दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना अब थोड़ा आसान हो सकता है. आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले DDA ने DDA कर्मजीवी आवास योजना 2026 शुरू की है. इस स्कीम के तहत नरेला में 1,200 से ज्यादा रेडी-टू-मूव फ्लैट्स पर 25% की छूट दी जा रही है. खरीदार चाहें तो तय नियमों के तहत दो साथ वाले फ्लैट्स को जोड़कर एक बड़ा फ्लैट भी बना सकते हैं.
किसके लिए है स्कीम और कितनी है कीमत?
यह स्कीम नौकरी कर रहे और रिटायर सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ कॉर्पोरेट, बिजनेस, एंटरप्रेन्योर और दूसरे प्रोफेशनल्स के लिए लाई गई है. इसका मकसद दिल्ली में घर खरीदना आसान बनाना है. स्कीम में नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर A1-A4 में 1 BHK, 2 BHK और 3 BHK रेडी-टू-मूव फ्लैट्स दिए जा रहे हैं.
25% की छूट के बाद कीमतें इस तरह हैं:
- 1 BHK. ₹33.40 लाख से शुरू
- 2 BHK. ₹75.55 लाख से शुरू
- 3 BHK. ₹1.06 करोड़ से शुरू
कब से होगी रजिस्ट्रेशन और कैसे करें अप्लाई?
इस स्कीम के लिए रजिस्ट्रेशन 24 जुलाई 2026 से शुरू होगा. फ्लैट की बुकिंग 15 अगस्त 2026 से शुरू होगी. बुकिंग फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व के आधार पर होगी. पूरी रजिस्ट्रेशन और बुकिंग प्रक्रिया DDA आवास पोर्टल पर ऑनलाइन होगी, ताकि प्रक्रिया आसान और पारदर्शी रहे. इच्छुक लोग पात्रता, कीमत, बुकिंग और बाकी जानकारी DDA की आधिकारिक वेबसाइट और DDA आवास पोर्टल पर देख सकते हैं.
फ्लैट जोड़ने की सुविधा और मालिकाना हक
इस स्कीम में खरीदार तय नियमों और मंजूरी के बाद साथ वाले दो फ्लैट्स को जोड़कर एक बड़ा फ्लैट बना सकते हैं. सभी फ्लैट्स फ्रीहोल्ड होंगे. यानी खरीदार को पूरा मालिकाना हक मिलेगा. अगर किसी व्यक्ति के पास पहले से कोई घर है, तब भी वह इस स्कीम में फ्लैट खरीद सकता है. मौजूदा प्रॉपर्टी होने पर कोई रोक नहीं है.
कहां हैं फ्लैट्स और क्या हैं सुविधाएं?
यह प्रोजेक्ट नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर A1-A4 में है, जिसे दिल्ली का तेजी से विकसित हो रहा इलाका माना जा रहा है.
DDA के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट:
- आने वाले मेट्रो स्टेशन से करीब 1.2 किमी दूर है
- प्रस्तावित RRTS स्टेशन से करीब 1.9 किमी दूर है
- नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से 2 किमी दूर है
- आने वाले एजुकेशन हब से 5 किमी दूर है
- प्रस्तावित इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स स्टेडियम से 9.2 किमी दूर है
- अर्बन एक्सटेंशन रोड-I (UER-I) से 500 मीटर दूर है
- GT करनाल रोड से 1.1 किमी दूर है
- UER-II से 6.15 किमी दूर है
यह हाउसिंग कॉम्प्लेक्स मामूरपुर फॉरेस्ट के सामने है. इससे लोगों को हरियाली भी मिलेगी और अच्छी कनेक्टिविटी भी. DDA ने प्रोजेक्ट साइट पर सैंपल फ्लैट्स भी तैयार किए हैं. खरीदार बुकिंग से पहले फ्लैट की क्वालिटी, लेआउट और फिनिश देखकर फैसला ले सकते हैं.
(ये न्यूज रिपोर्ट इंटर्न मधुलिका ने तैयार की है.)
ये भी पढ़ें: TikTok ने 94 लाख यूजर्स का डेटा जुटाया, ऐड दिखाया... 67 करोड़ का जुर्माना! Apple की Siri भी घिरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं