विज्ञापन

दिल्ली एयरपोर्ट से होती है दुनिया में सबसे ज्यादा Uber बुकिंग, NDTV ग्लोबल समिट में डोमिनिक टेलर ने खोले राज

NDTV वर्ल्ड समिट 2026 में Uber के APAC हेड डोमिनिक टेलर ने खुलासा किया कि नई दिल्ली एयरपोर्ट से दुनिया में सबसे ज्यादा उबर राइड्स बुक होती हैं.कार के साथ-साथ ऑटो, बाइक और मेट्रो इंटीग्रेशन के जरिए अब उबर भारत के आम नागरिकों तक अपनी पहुंच आसान बना रहा है.

दिल्ली एयरपोर्ट से होती है दुनिया में सबसे ज्यादा Uber बुकिंग, NDTV ग्लोबल समिट में डोमिनिक टेलर ने खोले राज
NDTV World Summit 2026: DTV वर्ल्ड समिट 2026 में Uber के APAC हेड डोमिनिक टेलर ने खुलासा किया कि नई दिल्ली एयरपोर्ट से दुनिया में सबसे ज्यादा उबर राइड्स बुक होती हैं.
NDTV India

NDTV वर्ल्ड समिट 2026 के दूसरे दिन 'Building At Scale: The New Economy of India' सेशन में टेक और मोबिलिटी सेक्टर के दिग्गज एक मंच पर आए. इस दौरान Uber APAC के रीजनल जनरल मैनेजर डोमिनिक टेलर (Dominic Taylor), माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के प्रेसिडेंट पुनीत चंडोक (Puneet Chandok) और स्मार्टफोन ब्रांड 'नथिंग' (Nothing) के को-फाउंडर अकीस इवेंजेलिडिस (Akis Evangelidis) ने भारत की तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था और ग्लोबल मार्केट में इसकी अहमियत पर अपने विचार साझा किए. इन तीनों दिग्गजों ने एक सुर में माना कि भारत की नई डिजिटल और फिजिकल इकोनॉमी न सिर्फ बड़े पैमाने पर बढ़ रही है, बल्कि दुनिया भर की बड़ी कंपनियों के लिए इनोवेशन और ग्रोथ का सबसे बड़ा केंद्र बन चुकी है. इन दिग्गजों का कहना है कि टेक से लेकर स्मार्टफोन सेक्टर तक, नथिंग (Nothing) और उबर जैसी ग्लोबल कंपनियों के लिए भारत 'मेक इन इंडिया' से आगे 'बिल्ड इन इंडिया' का बड़ा हब बन चुका है.

दिल्ली एयरपोर्ट ने बनाया दुनिया में उबर बुकिंग का रिकॉर्ड

इस चर्चा की शुरुआत में Uber के डोमिनिक टेलर ने भारत से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला आंकड़ा साझा किया. उन्होंने बताया कि अगर पूरे विश्व में किसी भी एयरपोर्ट से सबसे ज्यादा उबर बुकिंग्स की बात करें, तो नई दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पूरी दुनिया में नंबर वन पर है.

टेलर ने कहा, "भारत हमारे लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है. हमने सैन फ्रांसिस्को में कार (4-व्हीलर) सर्विस से शुरुआत की थी, लेकिन भारत जैसे विशाल देश में केवल कार सर्विस से 5% आबादी तक ही पहुंचा जा सकता था. इसलिए बीते दशक में हमने भारतीय ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से खुद को ढाला है."

उन्होंने आगे कहा कि अब भारत में ऑटो-रिक्शा, बाइक टैक्सी और शहरों के मेट्रो नेटवर्क को उबर ऐप से जोड़ा गया है, जिससे सफर का खर्च कम हुआ है और आम जनता के लिए आवाजाही आसान हुई है.

'हर भारतीय की जरूरत' बना उबर

डोमिनिक टेलर ने बताया कि पिछले एक दशक में उबर ने भारतीय ग्राहकों की नब्ज को समझा है. आम जनता को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने अपने बेड़े में ऑटो-रिक्शा और बाइक टैक्सियों को शामिल किया, जिससे सफर की लागत काफी हद तक कम हुई.

इतना ही नहीं, भारत के बड़े शहरों में मेट्रो सिस्टम को उबर ऐप के साथ इंटीग्रेट करने का कदम भी उठाया गया. टेलर ने कहा कि एक जगह से दूसरी जगह जाना इंसान की सबसे बुनियादी जरूरतों में से एक है. कंपनी का लक्ष्य भारत के बड़े महानगरों से लेकर छोटे गांवों और कस्बों तक हर नागरिक के लिए आवाजाही को आसान बनाना है.

ड्राइवरलेस कारों पर क्या बोले डोमिनिक टेलर?

फ्यूचर टेक्नोलॉजी पर बात करते हुए डोमिनिक टेलर ने बताया कि उबर के पास दुनिया भर में 20 से अधिक ऑटोनॉमस  यानी बिना ड्राइवर वाली टेक्नोलॉजी पार्टनर्स हैं. अमेरिका और मिडिल ईस्ट में ड्राइवरलेस गाड़ियां चल रही हैं और जल्द ही टोक्यो में इसकी शुरुआत होने जा रही है.

हालांकि, भारत में ड्राइवरलेस कारों की एंट्री पर उन्होंने कहा कि भारतीय सड़कों और ट्रैफिक के माहौल को देखते हुए यहां ऑटोनॉमस व्हीकल्स आने में अभी कुछ वक्त लग सकता है, लेकिन यह तकनीक बहुत जल्द पूरी दुनिया में आम होने वाली है.

'Make in India' से 'Build in India' का सफर 

इस समिट के दौरान दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते स्मार्टफोन ब्रांड्स में से एक 'Nothing' के को-फाउंडर अकीस इवेंजेलिडिस ने भारत की ग्रोथ स्टोरी पर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि नथिंग के सफर में भारत शुरू से ही केंद्र बिंदु रहा है.

अकीस ने कहा, "भारत में जब मैं लोगों से मिलता हूं, तो मुझे अहसास होता है कि यहां लगभग हर किसी के पास इंजीनियरिंग की समझ है. भारतीय यूजर्स टेक-सैवी हैं और स्मार्टफोन के हर छोटे-बड़े स्पेक्सिफिकेशन को गहराई से समझते हैं. यही वजह है कि भारत हमारे लिए सिर्फ 'मेक इन इंडिया' का केंद्र नहीं है, बल्कि अब हम 'बिल्ड इन इंडिया' यानी रिसर्च और डेवलपमेंट की ओर बढ़ रहे हैं."

यह भी पढ़ें | NDTV World Summit 2026: Zerodha बंद हो जाए तो क्या करेंगे? निखिल कामत ने बताया ₹10 लाख वाला बिजनेस प्लान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NDTVWorldSummit2026, NDTV World Summit 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com