- 22 वर्षीय समीर खान के कोटक 811 बैंक खाते में तकनीकी गड़बड़ी के कारण एक अरब रुपये का लीन लग गया था
- समीर खान सीकर के सालासर बस स्टैंड स्थित निर्मल मेडिकल पॉइंट पर मासिक दस हजार रुपये वेतन पर काम कर रहे हैं
- खाते में जमा पचपन हजार रुपये का वास्तविक बैलेंस अचानक शून्य दिखने लगा
राजस्थान के सीकर में बैंक खाते से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. मेडिकल स्टोर पर 10 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करने वाले 22 वर्षीय युवक के बैंक खाते में एक अरब रुपये का लीन लग गया. इसके साथ ही खाते में जमा 55 हजार रुपये का बैलेंस भी शून्य हो गया. मोबाइल पर बैंक खाते का बैलेंस चेक करने के दौरान युवक को इसका पता चला. मामले को लेकर युवक सीकर साइबर पुलिस थाने पहुंचा, जहां उसे बैंक से संपर्क करने की सलाह दी गई. बैंक में संपर्क करने पर तकनीकी समस्या के कारण गड़बड़ी सामने आई. बैंक ने तकनीकी खामी को दूर किया, जिसके बाद सही बैलेंस वापस समीर के खाते में दिखाई देने लगा.
मामला सीकर में देव गैस गोदाम के पास रहने वाले समीर खान का है. समीर पिछले करीब 10 महीनों से सालासर बस स्टैंड स्थित निर्मल मेडिकल पॉइंट पर काम कर रहा है. बुधवार दोपहर उसे मोबाइल रिचार्ज करवाना था. इसके लिए उसने अपने कोटक 811 बैंक खाते की ऐप खोली और पिन डालकर बैलेंस चेक किया. खाते में बैलेंस शून्य देखकर वह हैरान रह गया. जब उसने खाते की डिटेल देखी तो उसमें एक अरब रुपये का लीन लगा हुआ दिखाई दिया.
खाते में एक अरब का लीन देखकर रह गया हैरान
समीर ने इस बारे में मेडिकल स्टोर संचालक धीरज शर्मा और दुकान के अन्य कर्मचारियों को बताया. इसके बाद सभी लोग मामले की जानकारी लेने के लिए सीकर साइबर पुलिस थाने पहुंचे. वहां पुलिस से संपर्क करने पर उन्हें बैंक से बात करने की सलाह दी गई. बैंक से संपर्क करने पर पता चला कि यह तकनीकी गड़बड़ी का मामला था.
समीर का कहना है कि बुधवार सुबह तक उसके बैंक खाते में करीब 55 हजार रुपये जमा थे, लेकिन दोपहर में बैलेंस चेक करने पर राशि शून्य दिखाई दी. खाते में एक अरब रुपये का लीन लगा देखकर वह खुद भी हैरान रह गया. समीर ने बैंक से उसके खाते में जमा वास्तविक राशि बहाल करने की मांग की थी, जिसके बाद तकनीकी समस्या दूर होने पर बैलेंस फिर से दिखाई देने लगा.
मेडिकल स्टोर संचालक भी हैरान
निर्मल मेडिकल पॉइंट के संचालक धीरज शर्मा ने बताया कि समीर उनके यहां जनवरी महीने से काम कर रहा है. उसे हर महीने 10 हजार रुपये वेतन दिया जाता है. बुधवार को समीर ने जब खाते में एक अरब रुपये का लीन लगने की जानकारी दी तो वे भी हैरान रह गए. उनके अनुसार, इतनी बड़ी राशि का लीन लगने का मामला उन्होंने पहले कभी नहीं सुना. वहीं, साइबर पुलिस थाने के एएसआई दीनदयाल के अनुसार, यह बैंक की किसी तकनीकी गड़बड़ी (टेक्निकल ग्लिच) का मामला हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं