विज्ञापन

असम में अदाणी ग्रुप का बड़ा दांव: ₹48,000 करोड़ के पावर प्लांट का शिलान्यास, जीत अदाणी ने बताया मेगा रोडमैप

Adani Group Assam Investment: असम के धुबरी में 3,200 मेगावाट के विशाल पावर प्लांट के शिलान्यास पर जीत अदाणी ने सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के काम करने के अनोखे अंदाज की खुलकर तारीफ की. 

असम में अदाणी ग्रुप का बड़ा दांव: ₹48,000 करोड़ के पावर प्लांट का शिलान्यास, जीत अदाणी ने बताया मेगा रोडमैप
Jeet Adani On Assam investment: जीत अदाणी ने धुबरी में की 3,200 MW पावर प्लांट की शुरुआत

असम के धुबरी में अदाणी पावर के 3,200 मेगावाट क्षमता वाले पावर प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया. यह एक अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्रोजेक्ट होगा.इस मौके पर अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जीत अदाणी ने असम में अपने ग्रुप के निवेश और आगे की योजनाओं के बारे में बात की.जीत अदाणी ने कहा कि पिछले 5 साल में वह करीब 40 बार असम आ चुके हैं. उन्होंने कहा, "आज इस धरती पर आप सभी के बीच आना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है."

उन्होंने कहा कि असम की असली पहचान यहां के लोगों के अपनापन और उनकी मजबूत इच्छाशक्ति से है. पिछले कुछ वर्षों में पूरे नॉर्थ ईस्ट में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. यह इलाका पहले अपनी खूबसूरती और संस्कृति के लिए जाना जाता था, लेकिन अब इसकी पहचान  इकोनामिक ग्रोथ इंफ्रास्ट्रक्चर और देश के बड़े प्रोजेक्ट्स के नए सेंटर के तौर पर भी बन रही है.

जीत अदाणी ने की CM हिमंत बिस्वा सरमा की तारीफ

जीत अदाणी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के काम करने के तरीके की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसी प्रोजेक्ट को सिर्फ फाइल या प्रेजेंटेशन तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि उसे जल्द से जल्द जमीन पर देखना चाहते हैं.उनके मुताबिक, हिमंत बिस्वा सरमा के फैसलों में तेजी है और नई चीजों को आगे बढ़ाने की कोशिश भी साफ दिखती है.जीत अदाणी के मुताबिक, सरकार का यह तरीका निवेशकों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है.
 

जीत अदाणी ने कहा, "हिमंत दा की एनर्जी और स्पीड बिल्कुल Gen Z वाली है."उन्होंने आगे कहा कि भले ही हिमंत बिस्वा सरमा असम के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उनका वर्किंग स्टाइल देखकर कई बार एक सीईओ जैसी लगती है. वह हर प्रोजेक्ट की ग्रोथ, डेडलाइन और काम पूरा होने पर नजर रखते हैं.

अदाणी ग्रुप नॉर्थ ईस्ट में  करेगा ₹1 लाख करोड़ का निवेश

जीत अदाणी ने कहा कि पिछले साल राइजिंग नॉर्थईस्ट ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में गौतम अदाणी ने अगले 10 साल में नॉर्थ ईस्ट में ₹1 लाख करोड़ तक निवेश करने की घोषणा की थी.उन्होंने कहा कि इस दिशा में असम में करीब ₹80,000 करोड़ का निवेश पहले ही किया जा चुका है. उनके मुताबिक, सिर्फ निवेश  नहीं  बल्कि अदाणी ग्रुप का फोकस स्थानीय रोजगार, स्थानीय कारोबार और समुदाय को विकास से जोड़ने पर भी है.

3,200 MW प्लांट से हजारों रोजगार

₹48,000 करोड़ की लागत वाला 3,200 मेगावाट का थर्मल पावर प्रोजेक्ट आने वाले वर्षों में नॉर्थ ईस्ट की सबसे बड़ी बिजली उत्पादन परियोजनाओं में शामिल होगा. इससे उद्योगों और कारोबार को बिजली मिलेगी और घरों तक किफायती बिजली पहुंचाने में मदद मिलेगी.प्रोजेक्ट के निर्माण के दौरान हजारों कर्मचारी, इंजीनियर, टेकनीशियन, ठेकेदार और सप्लायर जुड़ेंगे.

जीत अदाणी ने बताया कि असम में पहले ही 4-5 जॉब ड्राइव हो चुके हैं और करीब 4,500 स्थानीय युवाओं को नौकरी मिल चुकी है. उन्होंने कहा कि असम में अदाणी समूह के अलग-अलग कारोबार से करीब 40,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनेंगे.

'असम बन सकता है Battery of India'

जीत अदाणी ने कहा कि असम के लिए अदाणी समूह की योजना सिर्फ थर्मल पावर तक सीमित नहीं है. राज्य के पास पानी के संसाधन, नवीकरणीय ऊर्जा की क्षमता और रणनीतिक लोकेशन जैसी कई खूबियां हैं.उनके मुताबिक, आने वाले वर्षों में असम सिर्फ अपनी बिजली जरूरतें पूरी करने वाला राज्य नहीं रहेगा, बल्कि देश की ऊर्जा जरूरतों में भी बड़ी भूमिका निभा सकता है. उन्होंने असम को "Battery of India" बनने की क्षमता वाला राज्य बताया.

गुवाहाटी एयरपोर्ट को लेकर भी बड़ा प्लान

अदाणी समूह गुवाहाटी एयरपोर्ट का डेवलपमेंट और ऑपरेशन भी कर रहा है. जीत अदाणी ने कहा कि यह एयरपोर्ट सिर्फ यात्रियों के आने-जाने की जगह नहीं है, बल्कि पूरे नॉर्थ ईस्ट को कारोबार, बाजार और दुनिया से जोड़ने वाला अहम गेटवे है.

गुवाहाटी एयरपोर्ट सिटी को मिक्स्ड-यूज कमर्शियल हब के तौर पर डेवलप किया जा रहा है. पहले स्टेज में एक प्रीमियम और एक मिड-स्केल होटल के साथ रिटेल, फूड, बेवरेज और एंटरटेनमेंट जोन डेवलप किए जा रहे हैं.

पावर से आगे भी कई सेक्टर में अदाणी समूह का दांव

जीत अदाणी ने कहा कि असम में अदाणी समूह पावर और एयरपोर्ट ही नहीं बल्कि स्मार्ट मीटर, सीमेंट, कनेक्टिविटी और एमआरओ यानी मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल जैसी सर्विस में भी काम कर रहा है.उन्होंने कहा कि कारोबार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन मकसद एक ही है  ...ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना जो विकास को तेज करे और स्थानीय लोगों के लिए लंबे समय तक अवसर बनाए.

'असम हमारे लिए दूसरा घर': जीत अदाणी

जीत अदाणी ने कहा कि असम से उनका रिश्ता सिर्फ कारोबार तक सीमित नहीं है. पिछले कुछ वर्षों में उन्हें यहां के लोगों से बहुत अपनापन और प्यार मिला है. उन्होंने कहा कि असम अब उनके लिए दूसरे घर जैसा बन गया है.अदाणी फाउंडेशन भी राज्य में स्थानीय लोगों के साथ काम कर रहा है. हाल की बाढ़ के दौरान सिवसागर और धेमाजी के प्रभावित परिवारों तक टीमों ने मदद पहुंचाई. कामरूप में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्किल डेवलपमेंट पर भी काम किया जा रहा है.

गुवाहाटी एयरपोर्ट स्कूल में पढ़ने वाले 414 बच्चों का जिक्र करते हुए जीत अदाणी ने कहा कि इनमें कई बच्चे अपने परिवार की पहली पीढ़ी के ऐसे छात्र हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं. उनका कहना है कि इन बच्चों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के उतने ही मौके मिलने चाहिए.उन्होंने असम के लोगों से कहा कि अदाणी समूह यहां सिर्फ कारोबार करने नहीं आया है. समूह खुद को स्थानीय समुदाय का हिस्सा मानता है और राज्य के विकास के साथ आगे बढ़ना चाहता है.

ये भी पढ़ें- ITR Refund: सरकार ने ₹2.20 लाख करोड़ का रिफंड किया जारी, फिर भी क्यों अटका है आपका पैसा? जानें वजह

(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Adani Group, Jeet Adani, Assam Power Project, Assam Investment Projects, Guwahati Airport
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com