेगा आधुनिक प्रवर्तन भवन, फरवरी 2029 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
अधिकारियों ने NDTV को बताया कि प्रवर्तन निदेशालय का नया जोनल कार्यालय लखनऊ के चक गजरिया क्षेत्र में बनाया जाएगा. इस भवन का नाम ‘प्रवर्तन भवन' रखा गया है. भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में ED के निदेशक राहुल नवीन के साथ केंद्रीय एजेंसी के सीनियर अफसर और केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) के अधिकारी मौजूद रहे. यह भवन उत्तर प्रदेश में ED के कार्यों को अधिक व्यवस्थित और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
अधिकारियों को एकीकृत कार्यालय परिसर मिलने से जांच, समन्वय और प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.
2022 में शुरू हुई थी जमीन आवंटन प्रक्रिया, उत्तर प्रदेश में बनेगा ED की गतिविधियों का अहम केंद्र
प्रवर्तन भवन के लिए जमीन आवंटित करने की प्रक्रिया जनवरी 2022 में शुरू हुई थी. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने चक गजरिया क्षेत्र में इस परियोजना के लिए दो एकड़ भूमि आवंटित की थी. इसके बाद 1 जनवरी 2024 को राजस्व विभाग ने जमीन की खरीद को मंजूरी प्रदान की. सभी प्रशासनिक और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है.
यहां से वित्तीय अनियमितताओं, आर्थिक अपराधों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच तथा प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन किया जाता है.
अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
दो एकड़ भूमि पर बनने वाला नया प्रवर्तन भवन अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आधुनिक कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगा. भवन में प्रशासनिक, तकनीकी और जांच से संबंधित कार्यों की जरूरतों को ध्यान में रखकर आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. सरकारी सूत्रों के अनुसार यह परियोजना एजेंसी की संस्थागत क्षमता को मजबूत करने और उत्तर प्रदेश में उसके संचालन को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
यह भी पढ़ें :गुवाहाटी में ED की बड़ी बैठक, 500 चार्जशीट दाखिल करने का टारगेट, नॉर्थ ईस्ट पर खास फोकस क्यों?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं