केंद्र सरकार ने भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) दिनेश पंत की समय से पहले रिटायरमेंट मंजूर कर दी है. वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, पंत की स्वैच्छिक रिटायरमेंट 24 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी.
वित्तीय सेवा विभाग ने अपने आदेश में कहा कि पंत की नियुक्ति को स्वैच्छिक रिटायरमेंट के कारण समय से पहले खत्म करने की मंजूरी दी गई है. ये फैसला LIC (Staff) Rules, 1960 और LIC Managing Directors Service Rules, 1988 के तहत लिया गया है.
वित्त मंत्रालय के DFS की ओर से उन्हें पिछले दिनों बीमा नियामक IRDAI 'इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया' में होल-टाइम मेंबर नियुक्त किया गया है. और इस नियुक्ति के कुछ महीनों बाद ही पंत ने LIC से रिटायरमेंट लिया है. अब वो इंश्योरेंस रेगुलेटर IRDAI में अपनी भूमिका पर फोकस करेंगे.
जून 2027 तक था कार्यकाल
दिनेश पंत ने 1 जून 2025 को LIC के मैनेजिंग डायरेक्टर का पद संभाला था. उनका कार्यकाल मई 2027 तक तय था. ऐसे में उनका कार्यकाल पूरा होने से करीब 8 महीने पहले ही खत्म हो गया है.
पंत की LIC से विदाई ऐसे समय हुई है, जब कुछ महीने पहले ही वित्तीय सेवा विभाग ने उन्हें भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण यानी IRDAI में होल-टाइम-मेंबर (Whole-Time Member) नियुक्त किया था.
जून 2026 में हुई इस नियुक्ति के मुताबिक उनका कार्यकाल पांच साल या 65 वर्ष की उम्र तक, जो भी पहले हो, तय किया गया था.
LIC में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव
दिनेश पंत को बीमा और एक्चुरियल क्षेत्र में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव है. LIC में अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने एक्चुरियल सर्विसेज, निवेश, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और अंतरराष्ट्रीय कारोबार जैसे क्षेत्रों में काम किया. वो LIC के केन्या ऑपरेशन का नेतृत्व भी कर चुके हैं. LIC के अपॉइंटेड एक्चुअरी के तौर पर पंत कंपनी की 2022 की IPO प्रक्रिया और उसके बाद की ग्रोथ रणनीति से जुड़ी प्रमुख टीम का हिस्सा रहे थे.
LIC के मैनेजमेंट में बदलाव
पंत के जाने के बाद LIC के मैनेजमेंट में एक और बदलाव की स्थिति बन गई है. फिलहाल LIC के बोर्ड में आर. दोराईस्वामी CEO और MD हैं, जबकि रत्नाकर पटनायक भी मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं.
वित्तीय सेवा विभाग के 24 सितंबर को जारी आदेश में पंत के उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान नहीं किया गया है. इससे LIC के मैनेजमेंट में आगे नई नियुक्ति की संभावना बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: UPI पर MDR चार्ज लगने के बाद भी क्रेडिट और डेबिट कार्ड से सस्ता रहेगा UPI? NPCI ने समझाया पूरा हिसाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं