नौकरीपेशा लोगों की सैलरी से हर महीने एम्पलाई प्रोविडेंट फंड (EPF) का पैसा कटता है. यह रकम कर्मचारी की भविष्य की बचत का हिस्सा होती है. इस पर सरकार की ओर से तय ब्याज भी मिलता है. खास बात यह है कि लंबे समय तक ईपीएफ अकाउंट में पैसा जमा रहने पर कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है यानी जमा रकम पर ब्याज मिलता है और उस ब्याज पर भी आगे ब्याज जुड़ता रहता है. लेकिन अगर आप जरूरत पड़ने पर बीच में ईपीएफ से पैसा निकाल लेते हैं, तो इसका असर सिर्फ आज की बचत पर नहीं, बल्कि भविष्य की कमाई पर भी पड़ता है.
मान लीजिए किसी कर्मचारी की उम्र 30 साल है और वह प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करते हैं. उसके ईपीएफ खाते में हर महीने 7,000 रुपये जमा होते हैं. अगर अगले 25 साल तक यह सिलसिला जारी रहता है और ब्याज दर 8.25 फीसदी बनी रहती है, तो रिटायरमेंट के समय उनके खाते में करीब 69.3 लाख रुपये हो सकते हैं. इस दौरान वह अपनी जेब से कुल 21 लाख रुपये जमा करेगा. बाकी करीब 48.3 लाख रुपये ब्याज के रूप में मिलेंगे यानी लंबे समय तक पैसा जमा रखने से ब्याज की रकम भी काफी बड़ी हो सकती है.
बीच में 2 लाख निकालने से कितना नुकसान?
अब मान लीजिए अमित को नौकरी के 10 साल बाद घर की मरम्मत के लिए 2 लाख रुपये की जरूरत पड़ती है. वह अपने ईपीएफ अकाउंट से यह रकम निकाल लेते हैं. पहली नजर में 2 लाख रुपये निकालना बहुत बड़ा फैसला नहीं लगता, लेकिन इसका असर भविष्य की बचत पर पड़ सकता है. अगर यही 2 लाख रुपये ईपीएफ अकाउंट में अगले 15 साल तक जमा रहते और उन पर 8.25 फीसदी सालाना ब्याज मिलता, तो यह रकम बढ़कर करीब 6.86 लाख रुपये हो सकती थी। यानी आज 2 लाख रुपये निकालने की वजह से भविष्य में करीब 4.86 लाख रुपये की संभावित बचत का नुकसान हो सकता है.
जरूरत पड़ने पर ही निकालें PF का पैसा
EPF सिर्फ सैलरी से कटने वाली रकम नहीं, बल्कि रिटायरमेंट के लिए लॉन्ग टर्म की बचत का जरिया है. हालांकि, कुछ खास परिस्थितियों में ईपीएफ अकाउंट से पार्शियल विड्रॉल की सुविधा मिलती है. मेडिकल इमरजेंसी, घर खरीदने या बनाने और दूसरी जरूरतों के लिए नियमों के तहत पैसा निकाला जा सकता है. लेकिन गैर-जरूरी खर्चों के लिए बार-बार ईपीएफ का पैसा निकालने से बचना चाहिए. इसकी वजह यह है कि निकाली गई रकम पर आगे ब्याज नहीं मिलता और रिटायरमेंट के समय मिलने वाला कुल फंड कम हो जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं