विज्ञापन

शेयर मार्केट में बीते हफ्ते लौटी रौनक, टॉप कंपनियों ने कमाए 2 लाख करोड़, एयरटेल और LIC ने मारी बाजी

घरेलू निवेशकों की खरीदारी की बदौलत पिछले हफ्ते भारत की टॉप 10 कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 2.15 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया. एयरटेल और एलआईसी को सबसे ज्यादा फायदा हुआ. हालांकि टीसीएस को नुकसान झेलना पड़ा.

शेयर मार्केट में बीते हफ्ते लौटी रौनक, टॉप कंपनियों ने कमाए 2 लाख करोड़, एयरटेल और LIC ने मारी बाजी
अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते को देखते हुए बीते हफ्ते मार्केट में तेजी का माहौल देखने को मिला.
NDTV Profit

अमेरिका-ईरान के बीच जंग खत्म होने से भारतीय शेयर मार्केट में बीते हफ्ते जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली. इस खरीदारी का सबसे बड़ा फायदा देश की बड़ी कंपनियों को हुआ. भारत की टॉप 10 कंपनियों में से 9 का मार्केट कैप 2.15 लाख करोड़ हो गया. जंग खत्म होने से कच्चे तेल की कीमतें भी नीचे आईं, जिससे डॉलर इंडेक्स से निकलकर निवेशकों ने भारतीय मार्केट का रुख किया. 

एयरटेल के साथ एलआईसी ने किया कमाल

बीते हफ्ते की तेजी में टेलीकॉम सेक्टर की कंपनी एयरटेल ने सभी को पीछे कर दिया. एयरटेल का मार्केट कैप सभी से ज्यादा 52,432 करोड़ रुपये बढ़कर 11.63 लाख करोड़ पर जा पहुंचा. इसी बीच सरकारी कंपनी एलआईसी भी पीछे नहीं रही. कंपनी की मार्केट वैल्यू 51,432 करोड़ रुपये चढ़कर 5.57 लाख करोड़ रुपये पर रही. 

बैंकिंग के साथ फाइनेंस सेक्टर में भी बढ़त

मार्केट में आई इस तेजी का असर बैंकिंग के साथ फाइनेंस सेक्टर पर रहा. चाहें बजाज फाइनेंस हो या लार्सन एंड टुब्रो, सभी के मार्केट कैप में पिछले महीने के मुकाबले अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है. 

  • बजाज फाइनेंस की मार्केट वैल्यू 26,553.71 करोड़ बढ़कर 5.99 लाख करोड़ रुपये हो गई
  • लार्सन एंड टुब्रो ने 21,929.12 करोड़ जोड़े, जिससे इसका मार्केट कैप 5.79 लाख करोड़ रुपये हो गया
  • स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक का मार्केट कैप 16,753.57 करोड़ बढ़कर 9.55 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया
  •  प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक की वैल्यू 11,948.72 करोड़ बढ़कर 12.01 लाख करोड़ रुपये हो गई
  • इसके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर ने 6,661.10 करोड़ और आईसीआईसीआई बैंक ने 4,724.22 करोड़ रुपये की बढ़त हासिल की.

सिर्फ टीसीएस कंपनी को हुआ नुकसान

बीते हफ्ते आईटी सेक्टर में बिकवाली का दौर देखा गया. नतीजन टीसीएस इकलौती ऐसी कंपनी रही, जिसे मार्केट कैप के मामले में नुकसान उठाना पड़ा. एक्सेंचर के अपनी ग्रोथ गाइडेंस कम किए जाने के बाद आईटी सेक्टर पर प्रेशर बना रहा. ऐसे में टीसीएस का मार्केट कैप 12,699.49 करोड़ घटकर 7.69 लाख करोड़ रुपये रह गया.

सेंसेक्स और निफ्टी का हाल जान लीजिए

बीते हफ्ते में 4 दिन बाजार हरे निशान पर कारोबार करता दिखाई दिया. इस दौरान सेंसेक्स 1200 अंक यानी 1.68% उछला तो निफ्टी करीब 400 अंक यानी 1.65% की मजबूती के साथ 24,013 के बड़े लेवल पर बंद हुआ. एक्सपर्ट कह चुके हैं कि अगर ग्लोबल मार्केट में पॉजिटिव साइन बरकरार रहते हैं तो आने वाले समय में भारतीय मार्केट नए रिकॉर्ड बना सकता है.

ये भी पढ़ें- प्रॉपर्टी मार्केट में AI का धमाका! अब 50% तेजी से बिकेंगे घर, प्रोजेक्ट लॉन्चिंग का समय भी घटेगा

लेखक के बारे में
img
शुभम उपाध्याय
shubham.upadhyay@ndtv.com
साल 2018 से पत्रकारिता जारी है. इंडिया टुडे ग्रुप (बिज तक), न्यूज नेशन, न्यूज 24 और अमर उजाला के बाद सफर एनडीटीवी आ पहुंचा है. यहां बतौर प्रोड्यूसर का... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Stock Market, Market Cap Increase
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com