विज्ञापन

UPI पर MDR चार्ज लगने के बाद भी क्रेडिट और डेबिट कार्ड से सस्ता रहेगा UPI? NPCI ने समझाया पूरा हिसाब

15 अक्टूबर 2026 से ₹2,000 से ज्यादा के UPI ट्रांजैक्शन पर 0.4% MDR लगेगा, लेकिन इसका बोझ ग्राहकों पर नहीं, दुकानदारों पर पड़ेगा. जानिए ₹10,000 की शॉपिंग पर UPI, डेबिट और क्रेडिट कार्ड में कितना चार्ज लगेगा और किस पेमेंट मोड में होगी ग्राहकों की सबसे बड़ी बचत.

UPI पर MDR चार्ज लगने के बाद भी क्रेडिट और डेबिट कार्ड से सस्ता रहेगा UPI? NPCI ने समझाया पूरा हिसाब
UPI MDR 2026: 15 अक्टूबर से ₹2,000 से ज्यादा के कुछ मर्चेंट UPI पेमेंट पर 0.4% MDR लगेगा.

15 अक्टूबर 2026 से 2,000 रुपये से ज्यादा के कुछ मर्चेंट UPI पेमेंट पर 0.4% MDR लागू लगेगा. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पेमेंट के लिए UPI इस्तेमाल करने वाले ग्राहक से यह पैसा लिया जाएगा. ये MDR मर्चेंट यानी दुकानदारों को देना होगा. NPCI के मुताबिक, यह UPI पर MDR  रेट क्रेडिट और डेबिट कार्ड की सामान्य मर्चेंट फीस से कम है. इसलिए बड़े पेमेंट में भी UPI कारोबारियों के लिए कम लागत वाला ऑप्शन बना रह सकता है.

आइए जानते हैं कि ₹10,000 के पेमेंट पर UPI, डेबिट और क्रेडिट कार्ड में किसका चार्ज कितना होगा...

₹10,000 के पेमेंट पर कितना खर्च?

NPCI के  उदाहरण के जरिए बताया कि, ₹10,000 के UPI पेमेंट पर 0.4% MDR यानी ₹40 का चार्ज होगा.

वहीं, अगर क्रेडिट कार्ड की करीब 2% दर मानें तो यही लागत करीब ₹200 बैठेगी.डेबिट कार्ड रेट  0.9% पर खर्च करीब ₹90 होगा.

डेबिट कार्ड के MDR पर RBI ने अलग-अलग मर्चेंट कैटेगरी के लिए अधिकतम दरें तय की हैं.

₹2,000 तक UPI पेमेंट पर चार्ज नहीं

हर UPI पेमेंट पर MDR नहीं लगेगा. ₹2,000 तक के P2M ट्रांजैक्शन जीरो MDR के दायरे में रहेंगे. सरकार के अनुमान के मुताबिक, करीब 96% UPI मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर इसका कोई असर नहीं होगा.P2P यानी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को भेजे जाने वाले UPI पेमेंट पर भी MDR नहीं लगेगा.

₹75,000 के बाद ₹300 की लिमिट

P2M पेमेंट में ₹2,000 से ऊपर 0.4% MDR लागू होगा. लेकिन यह अधिकतम ₹300 प्रति ट्रांजैक्शन तक सीमित रहेगा.इसका पेमेंट मर्चेंट करेगा, ग्राहक नहीं. अगर आप ₹5,000 का UPI पेमेंट करते हैं तो 0.4% MDR के हिसाब से ₹20 चार्ज बनेगा. इसी तरह ₹10,000 के पेमेंट पर ₹40, ₹50,000 पर ₹200 और ₹75,000 पर ₹300 MDR लगेगा. वहीं ₹1 लाख के पेमेंट पर भी अधिकतम ₹300 ही MDR लिया जाएगा.

छोटे दुकानदारों को राहत

हर छोटे दुकानदार पर नया MDR नहीं लगेगा. ₹1 लाख महीने तक UPI QR के जरिए पेमेंट पाने वाले पात्र छोटे कारोबारियों और स्ट्रीट वेंडर्स के P2PM ट्रांजैक्शन जीरो MDR सिस्टम में रहेंगे. वहीं, कुछ जरूरी और कम मार्जिन वाले सेक्टर के लिए ₹2,000 से ऊपर के पेमेंट पर फ्लैट ₹5 MDR का प्रावधान किया गया है. इसमें रेलवे, टेलीकॉम, इंश्योरेंस, ईंधन और कृषि इनपुट जैसे सेक्टर शामिल हैं.

कैपिटल मार्केट से जुड़े पेमेंट में दर और कम होगी. म्यूचुअल फंड, सिक्योरिटीज, स्टॉकब्रोकर और डीलर जैसे मामलों में 0.02% MDR, अधिकतम ₹300 तक लागू होगा.

UPI पर MDR आया, तो क्या कार्ड बेहतर?

UPI से पेमेंट करने पर ग्राहक को MDR के रूप में अलग से पैसे नहीं देने होते. हालांकि, बड़ी खरीदारी में सिर्फ फ्री पेमेंट मोड चुनना समझदारी नहीं है. क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने पर आपको कैशबैक, रिवॉर्ड पॉइंट्स, खरीदे गए सामान पर सुरक्षा और बिना ब्याज के क्रेडिट की सुविधा मिल सकती है. वहीं डेबिट कार्ड और UPI दोनों में ही पैसे सीधे आपके बैंक खाते से कटते हैं. 

ऐसे में अगर ₹10,000 की शॉपिंग पर कार्ड से ₹500 का डिस्काउंट मिल रहा है और कोई एक्स्ट्रा फीस नहीं है, तो सिर्फ MDR के चक्कर में UPI चुनना घाटे का सौदा हो सकता है. लेकिन अगर कार्ड पर कोई सरचार्ज या कन्वीनियंस फीस लग रही है, तो गणित बदल सकता है.

बिल चुकाने से पहले इन बातों  का रखें ध्यान

पेमेंट करने से पहले ग्राहक को हमेशा आखिरी में बनने वाली कुल अमाउंट देखनी चाहिए. फाइनल डिसिजन लेने से पहले प्लेटफॉर्म फीस, सरचार्ज, कन्वीनियंस फीस, मिलने वाले डिस्काउंट और कैशबैक की आपस में कंपेयर कर लें. ध्यान रखें कि UPI का MDR ग्राहक से अलग से नहीं वसूला जा सकता, इसलिए बिल या स्क्रीन पर कोई अलग से चार्ज दिखे तो उसकी वजह जरूर समझें. छोटे-मोटी रोजमर्रा की खरीदारी में UPI का हिसाब-किताब काफी आसान रहता है, लेकिन बड़े बिल में क्रेडिट कार्ड के ऑफर ज्यादा बचत करा सकते हैं. इसलिए सही पेमेंट ऑप्शन चुनना इस बात पर निर्भर करेगा कि उस ट्रांजैक्शन पर आपको कितना फायदा मिल रहा है.

ये भी पढ़ें- दुकानदारों की चालाकी पर कसेगी नकेल! ग्राहकों से वसूला MDR तो होगी सख्त कार्रवाई, सरकार बना रही ट्रैकिंग सिस्टम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UPI MDR Charge
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com