Nirmala Sitharaman Budget Saree: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 11 बजे केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करने वाली हैं. यह उनका लगातार नौवां बजट होगा. बजट वाले दिन निर्मला सीतारमण की साड़ी हमेशा चर्चा में रहती है. दरअसल बजट के मौके पर निर्मला सीतारमण जो साड़ी पहनती हैं, उसमें भारत की संस्कृति की छाप दिखती है. इस बार वित्त मंत्री ने बजट वाले दिन हाथ से बुनी बैंगनी रंग की कांचीवरम सिल्क साड़ी पहनी है, जो तमिलनाडु की पुरानी बुनाई से जुड़ी हुई है. साड़ी में हल्के सुनहरे भूरे रंग के चेक, यानी कट्टम, और धागे के काम के साथ कॉफी ब्राउन बॉर्डर है.
क्या कहता है बैंगनी रंग
बैंगनी रंग महिला सशक्तीकरण, गरिमा, न्याय और समानता का प्रतीक माना जाता है. यह रंग अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और नारी अधिकार आंदोलन से भी जुड़ा रहा हैय ऐसे में इशारा है कि क्या इस बजट में महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य या आर्थिक सहायता पर फोकस रहेगा.
पिछले बजट में पहनी थी 'मधुबनी कला' की साड़ी
इससे पहले साल 2025 के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बिहार की 'मधुबनी कला' से सजी ऑफ-व्हाइट सिल्क साड़ी में नजर आई थी. ये साड़ी उन्हें पद्म पुरस्कार विजेता दुलारी देवी ने गिफ्ट की थी. साड़ी पर 'मछली' का डिजाइन बना था जो कि सुख, समृद्धि और विकास का प्रतीक था.
#WATCH दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करने से पहले वित्त मंत्रालय पहुंची। pic.twitter.com/eKMhEeRZZc
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 1, 2026
निर्मला सीतारमण का जन्म 18 अगस्त 1959 को मदुरै, तमिलनाडु में हुआ था. उन्होंने तिरुचिरापल्ली के सीतालक्ष्मी रामास्वामी कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की. राजनीति में आने से पहले वो कॉर्पोरेट क्षेत्र से जुड़ी हुई थी. साल 2006 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ उनकी राजनीतिक यात्रा शुरू हुई थी. साल 2014 में मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में जगह मिली थी.
अपने पहले कार्यकाल में वह वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की स्वतंत्र प्रभारी मंत्री रहीं थी. साल 2017 में निर्मला सीतारमण रक्षा मंत्री बनीं थी.साल 2019 से निर्मला सीतारमण देश की वित्त मंत्री का पद संभाल रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं