विज्ञापन

'मुझे लगा यही मौका है', पंत ने बताया क्यों शतक के नजदीक छक्के के लिए गए

Rishabh pant on his sixes' record: ऋषभ पंत ने वेलिंगटन टेस्ट के चौथे दिन शतक जड़ ऐसा असर छोड़ा कि टीम इंडिया अब जीत के बारे में सोच रही है. और दिन के खेल बाद ऋषभ ने छक्कों के बारे में भी दिल की बात कही

'मुझे लगा यही मौका है', पंत ने बताया क्यों शतक के नजदीक छक्के के लिए गए
Rishabh Pant after 4th day: ऋषभ पंत ने अपने छक्कों के रिकॉर्ड को लेकर अहम बात कही है
source: X

Rishabh pant on his sixes' record: वेलिंगटन टेस्ट के चौथे दिन 153 गेंदों पर 10 चौकों और 6 छक्कों से 128 रन की पारी खेलने वाले ऋषभ पंत ने इस पारी से पूरी चर्चा को अपने इर्द-गिर्द समेट लिया है. शुरुआती दो दिन के खेल में टीम इंडिया की गलत XI चयन और ब्लंडरों की बात हो रही थी. और पंत ने अब इन ब्लंडरों को अपनी पारी से बेमानी कर दिया है. चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद भारतीय विकेटकीपर ने पूछे गए सवालों के जरिए दिल की बात कही.

यह भी पढ़ें: जो 149 साल में नहीं हुआ, भारतीय बल्लेबाजों ने वेलिंगटन में कर डाला, 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' रिकॉर्ड

यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत जैसा 149 सालों में कोई दूसरा विकेटकीपर नहीं,  ये 5 रिकॉर्ड वेरी-वेरी स्पेशल हैं

'मेरी नजर शतक पर थी'

जड़े शतक पर पंत ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह वाकई एक बेहतरीन शतक था. न्यूजीलैंड एक ऐसी जगह थी, जहां मेरी नजरें पक्के तौर पर शतक बनाने पर थीं. और मैंने यह सुनिश्चित किया कि ऐसी पिच पर, जहां आपको काफी मेहनत करनी पड़ती है और बाकी सभी भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, मैं ज्यादा से ज्यादा देर तक क्रीज पर टिकूं और अपना प्रभाव छोड़ूं.'  आपकी पारी में कितनी चीजें पहले से सोची-समझी होती हैं?, 'सच कहूं तो, मैं इस बारे में बहुत ज्यादा नहीं सोचता. मैं ज्यादातर समय गेंदबाज के दिमाग को पढ़ने की कोशिश करता हूं, लेकिन मैं चीजों को काफी सरल रखता हूं. जब भी मुझे गेंद दिखती है, मैं उस पर शॉट खेलने की कोशिश करता हूं. अगर गेंद मेरे पसंदीदा एरिया में होती है, तो मैं पक्का उस पर शॉट खेलता हूं.'

क्या आप अपना शतक पूरा करने के लिए छक्का ही लगाना चाहते थे? क्या यह कोई पहले से तय योजना थी? इस पर पंत बोले, 'देखिए अक्सर जब मैं शतक के करीब होता हूं, तो मेरी कोशिश छक्के के साथ उसे पूरा करने की रहती है. हालांकि, ऐसा करने के चक्कर में कई बार मेरे शतक बनते-बनते रह भी गए हैं. इसलिए इस बार मैंने काफी धैर्य रखा. लेकिन जब मिड-ऑफ का फील्डर ऊपर (करीब) आ गया, तो मुझे लगा कि यह सही मौका है. मैंने सोचा कि क्यों न इसका फायदा उठाया जाए.'

'अब छक्कों के बारे में नहीं सोचता'

आज आपने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में ब्रेंडन मैकुलम को पीछे छोड़ दिया। क्या अपने करियर के दौरान आपने कुछ छोटे-छोटे लक्ष्य तय कर रखे हैं जिन्हें आप हासिल करना चाहते हैं? इस सवाल पर ऋषभ ने कहा, 'देखिए, बचपन में तो मेरे मन में ऐसे लक्ष्य जरूर होते थे. खूब सारे छक्के लगाने के लक्ष्य. लेकिन अब अपने करियर के इस पड़ाव पर, मैं उन चीजों के बारे में नहीं सोचता. मैं बस लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं और जहां भी खेलूं, अपनी छाप छोड़ना चाहता हूं.' क्या आपको खेलने में मजा आता है? क्योंकि आपकी बल्लेबाजी देखकर ऐसा ही लगता है. 'मेरे साथ एक बात यह है कि जब भी मैं मैदान पर उतरता हूं, चाहे फील्डिंग कर रहा होऊं या बल्लेबाजी. मैं खूब मजे करना चाहता हूं. सच कहूं तो, बस मैदान पर मौजूद रहना ही मुझे खुशी देता है. मैं मैदान पर बिताए हर दिन का पूरा आनंद लेता हूं.' 

'हम आपस में बातचीत का लुत्फ उठाते हैं'

ऐसा लगता है कि विकेटकीपिंग करते समय भी आप काफी मजे करते हैं. हम आपको स्टंप माइक पर सुन सकते हैं. कैसा लग रहा है? आज के खेल के बाद मैदान पर माहौल कैसा है?  'मुझे लगता है कि बल्लेबाजी के लिए विकेट निश्चित रूप से अच्छा है. लेकिन साथ ही, आपको मैदान पर की जाने वाली कड़ी मेहनत का भी आनंद लेना चाहिए, क्योंकि हर दिन आपको कोई बहुत रोमांचक या चुनौतीपूर्ण विकेट नहीं मिलेगा. खासकर टेस्ट क्रिकेट में, आपको डटे रहना पड़ता है और मेहनत करनी पड़ती है. इसलिए, मैदान पर एक टीम के रूप में हम जिस चीज़ का आनंद लेते हैं, वह है आपस में बातचीत करते रहना. कुछ पलों का मज़ा लेना और हर दिन मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rishabh Rajendra Pant, New Zealand, India, New Zealand Vs India 11/19/2026 Nzin11192026271656, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com