विज्ञापन

IDBI Bank Deal: बैंक खरीदने वाली Fairfax कनाडा की कंपनी, मालिक हैं इंडियन, भारत में फैला है कारोबार, नाम के पीछे की कहानी भी दिलचस्‍प

IDBI Bank Privatization:भारत में एयरपोर्ट, बीमा, ट्रैवल जैसे सेक्‍टर्स में अपनी जगह बना चुकी कंपनी फेयरफैक्स अब IDBI बैंक में 60% से ज्‍यादा हिस्सेदारी खरीद रही है. कनाडा की ये कंपनी एक भारतीय शख्‍स की है. पूरी कहानी यहां.

IDBI Bank Deal: बैंक खरीदने वाली Fairfax कनाडा की कंपनी, मालिक हैं इंडियन, भारत में फैला है कारोबार, नाम के पीछे की कहानी भी दिलचस्‍प
बेंगलुरु एयरपोर्ट से IDBI बैंक तक, भारत में कैसे फैल रहा Fairfax का कारोबार?
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

लंबे समय से चल रहे प्रयासों के बाद IDBI बैंक के विनिवेश को सरकार ने मंजूरी दे दी है. कनाडा की फाइनेंशियल कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स ने ये डील अपने नाम की है. कंपनी ने 52,878 करोड़ रुपये की मेगा डील में बैंक की 60 फीसदी से ज्‍यादा हिस्‍सेदारी हासिल कर ली है. इसी के साथ बैंकिंग और इंफ्रा सेक्‍टर में कंपनी ने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है.  भारतीय मूल के कारोबारी प्रेम वत्स इस कंपनी के फाउंडर और चेयरमैन हैं.  

यह अधिग्रहण न केवल फेयरफैक्स की कुल संपत्ति के आकार से बड़ा है, बल्कि यह भारत के वित्तीय और कॉर्पोरेट जगत में किसी विदेशी निवेशक के सबसे बड़े रणनीतिक कदमों में से एक है. इससे पहले कंपनी ने CSB बैंक के अधिग्रहण के साथ भारतीय बैंकिंग सेक्‍टर में एंट्री मारी थी, जबकि इंफ्रा और सर्विस सेक्‍टर की बात करें तो फेयरफैक्‍स, बेंगलुरु एयरपोर्ट और थॉमस कुक इंडिया जैसी बड़ी कंपनियों का संचालन कर रही है.

भारत में किसी विदेशी निवेशक की रणनीति को समझने के लिए सिर्फ ये देखना काफी नहीं है कि उसने किस कंपनी में कितने रुपये लगाए. ये भी देखना पड़ता है कि उसने किन कारोबारों को चुना, कितने समय तक निवेश बनाए रखा और अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी कैसे बढ़ाई.

IDBI बैंक में 60 फीसदी से ज्‍यादा हिस्‍सेदारी खरीदने वाली कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स (Fairfax Financial Holdings) की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. कंपनी भले ही कनाडा की है, लेकिन इसके मालिक प्रेम वत्‍स, भारतीय हैं. अपने हैदराबाद के ही हैं.

भारत में लंबे समय के निवेश के लिए बनाए गए इस निवेश माध्यम की मौजूदगी एयरपोर्ट, इंश्‍योरेंस, ट्रैवल और वित्तीय सेवाओं जैसे क्षेत्रों में है. अब इसकी मूल कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स IDBI बैंक में कंट्रोंलिंग हिस्सेदारी खरीदने जा रही है. सरकार ने 52,878 करोड़ रुपये की इस डील को मंजूरी दी है.

इस डील का एक दिलचस्प पहलू इसके आकार से जुड़ा है. जून 2026 के अंत में फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स की कुल संपत्ति 3.76 बिलियन डॉलर और कुल इक्विटी 2.94 बिलियन डॉलर थी. वहीं, IDBI बैंक की डील करीब 5.6 बिलियन डॉलर की बैठती है.

यानी IDBI बैंक की डील की रकम फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स की कुल संपत्ति से भी बड़ी है. हालांकि, किसी निवेश कंपनी की संपत्ति और अधिग्रहण की कीमत की तुलना करना, अलग-अलग फाइनेंशियल पैमाना है. 

Latest and Breaking News on NDTV

कंपनी के नाम के पीछे की कहानी है दिलचस्‍प 

फेयरफैक्स फाइनेंशियल कनाडा के टोरंटो में मुख्यालय वाला वित्तीय समूह है. इसकी स्थापना 1985 में प्रेम वत्स ने की थी. समूह का मुख्य कारोबार संपत्ति और दुर्घटना बीमा, री-इंश्‍योरेंस और इन्‍वेस्‍टमेंट मैनेजमेंट से जुड़ा है.

साल 1950 में हैदराबाद में जन्‍मे प्रेम वत्स IIT मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग के बाद पढ़ने के लिए कनाडा गए थे. साल था- 1971 वहां उन्होंने वेस्टर्न ओंटारियो यूनिवर्सिटी के बिजनेस स्कूल से MBA में एडमिशन लिया. पढ़ाई के साथ रहने-खाने का इंतजाम करना था. उन्‍होंने घूम-घूम कर सामान बेचे. नौकरी की.  साल 1974 में कन्फेडरेशन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में स्टॉक पोर्टफोलियो मैनेजर के तौर पर काम किया. 

फिर करीब एक दशक बाद, 1984 में उन्होंने हैम्ब्लिन वत्स इन्वेस्टमेंट काउंसिल बनाई. 1985 में एक छोटी कनाडाई बीमा कंपनी का नियंत्रण हासिल किया और उसका नाम बदलकर फेयरफैक्स फाइनेंशियल रखा. 

फेयरफैक्स नाम के पीछे 'फेयर' और 'फ्रेंडली एक्विजिशंस' यानी निष्पक्ष और सहयोगपूर्ण अधिग्रहण की सोच बताइ जाती है. आगे चलकर कंपनी की पहचान बीमा कारोबार और लॉन्‍ग टर्म निवेश के जरिए कारोबार बढ़ाने की स्‍ट्रैटजी से जुड़ी.  

Latest and Breaking News on NDTV

भारत में निवेश के लिए अलग मंच  

जनवरी 2015 में फेयरफैक्स ने भारत में लंबी अवधि के निवेश के लिए फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स कॉरपोरेशन की शुरुआत की. इसके लिए करीब 1 बिलियन डॉलर जुटाए गए थे. इसका मकसद भारतीय कंपनियों में निवेश के अवसर तलाशना और लंबे समय में कारोबार का मूल्य बढ़ाना था.

भारत में समूह की शुरुआती बड़ी मौजूदगी थॉमस कुक इंडिया के जरिए बनी. फेयरफैक्स ने कंपनी में 77% हिस्सेदारी खरीदी थी, जो बाद में घटकर 68% हुई. मार्च 2026 के अंत में कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 63.83% बताई गई थी.

इस निवेश से फेयरफैक्स की भारत में मौजूदगी ट्रैवल और संबंधित सेवाओं तक पहुंची. आगे चलकर समूह ने दूसरे क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ाया.

 बेंगलुरु एयरपोर्ट बना पोर्टफोलियो का अहम हिस्सा

फेयरफैक्स इंडिया के निवेश में बेंगलुरु का केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट खास जगह रखता है. एयरपोर्ट का संचालन बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (BIAL) करती है.

फॉर्चयून की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फेयरफैक्स ने सीमेंस से 255 मिलियन डॉलर में अतिरिक्त 10% हिस्सेदारी खरीदी. इसके बाद एयरपोर्ट ऑपरेटर में उसकी हिस्सेदारी 64% से बढ़कर 74% हो गई.

Latest and Breaking News on NDTV

इस निवेश की एक खास बात एयरपोर्ट का लंबा कंसेशन पीरियड है. इससे एयरपोर्ट का निवेश और संचालन लंबे समय की कारोबारी योजना से जुड़ता है.

एयरपोर्ट जैसे कारोबार में निवेश का आकलन सिर्फ मौजूदा कमाई से नहीं किया जाता. यात्री संख्या, क्षमता विस्तार, परिचालन लागत और भविष्य की मांग भी अहम होती है. इसलिए फेयरफैक्स के लिए ये निवेश भारत के इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर कारोबार में लंबी अवधि की मौजूदगी का उदाहरण है.

बीमा और वित्तीय सेवाओं में भी निवेश

फेयरफैक्स का भारतीय पोर्टफोलियो सिर्फ एयरपोर्ट और ट्रैवल कारोबार तक सीमित नहीं है. समूह का निवेश क्वेस कॉर्प, गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस और आईआईएफएल से जुड़े कारोबारों में भी रहा है.

मई में फेयरफैक्स इंडिया ने आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज में अपनी हिस्सेदारी 51% तक बढ़ाने के लिए 211 मिलियन डॉलर के निवेश पर सहमति जताई थी.

गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस में फेयरफैक्स से जुड़ी एफएएल कॉरपोरेशन की विलय के बाद 57.28% हिस्सेदारी होने की जानकारी दी गई है.

इन निवेशों से पता चलता है कि समूह ने भारत में अलग-अलग तरह के कारोबारों में अपनी मौजूदगी बनाई है. ट्रैवल और एयरपोर्ट से लेकर बीमा और वित्तीय सेवाओं तक, इन क्षेत्रों की कमाई, जोखिम और कारोबारी जरूरतें अलग-अलग हैं.

हालांकि, फेयरफैक्स हर निवेश को हमेशा अपने पास नहीं रखता. अप्रैल में उसने सन्मार केमिकल एंटरप्राइजेज में अपनी पूरी इक्विटी हिस्सेदारी 248 करोड़ रुपये में बेच दी थी. इससे स्पष्ट होता है कि समूह के पोर्टफोलियो में समय के साथ बदलाव भी होते रहते हैं.

 CSB बैंक के बाद अब IDBI बैंक पर बड़ा दांव

भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में फेयरफैक्स पहले भी बड़ा कदम उठा चुका है. साल 2018 में भारतीय रिजर्व बैंक ने उसे CSB बैंक में 51% तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी थी. इसके बाद CSB बैंक किसी विदेशी निवेशक के बहुमत स्वामित्व में आने वाला पहला भारतीय बैंक बना.

फेयरफैक्स ने उस समय 140 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से निवेश किया था. जून 2024 में नियामकीय नियमों का पालन करने के लिए उसने CSB बैंक में 9.7% हिस्सेदारी बेची. इसके बाद उसकी हिस्सेदारी 49.72% से घटकर 40% रह गई.

अब IDBI बैंक की डील फेयरफैक्स के भारतीय बैंकिंग कारोबार का आकार बदल सकती है.

Latest and Breaking News on NDTV

CSB बैंक का कारोबार जून 2026 तिमाही के अंत का है, जबकि IDBI बैंक के मुनाफे का आंकड़ा पूरे वित्त वर्ष 2025-26 का है. इसलिए इन आंकड़ों को एक ही अवधि का सीधा तुलनात्मक आकलन नहीं माना जाना चाहिए.

फिर भी, उपलब्ध आंकड़े IDBI बैंक के बड़े कारोबारी आकार को दिखाते हैं. इस अधिग्रहण से फेयरफैक्स को भारत में बड़े बैंकिंग नेटवर्क, ग्राहक आधार और वित्तीय सेवाओं के विस्तार का अवसर मिल सकता है.

 52,878 करोड़ रुपये की डील के बाद आगे का सफर  

केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) IDBI बैंक में अपनी कुल 60.72% हिस्सेदारी फेयरफैक्स की सहयोगी कंपनी 10955230 Canada Inc. को बेचेंगे. इसके लिए 81 रुपये प्रति शेयर की बोली मंजूर हुई है, जो 75.99 रुपये प्रति शेयर के बेंचमार्क से अधिक है.

हालांकि, डील की मंजूरी और उसका पूरा होना दो अलग चरण हैं. डील को पूरा करने के लिए RBI की फिट-एंड-प्रॉपर जांच और दूसरे जरूरी रेगुलेटरी अनुमोदन अहम होंगे.

रिपोर्ट के मुताबिक, फेयरफैक्स को 2 साल के भीतर CSB  बैंक का IDBI बैंक में विलय भी करना होगा. अगर ये डील पूरी होती है तो फेयरफैक्स के सामने अपने मौजूदा भारतीय बैंकिंग निवेश और IDBI बैंक के कारोबार को लेकर एक नई रणनीति बनाने की चुनौती होगी. बैंक का आकार बड़ा है, इसलिए ग्राहकों का भरोसा बनाए रखना, सेवाओं को बेहतर करना भी उतना ही अहम होगा.

यह भी पढ़ें | IDBI बैंक का निजीकरण: 16 हजार कर्मचारियों का क्‍या होगा, ग्राहकों पर क्‍या असर? 10 सवाल-जवाब में पूरी जानकारी

 फेयरफैक्स के लिए भारत में अगला पड़ाव

फेयरफैक्स की भारत में निवेश यात्रा किसी एक उद्योग तक सीमित नहीं रही है. थॉमस कुक इंडिया से लेकर बेंगलुरु एयरपोर्ट, बीमा और वित्तीय सेवाओं तक समूह ने अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश किया है. CSB बैंक के बाद अब IDBI बैंक का सौदा उसके भारतीय बैंकिंग कारोबार को नई दिशा दे सकता है.

लेकिन किसी बड़े अधिग्रहण की असली परीक्षा डील के पूरा होने के बाद शुरू होती है. ये सिर्फ एक बैंक खरीदने की कहानी नहीं है. ये भारत में फेयरफैक्स के लॉन्‍ग टर्म निवेश के अगले चरण की कहानी भी है. कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने इशारा किया है कि कनाडाई कंपनियां भारत में इंफ्रा, एविएशन और एनर्जी जैसे सेक्‍टर्स में संभावनाएं देख रही हैं. 

यह भी पढ़ें | IDBI हो गया प्राइवेट बैंक, इस कंपनी ने 52878 करोड़ में खरीदी 60% हिस्‍सेदारी, 3 साल बाद बदलेगा नाम, पूरा अपडेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IDBI Bank Stake Sale, IDBI Bank Privatisation, IDBI Bank Privatization Explained, IDBI Bank Privatization IDBI Bank Stake Sale, Prem Watsa Fairfax Financial
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com