EPFO Withdrawal Rules: एम्पलाई प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन यानी ईपीएफओ (EPFO) अपने करोड़ों मेंबर्स के लिए एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत नौकरी से रिटायर होने के बाद कर्मचारियों को अपने प्रोविडेंट फंड (PF) का पूरा पैसा एक साथ निकालने की जरूरत नहीं होगी. वे चाहें तो अपनी जरूरत के हिसाब से हर महीने या तय समय पर थोड़ा-थोड़ा पैसा निकाल सकेंगे. खास बात यह है कि खाते में बची हुई रकम पर ब्याज भी मिलता रहेगा.
ईपीएफओ इस प्रपोजल के तहत सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) लाने पर विचार कर रहा है. इस प्रपोजल पर ईपीएफओ के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में चर्चा होनी है. अगर इसे मंजूरी मिल जाती है तो रिटायरमेंट के बाद PF से पैसे निकालने के लिए मेंबर्स को नए ऑप्शन मिल सकते हैं.
अभी रिटायरमेंट पर निकाल सकते हैं पूरा PF का पैसा
फिलहाल ईपीएफओ के नियमों के मुताबिक, कोई कर्मचारी 58 साल की उम्र में रिटायरमेंट के बाद अपने पीएफ खाते में जमा पूरी रकम निकाल सकता है. वहीं, कम से कम 10 साल की एलिजिबल सर्विस पूरी करने वाले कर्मचारी को एम्पलाई पेंशन स्कीम (EPS) के तहत मंथली पेंशन मिलती है. लेकिन नए प्रपोजल के तहत रिटायरमेंट के बाद PF की पूरी रकम एक साथ निकालना जरूरी नहीं होगा. सदस्य अपनी सुविधा के अनुसार रकम निकाल सकेंगे.
PF से पैसे निकालने के मिल सकते हैं 3 ऑप्शन
SWP योजना के तहत ईपीएफओ मेंबर्स को 3 तरह के ऑप्शन देने पर विचार कर रहा है. पहला ऑप्शन यह होगा कि सदस्य अपनी जमा रकम को नियमित किस्तों में निकालें. दूसरे ऑप्शन में वे कुछ पैसा एकमुश्त निकाल सकेंगे और बाकी रकम को SWP के तहत छोड़ सकेंगे. तीसरे ऑप्शन में सदस्य सिर्फ खाते में जमा रकम पर मिलने वाला ब्याज निकाल सकेंगे और मूल रकम को खाते में बनाए रख सकेंगे. इसका फायदा यह होगा कि रिटायरमेंट के बाद भी कर्मचारी की पीएफ में जमा रकम बनी रहेगी और उस पर ब्याज मिलता रहेगा.
जरूरत पड़ने पर पूरा पैसा निकालने की भी सुविधा
प्रपोजल के मुताबिक, SWP के तहत पैसा निकालने की अवधि तय की जा सकती है. इस दौरान खाते में बची हुई रकम EPFO के फंड में इन्वेस्टेड रहेगी और उस पर लागू दर से ब्याज मिलता रहेगा.अगर किसी रिटायर कर्मचारी को बीच में ही पूरे पैसे की जरूरत पड़ती है तो वह SWP बंद करके बची हुई रकम भी निकाल सकेगा.
मौत होने पर पत्नी या नॉमिनी को भी मिलेगा अधिकार
ईपीएफओ इस प्रपोजल में एक और अहम प्रोविजन जोड़ने पर विचार कर रहा है. इसके तहत अगर SWP के दौरान खाताधारक की मौत हो जाती है तो उसकी पत्नी या नॉमिनी बची हुई पीएफ की रकम के लिए SWP जारी रख सकेंगे.
6.32 लाख PF खाताधारकों को हो सकता है फायदा
ईपीएफओ के अनुमान के मुताबिक, इस प्रपोजल से 55 साल से ज्यादा उम्र के करीब 6.32 लाख मेंबर्स को फायदा हो सकता है. इन मेंबर्स के पीएफ खातों में 5 लाख रुपये से ज्यादा की रकम जमा है. हालांकि, इस सुविधा का लाभ किसे और किन शर्तों पर मिलेगा, यह प्रपोजल को मंजूरी मिलने और अंतिम नियम तय होने के बाद ही साफ होगा.
अब खुद भी PF खाते में जमा कर सकेंगे पैसा
ईपीएफओ अपने सदस्यों को एक और सुविधा देने पर विचार कर रहा है. इसके तहत कर्मचारी अपने पीएफ खाते में सीधे वॉलेंटरी कॉन्ट्रिब्यूशन कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें कंपनी के जरिए पैसा जमा कराने की जरूरत नहीं होगी. हालांकि, इस तरह के योगदान पर इनकम टैक्स कानून और CBT की ओर से तय सीमाएं लागू होंगी। इसमें कंपनी की ओर से बराबर का योगदान देना भी जरूरी नहीं होगा.
अनऑर्गेनाइज्ड सेक्टर के कर्मचारियों को भी PF से जोड़ने की तैयारी
ईपीएफओ की योजना सिर्फ मौजूदा पीएफ खाताधारकों तक सीमित नहीं है. गिग वर्कर्स और अनऑर्गेनाइज्ड सेक्टर में काम करने वाले लोगों को भी रिटायरमेंट बचत से जोड़ने की तैयारी कर रहा है. इससे डिलीवरी पार्टनर, प्लेटफॉर्म वर्कर्स, मजदूर, घरेलू कामगार, रेहड़ी-पटरी लगाने वाले और घर से काम करने वाले लोगों को बचत करने का मौका मिल सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं