Gold Silver Prices Today: ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान में हुई शांति वार्ता बेनतीजा रहने के बाद सोमवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई. वहीं घरेलू कमोडिटी मार्केट में भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई. आज 13 अप्रैल, सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान चांदी करीब 5,000 रुपये सस्ती हो गई है. वहीं सोने के दाम भी करीब 1,000 रुपये गिरे हैं. MCX पर चांदी सुबह 9:30 बजे 2.38 लाख रुपये/किलो के भाव पर ट्रेड कर रही थी, जबकि सोना 1.52 लाख रुपये/10 ग्राम के भाव पर ट्रेड करता दिखा.

MCX पर कितने गिर गए दाम?
घरेलू कमोडिट मार्केट में चांदी के दाम में बड़ी गिरावट देखी गई, जबकि सोने के दाम भी कम हुए हैं. MCX पर सुबह 10:42 बजे चांदी करीब 2% या 5,224 रुपये की गिरावट के साथ 2,38,050 रुपये/किलो के भाव पर ट्रेड करता दिखा. वहीं सोना 0.63% या 957 रुपये की गिरावट के साथ 1,51,695 रुपये/10 ग्राम के भाव पर ट्रेड करता दिखा.
आज देश के अलग-अलग शहरों में क्या भाव?
देश के अलग-अलग शहरों में सोने और चांदी की कीमतें अलग-अलग हैं. देश के 4 महानगरों की बात करें चेन्नई वर्तमान में सोने के लिए सबसे महंगा बाजार बना हुआ है, जहां 24 कैरेट सोने की कीमत 1,52,200 रुपये/10 ग्राम है. इससे उलट कोलकाता में सोने के दाम सबसे कम देखे गए हैं, जहां 24 कैरेट के लिए आपको 1,51,560 रुपये/10 ग्राम के भाव से पेमेंट करना होगा. देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई में कीमतें लगभग समान स्तर पर हैं, जहां 24 कैरेट सोने का भाव 1,51,580 और 1,51,840 रुपये/10 ग्राम के करीब बना हुआ है.
यदि हम आभूषणों के लिए सबसे ज्यादा उपयोग होने वाले 22 कैरेट (22K) सोने की बात करें, तो यहां भी चेन्नई 1,39,520 रुपये/ 10 ग्राम के साथ टॉप पर है. वहीं कोलकाता में ये 1,38,930 रुपये के निचले स्तर पर उपलब्ध है. कम बजट वाले निवेश या हल्के आभूषणों के लिए उपयोग होने वाले 18 कैरेट (18K) सोने की कीमतों में भी ऐसा पैटर्न दिख रहा है. चेन्नई में इसकी दर 1,14,150 रुपये/10 ग्राम है, जो दिल्ली के 1,13,690 रुपये और कोलकाता के 1,13,670 रुपये/10 ग्राम के मुकाबले थोड़ी ज्यादा है. जानकारों के मुताबिक, कीमतों में ये अंतर स्थानीय टैक्स, ट्रांसपोर्टेशन और क्षेत्रीय मांग में बदलाव के कारण स्पष्ट रूप से दिखाई देता है.
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कितने गिरे दाम?
COMEX पर गोल्ड 3.37 प्रतिशत गिरकर $4,626 पर आ गया. स्पॉट गोल्ड भी $30 की गिरावट के साथ $4,718.38 पर कारोबार कर रहा है. वहीं सिल्वर में 5.14 प्रतिशत की भारी गिरावट आई और यह $72.54 पर पहुंच गई.
सोने-चांदी के दाम में क्यों आई गिरावट?
- होर्मुज की नाकेबंदी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' की नाकेबंदी की घोषणा ने पश्चिम एशिया संकट को चरम पर पहुंचा दिया है.
- वार्ता की विफलता: अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में कोई प्रगति न होने से निवेशकों में डर का माहौल है.
- इक्विटी मार्केट में गिरावट: घरेलू शेयर बाजार (सेंसेक्स और निफ्टी) शुरुआती कारोबार में 2 प्रतिशत टूट गए, जबकि एशियाई बाजारों में भी 1 प्रतिशत तक की गिरावट रही.
- रुपये की कमजोरी: सोमवार को भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 55 पैसे कमजोर होकर 93.28 के स्तर पर खुला.
क्या है एक्सपर्ट की राय?
IANS की रिपोर्ट के अनुसार, विशेषज्ञों के अनुसार, COMEX गोल्ड फिलहाल $4,700–$4,750 के दायरे में कारोबार कर रहा है. यदि यह $4,650 के नीचे फिसलता है, तो कीमतें $4,600 तक जा सकती हैं. वहीं, MCX पर सोने के लिए ₹1,51,000 का स्तर एक महत्वपूर्ण सपोर्ट है. चांदी के मामले में, $75 के नीचे रहने से बाजार का रुख कमजोर बना हुआ है.
मौजूदा जियो-पॉलिटिकल टेंशन और सप्लाई चेन बाधित होने की आशंका ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है, जिससे कमोडिटी और इक्विटी दोनों बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं