Gold-Silver Prices Today: सोने-चांदी की कीमतों में एक बार फिर से तेजी देखने को मिल रही है. अमेरिका-ईरान में पीस डील की उम्मीद से डॉलर इंडेक्स कमजोर हुआ है, जिसके बाद निवेशक सेफ हैवन कहे जाने वाले सोने-चांदी की तरफ रुख कर रहे हैं. एमसीएक्स पर सोने के साथ चांदी ने बीते दिन से अच्छी पकड़ बनाई हुई है. ऐसे में निवेशकों के मन में सवाल उठा रहा है कि कहीं ये तेजी सिर्फ दिखावे भर के लिए तो नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि पिछले दो महीनों में ऐसे मौके कई बार आए, जब सोने-चांदी की कीमतों ने रफ्तार पकड़ी लेकिन अगले ही दिन वो उससे डबल नीचे चले गए.
MCX पर सोने-चांदी की कीमतों ने पकड़ी रफ्तार
इसलिए निवेशक अब अपना फैसला किसी भी जल्दबाजी में नहीं लेना चाहते हैं. कीमतों की बात करें तो खबर लिखे जाने तक MCX पर सोना 848 रुपये की तेजी के साथ 1,53,000 रुपये/10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था. दूसरी तरफ चांदी में सोने के मुकाबले तेजी ज्यादा है. इसमें 7,900 रुपये की बढ़त आई है और एक किलो चांदी की कीमत 2,61,248 रुपये हो गई है.
कीमतों को लेकर क्या बोले एक्सपर्ट
सोने-चांदी की कीमतें कहां तक जा सकती हैं और इसका लो लेवल क्या हो सकता है, इसके लिए हमने केडिया एडवाइजरी के फाउंडर और कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया से बात की. उन्होंने बताया कि अभी के माहौल को देखते हुए सोने-चांदी की कीमतों में उछाल जारी रह सकता है. हालांकि एक बार फिर से अमेरिका-ईरान में टेंशन की बातें शुरू होती हैं तो गिरावट का दौर वापसी कर सकता है. एक्सपर्ट के अनुसार सपोर्ट सोने में 1,51,800 से 1,51,200 रुपये पर हो सकता है. रेजिस्टेंस 1,53,00 से 1,54,000 रुपये के लेवल पर दिख सकता है.
चांदी के लिए सपोर्ट 2,55,00 से 2,60,000 रुपये पर दिख सकता है. रेजिस्टेंस इसमें 2,72,000 से 2,75,000 रुपये पर हो सकता है.
6 महीने में सोने-चांदी ने कितना कमाकर दिया?
गोल्ड प्राइस इंडिया के आंकड़ों के अनुसार पिछले 6 महीने में सोने की कीमतें करीब 25 से 26% तक बढ़ी हैं. डॉलर में होता उतार-चढ़ाव, जियो पॉलिटिकल टेंशन के साथ सेफ हैवन के तौर पर इसकी डिमांड में बड़ी ग्रोथ आई है.
दूसरी तरफ चांदी की बात करें तो इसकी कीमतों में ग्रोथ तो हुई है, पर सबसे ज्यादा उतार-चढ़ाव इसमें देखा गया है. नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 तक चांदी ने 60% का रिटर्न निवेशकों को दिया है.
प्रमुख शहरों में सोने की कीमतें (24 कैरेट, प्रति 10 ग्राम)
- दिल्ली - 1,52,740
- मुंबई- 1,53,000
- कोलकाता- 1,52,800
- चेन्नई- 1,53,440
- बेंगलुरु- 1,53,120
- हैदराबाद- 1,53,240
प्रमुख शहरों में चांदी के भाव (1 किलोग्राम)
- दिल्ली- 2,70,000
- मुंबई- 2,70,000
- कोलकाता- 2,70,000
- चेन्नई- 2,75,000
- बेंगलुरु- 2,70,000
- हैदराबाद- 2,75,000
- पुणे- 2,70,000
- अहमदाबाद- 2,70,000
ग्लोबल मार्केट में भी दिखी तेजी (Gold-Silver Prices Today)
भारत के MCX मार्केट के साथ अमेरिका के COMEX में सोना 4,703 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है. वहीं, चांदी 78.17 डॉलर प्रति औंस पर है. कमजोर होते डॉलर की वजह से सोने-चांदी ने अमेरिकी बाजार में अच्छा प्रदर्शन किया है. इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भी इसके लिए एक सपोर्ट का काम किया है.
ये भी पढ़ें- Market Closing: मार्केट की तेजी पर लगा ब्रेक, गिरते बाजार में कमाल कर गए ये 5 शेयर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं