EPFO की WhatsApp सर्विस के बारे में तो आप अब तक जान ही चुके होंगे. वेबसाइट पर बिना लॉगिन किए PF बैलेंस चेक करने से लेकर पासबुक डाउनलोड करने तक की सुविधा. आपको बस अपने मोबाइल में EPFO का आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर +91 8796441800 सेव करना है और Hi मैसेज करना है. बस... सेवा शुरू. डिटेल में स्टेप बाय स्टेप तरीका नीचे बताया गया है.
इस सुविधा से नौकरीपेशा लोगों के लिए अपने प्रोविडेंट फंड (PF) खाते की जानकारी हासिल करना अब पहले से आसान हो गया है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की व्हाट्सऐप सेवा के जरिए अब घर बैठे पीएफ बैलेंस चेक किया जा सकता है. इतना ही नहीं, कर्मचारी अपने खाते की पासबुक डाउनलोड करने के साथ आखिरी पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी भी ले सकते हैं. इसके लिए न तो EPFO कार्यालय जाने की जरूरत है और न ही हर बार पोर्टल पर लॉगिन करना होगा.
EPFO के आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर +91 8796441800 पर चैट शुरू करते ही आपको कई सारे विकल्प दिखते हैं, जिनमें से आप अपनी जरूरत की जानकारी हासिल कर सकते हैं. आइए समझते हैं इसका पूरा तरीका.
WhatsApp पर मिलेंगी ये 3 जरूरी सुविधाएं
EPFO की व्हाट्सऐप सेवा के जरिए फिलहाल तीन तरह की जानकारी हासिल की जा सकती है.
- PF बैलेंस: अपने अलग-अलग मेंबर आईडी से जुड़े पीएफ खाते का बैलेंस देख सकते हैं. इसमें कर्मचारी और नियोक्ता का हिस्सा, पेंशन योगदान और आखिरी बार पैसा जमा होने की तारीख की जानकारी मिलती है.
- लास्ट 5 ट्रांजैक्शंस: खाते में हुए पिछले पांच ट्रांजैक्शन देख सकते हैं. इनमें मासिक योगदान, ब्याज जमा होने और पीएफ निकासी से जुड़े लेनदेन शामिल हो सकते हैं.
- पासबुक डाउनलोड: अपने पीएफ खाते की पासबुक पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं. इसमें कर्मचारी और नियोक्ता का योगदान, पेंशन योगदान और ब्याज जमा होने की जानकारी मिलती है.

यह भी पढ़ें | PF खाते में 25 लाख हैं तो हर महीने निकाल पाएंगे 15 हजार रुपये, पूरा पैसा बढ़ता रहेगा! EPFO के नए नियम समझ लें
सबसे पहले WhatsApp पर रजिस्ट्रेशन और OTP वेरिफिकेशन
इस सेवा का इस्तेमाल करने के लिए आपका व्हाट्सऐप नंबर वही होना चाहिए, जो आपके UAN यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर के साथ रजिस्टर्ड है. EPFO इसी नंबर पर OTP भेजकर आपकी पहचान की पुष्टि करता है.
- EPFO का नंबर सेव करें: अपने मोबाइल में +91 8796441800 नंबर को EPFO के नाम से सेव कर लें.
- WhatsApp खोलें: सेव किए गए नंबर पर चैट शुरू करें और Hi लिखकर भेजें.
- भाषा चुनें: EPFO की ओर से पसंदीदा भाषा चुनने का संदेश आएगा. अपनी भाषा चुनकर Send करें.
- सर्विस का विकल्प चुनें: इसके बाद स्क्रीन पर चार विकल्प मिलेंगे- Check Balance, Last 5 Transactions, Download Passbook और Change Language.
- OTP वेरिफिकेशन करें: अपनी जरूरत के मुताबिक कोई सर्विस चुनने पर OTP वेरिफिकेशन का विकल्प आएगा. आपके EPFO खाते से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा.
- OTP दर्ज करें: WhatsApp चैट में Enter OTP विकल्प चुनें और मोबाइल पर आया OTP दर्ज करें. OTP नहीं मिलने पर Resend OTP का विकल्प चुन सकते हैं.
- वेरिफिकेशन पूरा करें: OTP सही होने पर आपको कन्फर्मेशन मैसेज मिलेगा. इसके बाद आप संबंधित सर्विस का इस्तेमाल कर सकेंगे.
यह भी पढ़ें | EPFO की मीटिंग में बड़ा फैसला, PF का पैसा बनेगा रेगुलर इनकम का जरिया, पेंशन की तरह हर महीने मिलेंगे पैसे
WhatsApp पर PF बैलेंस कैसे चेक करें?
OTP वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद पीएफ बैलेंस देखने के लिए ये प्रक्रिया अपनाएं.
- EPFO की WhatsApp चैट खोलें.
- मुख्य मेन्यू में Check Balance विकल्प चुनें.
- अगर एक से ज्यादा Member ID हैं, तो संबंधित खाते को चुनें.
- इसके बाद EPFO आपको उस खाते का बैलेंस दिखाएगा.
- इसमें कुल पीएफ बैलेंस के साथ कर्मचारी का हिस्सा, नियोक्ता का हिस्सा, पेंशन योगदान और आखिरी बार पैसा जमा होने की तारीख दिखाई देगी.
- ध्यान रखें कि चैट में दिए गए विकल्प को ही चुनना है. सिर्फ मैसेज में 'Check Balance' लिखकर भेजने से ये सर्विस शुरू नहीं होगी.

यह भी पढ़ें | PF निकालना हुआ आसान! EPFO ने बदले नियम, अब खाते से निकाल सकेंगे 90% तक रकम
WhatsApp से EPF Passbook कैसे डाउनलोड करें?
- अगर आप अपने पीएफ खाते में जमा कर्मचारी और नियोक्ता के योगदान के साथ ब्याज की जानकारी देखना चाहते हैं, तो पासबुक डाउनलोड कर सकते हैं.
- EPFO की WhatsApp चैट में जाएं.
- मेन्यू से Download Passbook विकल्प चुनें.
- एक से ज्यादा Member ID होने पर संबंधित खाते का चयन करें.
- EPFO आपको पासबुक की PDF फाइल भेजेगा.
- PDF डाउनलोड करने के बाद उसे खोलने के लिए पासवर्ड दर्ज करें.
ये पासवर्ड आपकी जन्मतिथि (DOB) होगी, जिसे DDMMYY फॉर्मेट में दर्ज करना होगा. उदाहरण के लिए, अगर जन्मतिथि 5 जनवरी 1985 है, तो पासवर्ड 050185 होगा.
पासबुक में कर्मचारी और नियोक्ता के योगदान, पेंशन योगदान और खाते में जमा ब्याज का ब्योरा मिलेगा. अगर आपके UAN से कई Member ID जुड़ी हैं, तो हर खाते की पासबुक अलग से डाउनलोड करनी होगी.
पिछले 5 PF ट्रांजैक्शंस कैसे देखें?
पीएफ खाते में हाल में कितना पैसा जमा हुआ या कब निकासी हुई, ये जानने के लिए भी WhatsApp सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- EPFO की चैट में मुख्य मेन्यू खोलें.
- Last 5 Transactions विकल्प चुनें.
- एक से ज्यादा Member ID होने पर संबंधित खाते का चयन करें.
- इसके बाद खाते के पिछले पांच ट्रांजैक्शन की तारीख और जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी.
इसमें नियोक्ता की ओर से जमा मासिक योगदान, ब्याज क्रेडिट और पीएफ निकासी जैसे लेनदेन शामिल हो सकते हैं.
इन बातों का रखना होगा ध्यान
EPFO की इस सुविधा का इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी बातें याद रखें. सबसे पहले, केवल आधिकारिक नंबर +91 8796441800 का ही इस्तेमाल करें. आपका WhatsApp नंबर वही होना चाहिए, जो EPF खाते और UAN से जुड़ा है. OTP किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा न करें. चैट में दिखाई देने वाले विकल्पों को चुनकर ही आगे बढ़ें. कभी-कभी जानकारी मिलने में कुछ मिनट का समय भी लग सकता है.
यह भी पढ़ें | अपने PF खाते में जब मर्जी, तब डालें पैसे, नौकरीपेशा ही नहीं गिग वर्कर्स के लिए फायदे की बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं