कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने बीते दिन अपने 8 करोड़ मेंबर्स के लिए WhatsApp सर्विस शुरू की है. इसके जरिए कर्मचारी घर बैठे अपना PF बैलेंस चेक करने, पिछले 5 ट्रांजैक्शन की जानकारी लेने और पासबुक डाउनलोड करने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं. लेकिन इस नई सुविधा को लेकर अब सोशल मीडिया पर लोग शिकायत कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि WhatsApp पर मैसेज भेजने के बाद जवाब मिलने में काफी देर हो रही है और मेन्यू में दिए गए किसी भी ऑप्शन से जानकारी नहीं मिल पा रही है.
दरअसल, EPFO ने अपनी आधिकारिक WhatsApp सर्विस के जरिए PF से जुड़ी कुछ जरूरी सर्विस को आसान बनाने की नई पहल की है. इसके लिए सदस्यों को EPFO के आधिकारिक WhatsApp नंबर 8796441800 पर Hi मैसेज भेजना है. इसके बाद चैटबॉट के जरिए आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. हालांकि, सर्विस शुरू होने के बाद से ही कई लोगों को इसका इस्तेमाल करने में परेशानी हो रही है.
बहुत देर तक नहीं मिल रहा जवाब
कुछ यूजर्स के मुताबिक, WhatsApp नंबर पर Hi लिखकर भेजने के बाद सबसे पहले भाषा चुनने का ऑप्शन आता है. भाषा चुनने के बाद चैटबॉट PF बैलेंस चेक करने, पिछले 5 ट्रांजैक्शन देखने और पासबुक डाउनलोड करने जैसे ऑप्शन देता है. लेकिन इनमें से किसी भी ऑप्शन को चुनने पर जरूरी जानकारी मिलने के बजाय एरर मैसेज दिखाई दे रहा है.
कई यूजर्स ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए बताया कि बार-बार कोशिश करने के बावजूद उन्हें 'We couldn't complete that. Something went wrong. Please try again after some time' का मैसेज मिल रहा है. यानी सिस्टम फिलहाल उनकी रिक्वेस्ट पूरी नहीं कर पा रहा है.
कई बार कोशिश करने पर भी नहीं मिल रहा समाधान
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अपनी परेशानी शेयर की है. कुछ यूजर्स का कहना है कि उन्होंने तीनों ऑप्शन को कई बार आजमाया, लेकिन हर बार एक ही एरर मिला. वहीं, कुछ लोगों ने शिकायत की कि शुरुआती मैसेज का जवाब आने में ही काफी समय लग रहा है. कुछ मामलों में चैटबॉट ऑप्शन चुनने के बाद आगे का प्रोसेस पूरी नहीं कर पा रहा है.
कुछ लोगों का कहना है कि जब EPFO ने इस सुविधा को लॉन्च किया है तो इसे ठीक से काम भी करना चाहिए. यूजर्स ने EPFO से तकनीकी खामियों को जल्द दूर करने और सर्विस को सही तरीके से शुरू करने की मांग की है.
EPFO की WhatsApp सर्विस का मकसद क्या है?
दरअसल, इस सुविधा को शुरू करने का मकसद PF सदस्यों को छोटी-छोटी जानकारियों के लिए EPFO के पोर्टल या दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना है. WhatsApp के जरिए सदस्य अपना PF बैलेंस, पिछले पांच ट्रांजैक्शन और पासबुक की जानकारी हासिल कर सकते हैं. इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाओं में भी सदस्यों को सहायता देने की बात कही गई है.
फिलहाल, 2 नवंबर को सामने आ रही शिकायतों के बीच EPFO की ओर से कोई स्पष्ट आधिकारिक जवाब सामने नहीं आया है. ऐसे में जिन सदस्यों को WhatsApp सर्विस के जरिए जानकारी नहीं मिल पा रही है, वे फिलहाल EPFO के आधिकारिक मेंबर पोर्टल या UMANG ऐप के जरिए अपना PF बैलेंस और पासबुक चेक कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | EPFO अब WhatsApp पर लाइव, Hi लिखते ही आएगा रिप्लाई, PF बैलेंस समेत मिलेंगी ये सुविधाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं