प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करने वाले करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है. EPFO की CBT मीटिंग में आज PF से जुड़े एक बड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. इसके तहत रिटायरमेंट के बाद PF का पैसा नियमित आमदनी का जरिया बन सकता है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने नौकरीपेशा लोगों के लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसके तहत कर्मचारी अपनी पूरी PF जमा राशि एक साथ निकालने के बजाय तय अंतराल पर किस्तों में पैसा ले सकेंगे.
इससे रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को अपनी जमा पूंजी से नियमित आमदनी पाने का विकल्प मिलेगा. साथ ही, PF में जमा बाकी रकम पर उनका अधिकार बना रहेगा. इस फैसले से उन लोगों को खास फायदा हो सकता है, जिन्हें रिटायरमेंट के बाद अपने खर्च चलाने के लिए हर महीने या नियमित अंतराल पर पैसों की जरूरत होती है.
क्या है EPFO का सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान?
सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान यानी SWP ऐसी व्यवस्था है, जिसमें कर्मचारी अपने PF खाते में जमा पूरी रकम एक बार में निकालने के बजाय किस्तों में निकाल सकेंगे.
- मसलन, किसी कर्मचारी के PF खाते में रिटायरमेंट के समय 30 लाख रुपये जमा हैं. मौजूदा व्यवस्था में वो पूरी रकम निकाल सकता है.
- लेकिन SWP के तहत उसे अपनी जरूरत के हिसाब से तय अंतराल पर रकम निकालने का विकल्प मिल सकता है. इससे बाकी जमा राशि खाते में बनी रहेगी.
- ये अंतराल एक महीने का भी हो सकता है. यानी कि हर महीने पेंशन की तरह एक तय रकम आपको मिलती रहेगी.
इसका मकसद रिटायरमेंट के बाद PF की जमा पूंजी को नियमित और अनुमानित आमदनी का जरिया बनाना है. यानी कर्मचारी को अपनी पूरी बचत एक साथ खर्च करने के बजाय उसे लंबे समय तक इस्तेमाल करने की सुविधा मिल सकती है.
अभी PF का पैसा निकालने का क्या नियम है?
मौजूदा व्यवस्था के मुताबिक, रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी को तीन साल के भीतर अपना पूरा PF कॉर्पस निकालना होता है. ऐसा नहीं करने पर खाता इनऑपरेटिव हो सकता है और उस पर सालाना ब्याज मिलना बंद हो सकता है.
नई SWP व्यवस्था इसी स्थिति में बदलाव ला सकती है. कर्मचारी को पूरी रकम एक बार में निकालने की मजबूरी के बजाय किस्तों में निकासी का विकल्प मिलेगा. इससे रिटायरमेंट के बाद जमा पूंजी को व्यवस्थित तरीके से इस्तेमाल करना आसान हो सकता है.
PF खाताधारक की डेथ होने पर क्या होगा?
EPFO की प्रस्तावित व्यवस्था में खाताधारक की मृत्यु होने की स्थिति का भी ध्यान रखा गया है. अगर किसी सदस्य की SWP के तहत किस्तों में पैसा मिलने के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी या आश्रित के पास दो विकल्प होंगे.
- खाते में बची हुई पूरी रकम एक साथ निकाल सकते हैं.
- चाहें तो पहले की तरह नियमित किस्तों में भुगतान जारी रखने का विकल्प चुन सकते हैं.
इससे सदस्य के परिवार के हितों की सुरक्षा करने में मदद मिल सकती है.
शुरुआत में 6.3 लाख कर्मचारियों को मिल सकता है फायदा
इस प्रस्ताव पर गुरुवार को केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की बैठक में चर्चा हुई. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने की.
शुरुआती चरण में इस स्वैच्छिक योजना का लाभ मौजूदा EPFO सदस्यों को देने पर फोकस किया जा सकता है. EPFO के अनुमान के मुताबिक, 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.3 लाख सदस्य शुरुआत में इस सुविधा से लाभान्वित हो सकते हैं.
हालांकि, इस योजना के तहत कितनी रकम और कितने अंतराल पर निकाली जा सकेगी, इसकी पूरी जानकारी अंतिम नियमों और दिशा-निर्देशों के बाद ही स्पष्ट होगी.
रिटायरमेंट के बाद PF से नियमित आमदनी का विकल्प
EPFO की SWP व्यवस्था का मकसद रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों की वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करना है. अभी तक PF को बड़ी रकम के रूप में निकालने का विकल्प प्रमुख था. लेकिन नई व्यवस्था से कर्मचारी अपनी जरूरत के हिसाब से धीरे-धीरे पैसा निकाल सकेंगे.
इससे रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी की योजना बनाने में मदद मिल सकती है. खासकर उन कर्मचारियों के लिए ये उपयोगी हो सकता है, जिन्हें अपनी पूरी जमा पूंजी को एक साथ संभालना मुश्किल लगता है.
यह भी पढ़ें | PF का पैसा बीच में निकालना पड़ सकता है भारी, ₹2 लाख की निकासी से 15 साल बाद होगा इतना नुकसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं