- गोरखपुर में सपा के रोडशो के दौरान जेसीबी मशीन की चपेट में आने से भाजपा नेता के 13 साल के बेटे की मौत हुई
- अखिलेश यादव ने इस हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए बिना नाम लिए भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है
- घटना के बाद परिवार और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई में देरी पर विरोध प्रदर्शन किया है
गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के रोडशो के दौरान जेसीबी मशीन की चपेट में आने से 13 साल के लड़के की मौत हो गई. इस घटना के बाद पीड़ित के परिवार और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. इस मामले में आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है. इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं. उन्होंने बिना नाम लिए बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है.
अखिलेश यादव का बयान आया सामने
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं. इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करनेवाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी माँ के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी. शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है.
किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करनेवाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी माँ के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 19, 2026
हादसे में गई बीजेपी नेता के बेटे की जान
परिवार के अनुसार, भाजपा नेता ओंकार सिंह के बेटे आर्यवर्धन को बुधवार दोपहर करीब 2.30 बजे कथित तौर पर जेसीबी ने टक्कर मार दी. घटना के वक्त आर्यवर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने के लिए पास के एक चौराहे की ओर जा रहा था. परिवार और पुलिस ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय, नंद नगर के कक्षा 10 के छात्र आर्यवर्धन को एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने कहा कि जेसीबी चालक और रोडशो के आयोजकों की भूमिका की जांच की जा रही है और जांच के नतीजों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह घटना बुधवार को उस वक्त हुई जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर में अपनी ‘रथ यात्रा' निकाल रहे थे. किशोर की मौत से परिवार के सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है. उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में देरी करने का आरोप लगाया है.
गुंडों को ढूंढकर ऐसी सजा देंगे, कई पीढ़ियां याद रखेंगी: CM योगी
इस घटना को पर सीएम योगी आदित्यनाथ का भी बयान सामने आया. उन्होंने बच्चे की मौत पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे निर्मम हत्या करार दिया है. उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ़ निकालें और उन्हें ऐसी कठोर सजा दिलाएं, जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें. गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "बुधवार को समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था. उन्होंने एक नाबालिग लड़के को अपने रोड शो का शिकार बना दिया. सपा गुंडागर्दी, दंगे, अराजकता और कर्फ्यू की प्रायः है. यह माफिया सपा का सगा है और जनता के साथ इस पार्टी ने हमेशा धोखा दिया है."
सीएम योगी ने कहा, "उस मासूम की गलती क्या थी? जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही ये गुंडे और माफिया डंडे के बल पर ही सीधे होंगे. यही समाजवादी पार्टी कर रही है. हमने इनकी गुंडागर्दी को ठीक किया है. उसी को ठीक करने के लिए एक बार फिर लगाम कसने की तैयारी हम कर रहे हैं." उन्होंने कहा कि जिन गुंडों ने कल सड़कों पर अराजकता फैलाई, हमने अधिकारियों को उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है. हमने प्रशासन से कहा है कि गुंडों को ढूंढ निकालो और ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि कई पीढ़ियां याद रख सकें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं