दिल्ली एनसीआर में मेट्रो नेटवर्क का महा विस्तार हो रहा है. मेट्रो विस्तार फेज-5 B के तहत कुल 8 नए मेट्रो कॉरिडोर बनाए जाने हैं. इसमें दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ेगी. इसमें यशोभूमि-गुरुग्राम मेट्रो रूट सबसे अहम है. दिल्ली मेट्रो का 2030 तक इन परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य है.द्वारका एक्सप्रेसवे के पास द्वारका सेक्टर 25 यशोभूमि से गुरुग्राम के बीच सीधा मेट्रो रूट बनेगा. इससे दिल्ली एयरपोर्ट और गुरुग्राम के कारपोरेट कंपनियों के टावरों तक कुछ मिनटों में पहुंच सकेंगे.
यशोभूमि-गुरुग्राम कॉरिडोर कब तक बनेगा
दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का विस्तार कर यशोभूमि-गुरुग्राम मेट्रो कॉरिडोर बनाया जा रहा है, जो दिल्ली के द्वारका को सेंट्रल गुरुग्राम तक जोड़ेगा. यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25, बिजवासन, कार्टरपुरी, सेक्टर 23, इफ्को चौक, राजीव चौक, सुभाष चौक इसके स्टेशन होंगे. ये कॉरिडोर करीब 17.5 किमी लंबा होगा.इस रूट से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) और द्वारका कन्वेंशन सेंटर (यशोभूमि) तक आवाजाही आसान होगी. दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे (NH-48) पर कारों का दबाव घटने के साथ ट्रैफिक जाम घटेगा. इस रूट की डीपीआर बन गई है. केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय और हरियाणा सरकार की मंजूरी इंतजार है.
फेज-5 में कौन-कौन से कॉरिडोर
DMRC ने दिल्ली के दूरदराज के इलाकों को जोड़ने के लिए फेज-5 में आठ कॉरिडोर जोड़ने का प्लान बनाया है. इनके रूट की लंबाई लगभग 97 किलोमीटर है. इसमें 65 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाने हैं. इससे समयपुर बादली, कीर्तिनगर, पालम, जोरबाग, मीठापुर, मयूर विहार फेज-3 से लेकर गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके तक कनेक्टिविटी बढ़ेगी.
1. ढांसा बस स्टैंड से नांगलोई
मेट्रो का यह कॉरिडोर करीब 11.8 किमी लंबा है, जो बाहरी दिल्ली और ग्रामीण इलाकों को जोड़ेगा.यह नजफगढ़ एक्सटेंशन, बापरोला, रनहोला और डचांव कलां जैसे बाहरी इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा. नांगलोई और ढांसा बस स्टैंड पर मेट्रो इंटरचेंज स्टेशन होंगे.
2. केंद्रीय सचिवालय से किशनगढ़
ये दिल्ली मेट्रो का करीब 15.9 किमी लंबा भूमिगत रूट है, जो जेएनयू के करीब से गुजरेगा. यह रूट न्यू मोती बाग, आरके पुरम के सेक्टर 1 और 7, जेएनयू और पीएम म्यूजियम को जोड़ेगा. सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आरके पुरम, मोती बाग और किशनगढ़ में मेट्रो इंटरचेंज होगा.
3. समयपुर बादली से नरेला
ये मेट्रो रूट करीब 12.8 किमी लंबा है, जो उत्तरी दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ेगा
4. कीर्ति नगर से पालम
ये मेट्रो कॉरिडोर करीब 9.9 किमी लंबा है, जो पश्चिम और साउथवेस्ट दिल्ली के बीच सीधी कनेक्टिविटी देगा.
5. जोर बाग से मीठापुर
ये मेट्रो कॉरिडोर करीब 16.9 किमी का है. ये फरीदाबाद सीमा तक कनेक्टिविटी देगा.
6. शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज-3
ये लगभग 13.2 किमी लंबा रूट है. पूर्वी दिल्ली में ये कनेक्टिविटी बढ़ाएगा.
7. केशवपुरम से रोहिणी सेक्टर 34
ये करीब 16.2 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो पीतमपुरा और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी को जोड़ेगा.
8. नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी से साहिबाबाद
यूपी के इन दो शहरों को जोड़ने वाला 5.1 किमी का लिंक कॉरिडोर भी बनेगा.
9. यशोभूमि-गुरुग्राम कॉरिडोर
द्वारका सेक्टर 25 यशोभूमि से गुरुग्राम बिजनेस हब के बीच मेट्रो रूट तैयार होगा.इस कॉरिडोर के लिए स्टेशनों की संख्या, रूट और निर्माण समयसीमा तय होनी है.
मेट्रो महा विस्तार की खासियत
इस मेट्रो महा विस्तार में केशवपुरम-रोहिणी सेक्टर 34 जैसे में मेट्रो कॉरिडोर पर डबल डेकर फ्लाईओवर की तैयारी है. इसमें नीचे सड़क पर वाहन और ऊपर मेट्रो दौड़ेगी.निचली मंजिल पर फ्लाईओवर होगा और ठीक उसके ऊपर मेट्रो ट्रेनें दौड़ेंगी. इस योजना के पूरा होने से सालाना हजारों टन कार्बन डाईऑक्साइड का उत्सर्जन बचेगा. लोग निजी वाहनों को छोड़कर मेट्रो का लाभ लेंगे.दिल्ली मेट्रो का फेज-5 विस्तार हरियाणा के गुरुग्राम के साथ उत्तर प्रदेश के नोएडा, साहिबाबाद मेट्रो ट्रैफिक को आसान बनाएगा.
फेज-5A का निर्माण कार्य जारी
दिल्ली मेट्रो के फेज 5ए का निर्माण कार्य जारी है. आरके आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ (सेंट्रल विस्टा) के कॉरिडोर पर निर्माण कार्य चल रहा है. एयरोसिटी-आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल 1 के साथ तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज कॉरिडोर के टेंडर चल रहे हैं. सितंबर 2029 तक ये प्रोजेक्ट पूरे होंगे.
दिल्ली मेट्रो के फेज-4 का अपडेट
दिल्ली मेट्रो के फेज-4 में आरके आश्रम मार्ग-जनकपुरी वेस्ट और एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर का निर्माण चल रहा है. दिसंबर 2027 तक ये पूरे होंगे. लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक और इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो रूट की समयसीमा दिसंबर 2030 रखी गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं