विज्ञापन

PF खाते में 25 लाख हैं तो हर महीने निकाल पाएंगे 15 हजार रुपये, पूरा पैसा बढ़ता रहेगा! EPFO के सिस्‍टमैटिक विड्रॉल प्‍लान का कमाल

EPFO New Withdrawal Rules SWP: EPFO की नई SWP सुविधा में रिटायरमेंट के बाद PF का पैसा किस्तों में निकाल सकेंगे. यानी हर महीने सैलरी-पेंशन की तरह आपको अपने खर्च के लिए पैसे मिलते रहेंगे. समझिए 25 लाख रुपये के बैलेंस पर हर महीने 15 हजार निकालने के बाद भी कैसे मूल रकम बढ़ती रहेगी.

PF खाते में 25 लाख हैं तो हर महीने निकाल पाएंगे 15 हजार रुपये, पूरा पैसा बढ़ता रहेगा! EPFO के सिस्‍टमैटिक विड्रॉल प्‍लान का कमाल
मूल राशि बची रहेगी, खर्च के लिए पैसे मिलते रहेंगे, है न कमाल की सुविधा
Source: NDTV Graphics/Canva

EPFO New Withdrawal Rules:कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने रिटायरमेंट के बाद पीएफ का पैसा निकालने के तरीके में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है. अब कर्मचारी अपनी पूरी जमा रकम एक साथ निकालने के बजाय हर महीने, तीन महीने या छह महीने में किस्तों के रूप में ले सकेंगे. इसके लिए सिस्टमेटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) लाने की मंजूरी दी गई है. खास बात ये है कि किस्तों में पैसा निकालने के बाद भी खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहेगा.

ऐसे में सवाल है कि अगर किसी कर्मचारी के रिटायरमेंट के समय PF खाते में 25 लाख रुपये जमा हैं और वो हर महीने 15,000 रुपये निकालना चाहता है, तो उसकी जमा पूंजी पर क्या असर पड़ेगा? क्या हर महीने पैसे निकालने के बाद भी मूल रकम सुरक्षित रह सकती है? आइए इसे एक उदाहरण से समझते हैं.

25 लाख रुपये जमा हैं तो हर महीने कितना ब्याज बनेगा?

मान लीजिए किसी कर्मचारी के रिटायरमेंट के समय PF खाते में 25 लाख रुपये जमा हैं. अगर EPF पर सालाना ब्याज दर 8.25% मानें, तो इस रकम पर एक साल में करीब 2,06,250 रुपये ब्याज बनेगा. इसे महीने के औसत के हिसाब से बांटें तो करीब 17,188 रुपये बैठते हैं.

यानी 25 लाख रुपये के PF बैलेंस पर सालाना ब्याज का मासिक औसत 17 हजार रुपये से ज्यादा हो सकता है. अब अगर कर्मचारी हर महीने 15,000 रुपये निकालता है, तो सालभर में उसकी कुल निकासी 1.80 लाख रुपये होगी.

कैलकुलेशन रकम
रिटायरमेंट के समय PF बैलेंस25,00,000 रुपये
सालाना ब्याज दर (मानकर)8.25%
एक साल का अनुमानित ब्याज2,06,250 रुपये
हर महीने निकासी15,000 रुपये
सालभर में कुल निकासी1,80,000 रुपये
ब्याज और निकासी का अंतर26,250 रुपये

हालांकि इस कैलकुलेशन को हर महीने 17,188 रुपये ब्याज मिलने की गारंटी नहीं माना जा सकता, लेकिन अनुमानित हिसाब कुछ ऐसा ही हो सकता है. बाकी EPFO आगे अपनी नई SWP व्यवस्था की शर्तें स्‍पष्‍ट कर सकता है. 

क्या 25 लाख रुपये की मूल रकम बनी रहेगी?

अगर 8.25% की सालाना ब्याज दर बनी रहती है और सालभर में 15,000 रुपये की मासिक निकासी के मुकाबले ब्याज ज्यादा मिलता है, तो 25 लाख रुपये की मूल पूंजी पर दबाव नहीं पड़ेगा. बल्कि ब्याज और निकासी के अंतर से खाते में कुछ अतिरिक्त रकम भी जुड़ सकती है.

इस हिसाब से सालाना ब्याज 2.06 लाख रुपये बनता है, जबकि कर्मचारी पूरे साल में 1.80 लाख रुपये निकालता है. यानी ब्याज की रकम निकासी से करीब 26,250 रुपये ज्यादा है. ये रकम आपके मूल धन यानी 25 लाख रुपये को हर साल बढ़ती रहेगी. 

EPFO के नए नियम में और क्या बदलेगा?

EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 240वीं बैठक में ये फैसले लिए गए. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने की.

नए प्रस्ताव के तहत रिटायर होने वाले सदस्य अपनी जमा PF रकम को मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे. ये सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होगी. इसका मकसद रिटायरमेंट के बाद पेंशन के साथ नियमित आमदनी का एक और जरिया उपलब्ध कराना है. किस्तें मिलने के बाद खाते में बची रकम पर रिटर्न मिलता रहेगा.

श्रम मंत्रालय के मुताबिक, शुरुआती चरण में 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.32 लाख ऐसे EPF सदस्य इस सुविधा के प्रमुख लाभार्थी हो सकते हैं, जिनके खाते में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं.

PF खाते में न्यूनतम बैलेंस की सीमा भी घटाई

EPFO ने PF खाते में अनिवार्य रूप से बचाकर रखी जाने वाली न्यूनतम रकम की सीमा 25% से घटाकर 10% करने का फैसला भी किया है. इसके अलावा, PF का अंतिम निपटान कराने के लिए इंतजार की अवधि 12 महीने से घटाकर दो महीने कर दी गई है. इससे सदस्यों को अपनी जमा रकम तक पहले के मुकाबले जल्दी पहुंच मिल सकेगी.

अगर किस्तों में पैसा प्राप्त करने की अवधि के दौरान सदस्य की मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी या आश्रितों को बची हुई रकम एक साथ निकालने या किस्तों में भुगतान जारी रखने का विकल्प मिलेगा.

यह भी पढ़ें | EPFO की मीटिंग में बड़ा फैसला, PF का पैसा बनेगा रेगुलर इनकम का जरिया, पेंशन की तरह हर महीने मिलेंगे पैसे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
EPFO, EPFO Scheme, PF Calculation Formula, PF Balance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com