पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने देश में एलपीजी और अन्य ईंधन की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है. सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त रुख अपनाते हुए अब तक 12,000 से ज्यादा छापेमारी की है, जिसमें 15,000 से अधिक एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं. यह जानकारी राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में दी गई, जिसमें पेट्रोलियम, शिपिंग और विदेश मंत्रालयों ने मौजूदा स्थिति पर अपडेट साझा किए. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने होर्मुज जलडमरूमध्य से संबंधित स्थिति को देखते हुए, वर्तमान ईंधन आपूर्ति की स्थिति और पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उपायों के बारे में जानकारी दी. मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं. खुदरा पेट्रोल पंपों पर भी कहीं ईंधन खत्म होने की स्थिति नहीं है. नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराकर खरीदारी न करें, क्योंकि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है.
यह भी पढ़ें- AIMIM के समर्थन के बाद भी RJD की राह मुश्किल, जानें बिहार राज्यसभा चुनाव में 5वीं सीट का गुणा-गणित
यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव: DK शिवकुमार का आरोप- विधायकों को ₹5-5 करोड़ का ऑफर, खरीदने आए 4 लोग, ब्लैंक चेक के साथ 2 गिरफ्तार
एयर इंडिया ग्रुप का बड़ा अपडेट: 18 मार्च को पश्चिम एशिया से 50 उड़ानें संचालित
एयर इंडिया ग्रुप ने पश्चिम एशिया क्षेत्र, खासकर सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत आने-जाने वाली उड़ानों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मिलकर 18 मार्च 2026 को कुल 50 उड़ानें (शेड्यूल और नॉन-शेड्यूल) संचालित करेंगे. यह कदम यात्रियों की बढ़ती मांग और क्षेत्रीय परिस्थितियों को देखते हुए उठाया गया है.
घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ने से घरों में आपूर्ति सुनिश्चित होगी: सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बीच घरों में रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर एलपीजी का घरेलू उत्पादन बढ़ाया जा रहा है. सीतारमण ने राज्यसभा में अनुदान संबंधी अनुपूरक मांगों के दूसरे बैच पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि देश में खरीफ फसल के लिए पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है और अगली रबी फसल के लिए पोषक तत्वों की खरीद को लेकर वैश्विक बोली प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी.
यूपी में अब अंडों पर उपयोग करने की आखिरी तारीख प्रिंट होगी
उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल से अंडों पर उसके उपयोग की आखिरी तारीख (एक्सपायरी) दर्ज करने का निर्णय लिया है और दवाओं के पत्तों की तरह अंडों पर भी यह प्रयोग होगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. एक अप्रैल से अंडा उत्पादकों के लिए एक्सपायरी डेट का उल्लेख करना अनिवार्य कर दिया गया है.
बिहार को विकसित राज्यों में शामिल कराना सरकार का लक्ष्य...भागलपुर में बोले सीएम नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के लिए 442 करोड़ रुपए की लागत से 144 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के जरिये उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इनमें 171 करोड़ रुपए की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन तथा 271 करोड़ रुपए की लागत से 56 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है. मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा भी की.
गुजरात के राजकोट में दलित युवक के अपहरण व हत्या मामले में तीन लोग गिरफ्तार
गुजरात के राजकोट जिले में 32 वर्षीय एक दलित युवक के कथित अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) चिंतन पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि जोगराणा, सागर जोगराणा और गोपाल जोगराणा के रूप में हुई है। ये तीनों भावेश वनवी के अपहरण और हत्या में कथित रूप से शामिल थे.
कांग्रेस ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए 55 उम्मीदवार घोषित किए
कांग्रेस ने नौ अप्रैल को होने वाले केरल विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 55 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें वी सतीशन, सनी जोसेफ, के. मुरलीधरन और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं. राज्य विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की यह पहली सूची है. पार्टी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन को पारावूर से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है. वह वर्तमान में इसी सीट से विधायक हैं.
असम जातीय परिषद ने विधानसभा चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों की घोषणा की
असम में कांग्रेस नीत विपक्षी गठबंधन में शामिल असम जातीय परिषद (अजाप) ने मंगलवार को आगामी राज्य विधानसभा चुनाव के लिए अपने आठ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की. सूची के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई और कार्यकारी अध्यक्ष तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहेन विधानसभा में अपनी किस्मत आजमाएंगे.
पीएम मुद्रा योजना के जरिए बिना गारंटी के लोन देकर छोटे उद्यमियों को सशक्त बनाना जारी: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) देश के छोटे उद्यमियों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही है. इस योजना के तहत बिना किसी गारंटी के लोन दिया जाता है, जिससे लाखों लोग अपने बिजनेस आइडिया को आसानी से शुरू कर पा रहे हैं. राज्यसभा में योजना के प्रभाव से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि पीएम मुद्रा योजना के तहत तीन तरह के लोन दिए जाते हैं - शिशु (50,000 रुपए तक), किशोर (50,001 से 5 लाख रुपए तक) और तरुण (5 लाख से 10 लाख रुपए तक). ये तीनों कैटेगरी अलग-अलग स्तर के कारोबार के लिए हैं, जिससे छोटे और माइक्रो बिजनेस को बढ़ावा मिलता है.
बिहार रास चुनाव: विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त’ के आरोप को लेकर विपक्ष और राजग आमने-सामने
बिहार की पांच राज्यसभा सीट के लिए सोमवार को हुए चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली शत प्रतिशत जीत के बाद विपक्ष ने मंगलवार को विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त’ का आरोप लगाया और दलबदल विरोधी कानून की समीक्षा की मांग की.
आयोग ने विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के लिए 1,100 से अधिक पर्यवेक्षकों को तैनात किया
निर्वाचन आयोग ने अप्रैल में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के लिए 1,111 पर्यवेक्षकों को तैनात किया है. पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी विधानसभाओं के लिए चुनाव होने के साथ-साथ, कई राज्यों में विधानसभा उपचुनाव भी अप्रैल में होंगे. निर्वाचन आयोग ने कहा कि पर्यवेक्षक आयोग की आंख और कान के रूप में काम करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से आयोजित हों.
दिल्ली में 600 सिलेंडर जब्त, यूपी में 10 गिरफ्तार
सुजाता शर्मा के अनुसार दिल्ली में कल करीब 600 सिलेंडर जब्त किए गए. वहीं उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में करीब 450 निरीक्षण और रेड हुई हैं, जिनमें 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
एलपीजी पर कार्रवाई तेज, बीते दिनों में 12 हजार रेड
दिल्ली में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग एवं ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बताया कि प्रवर्तन कार्रवाई के तहत पिछले कुछ दिनों में अब तक करीब 12 हजार रेड की जा चुकी हैं और 15 हजार एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं.
पैनिक बुकिंग से बचने की सलाह
ब्रीफिंग में बताया गया कि कल 70 लाख पैनिक बुकिंग दर्ज की गई. लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की गई है. साथ ही ऑनलाइन बुकिंग करने और पैनिक बुकिंग से बचने की सलाह दी गई है.
राज्यों में भी कार्रवाई तेज
जम्मू-कश्मीर में 500 से ज्यादा रेड की गई हैं. मध्य प्रदेश में 12 रेड के दौरान 1800 सिलेंडर सीज किए गए हैं. इसके अलावा देशभर में लगभग ढाई हजार रिटेल आउटलेट्स पर एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर सरप्राइज इंस्पेक्शन किया गया है.
एलपीजी किल्लत पर सख्ती, 12 हजार रेड; 15 हजार सिलेंडर जब्त, अफवाहों से बचने की अपील
पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम के बीच एलपीजी आपूर्ति को लेकर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में स्थिति की जानकारी दी गई. ब्रीफिंग में बताया गया कि जहां-जहां निगरानी नहीं हो रही है, वहां तेजी से कार्रवाई की जा रही है. जानकारी के मुताबिक अब तक करीब 12 हजार रेड की जा चुकी हैं और 15 हजार एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं. दिल्ली में कल 600 सिलेंडर सील किए गए, जबकि उत्तर प्रदेश में 10 लोगों की गिरफ्तारी हुई है.
कांग्रेस की वजह से एक बार फिर हार गए तेजस्वी
कांग्रेस के 3 विधायक जिनके ना आने से RJD को हार का मुंह देखना पड़ा, वो हैं- मनोज विश्वास, मनोहर प्रसाद सिंह और सुरेन्द्र कुशवाहा. सुरेन्द्र कुशवाहा पहले उपेन्द्र कुशवाहा के साथ रह चुके हैं. इसलिए बिहार में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि कांग्रेस की वजह से एक बार फिर तेजस्वी यादव को हार का मुंह देखना पड़ा.
पढ़ें पूरी खबर- कांग्रेस की वजह से एक बार फिर हार गए तेजस्वी
राज्यसभा चुनाव: ओडिशा में BJP ने 2 सीटें जीतीं, BJD और निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई एक-एक सीट
सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को ओडिशा में हुए 2026 के राज्यसभा चुनावों में निर्णायक जीत हासिल की. पार्टी ने ओडिशा की चार में से तीन सीटों पर कब्ज़ा जमाया, जबकि विपक्षी बीजू जनता दल (BJD) को केवल एक सीट से संतोष करना पड़ा.
BJP की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और मौजूदा राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों के तौर पर राज्यसभा के लिए चुने गए.
चौथी सीट के लिए हुए कड़े मुकाबले में, BJP समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय ने BJD के साझा उम्मीदवार डॉ. दत्तेश्वर होता को शिकस्त दी.
वहीं, BJD के उम्मीदवार संतृप्त मिश्रा ने राज्य की तीसरी सीट अपने नाम की.
विधानसभा मतदान में पूर्ण भागीदारी
सोमवार को हुए राज्यसभा चुनावों में ओडिशा विधानसभा के सभी 147 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
ये नतीजे राज्य की राजनीति में एक अहम मोड़ साबित हुए हैं. इससे पहले 2024 के विधानसभा चुनावों में BJP ने जीत हासिल कर BJD के 24 साल के शासन का अंत कर दिया था.
रिपोर्ट- देव कुमार
बिहार-ओडिशा में राज्यसभा चुनाव में विपक्षी उम्मीदवार की हार
बिहार और ओडिशा में राज्यसभा चुनाव में विपक्षी उम्मीदवार की हार. हालांकि आधिकारिक परिणाम का अभी इंतजार है. दोनों राज्यों में बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में कांग्रेस,बीजेडी,आरजेडी के कुछ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर दिया! हालांकि हरियाणा में जरूर कांग्रेस जीत सकती है!
बिहार में NDA ने सभी 5 सीटें जीती, तेजस्वी ने कबूल की हार
बिहार के राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी 5 उम्मीदवार जीत गए हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश राम चुनाव जीत गए हैं. हालांकि आधिकारिक ऐलान में अभी करीब एक घंटे का वक्त लगेगा. तेजस्वी यादव ने भी अपनी हार कुबूल की है.
उन्होंने कहा है कि अगर हमारे सभी विधायकों ने वोट किया होता तो हम जीतते.
हरियाणा में वोट विवाद पर काउंटिंग रुकी, खरगे ने EC को लिखा लेटर
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव की काउंटिंग विवाद के कारण रोक दी गई है. यहां तीन वोटों पर ऑब्जेक्शन लगने के बाद अभी तक काउंटिंग शुरू नहीं हो सकी. परमवीर सिंह, भरत बेनीवाल और अनिल विज के वोट पर ऑब्जेक्शन लगी है. चुनाव आयोग को शिकायत भी दी गई है. केंद्रीय चुनाव आयोग से फैसला आने के बाद ही काउंटिंग प्रक्रिया शुरू होगी. तीनों के वोट वैध माने जाएंगे या अवैध... उसपर सबकी नजर है. इधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयोग को लेटर लिखा है. लेटर में उन्होंने लिखा- हरियाणा में हो धांधली पर तुरंत हस्तक्षेप करें.
राजद नेता बोले- राजनीति में खरीद-फरोख्त का खेल चल रहा, यह ठीक नहीं
RJD नेता शक्ति सिंह यादव ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "हमारे पक्ष में 41 की संख्या थी और सत्ता पक्ष में 3 की संख्या कम थी, तो सत्ता और धन दोनों का इस्तेमाल स्वाभाविक है. सिर्फ बिहार नहीं आप ओडिशा में देखिए, वहां भी BJD के विधायकों को अपने(भाजपा) पक्ष में कर लिया गया... राजनीति में खरीद-फरोख्त का जो खेल चल रहा है वह ठीक नहीं है... यह राजनीति कहां जा रही है? अगर नीतीश कुमार सचेत होते तो निर्विरोध चुनाव हो जाता... जो लोग आज नहीं आए उन्होंने अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता, समाज में अपनी पहचान खोई है..."
#WATCH | पटना: RJD नेता शक्ति सिंह यादव ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "हमारे पक्ष में 41 की संख्या थी और सत्ता पक्ष में 3 की संख्या कम थी, तो सत्ता और धन दोनों का इस्तेमाल स्वाभाविक है। सिर्फ बिहार नहीं आप ओडिशा में देखिए, वहां भी BJD के विधायकों को अपने(भाजपा) पक्ष में कर लिया… pic.twitter.com/kLel0LQZvT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 16, 2026
बिहार डिप्टी सीएम विजय सिन्हा बोले- राजद-कांग्रेस का व्यवहार सामने आ गया
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "आज RJD-कांग्रेस का व्यवहार सामने आ गया है कि उनके विधायकों ने ही वोट देने से इनकार कर दिया. पहले तो जनता ने उन्हें वोट देने से इनकार कर दिया... NDA का शत-प्रतिशत मतदान हुआ और मतगणना के बाद सारी स्थिति स्पष्ट होगी... होटल में लोगों को वे बांधकर रख रहे हैं, लोगों को डराने का काम RJD-कांग्रेस का है..."
#WATCH | पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "आज RJD-कांग्रेस का व्यवहार सामने आ गया है कि उनके विधायकों ने ही वोट देने से इनकार कर दिया। पहले तो जनता ने उन्हें वोट देने से इनकार कर दिया... NDA का शत-प्रतिशत मतदान हुआ और मतगणना के बाद सारी… pic.twitter.com/hx0dPNEw5x
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 16, 2026
बिहारः एनडीए प्रत्याशी शिवेश राम बोले- हम सब लोग एकुजट
राज्यसभा चुनाव के लिए प्रदेश से भाजपा उम्मीदवार शिवेश राम ने कहा, "...हमारे 202 विधायक हमारे साथ हैं. हम सब एक परिवार के रूप में काम करने वाले हैं... हम सब लोग एकजुट थे... दूसरी वरीयता का मत सिर्फ NDA के पास था, महागठबंधन के पास नहीं था. यही हमारी जीत का सबसे बड़ा कारण है... उनके(RJD) नेता दावा कर रहे थे कि उन्होंने उन्हें होटल में रखा है, तो अब वे कहां गए ये तो वे ही बता सकते हैं."
#WATCH | पटना: राज्यसभा चुनाव के लिए प्रदेश से भाजपा उम्मीदवार शिवेश राम ने कहा, "...हमारे 202 विधायक हमारे साथ हैं। हम सब एक परिवार के रूप में काम करने वाले हैं... हम सब लोग एकजुट थे... दूसरी वरीयता का मत सिर्फ NDA के पास था, महागठबंधन के पास नहीं था। यही हमारी जीत का सबसे बड़ा… pic.twitter.com/9zOdUMtMGs
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 16, 2026
राज्यसभा चुनाव: महागठबंधन के 37 विधायक मतदान के लिए पहुंचे, कांग्रेस के 3 और RJD का 1 विधायक गायब
बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है, और महागठबंधन के कुल 37 विधायक अब तक वोट डालने पहुंचे हैं. इनमें
RJD के 24,
AIMIM के 5,
माले के 2,
सीपीएम का 1,
BSP का 1,
IIP का 1,
कांग्रेस के 3 विधायक शामिल हैं.
कांग्रेस और RJD के कुछ विधायक अभी तक नहीं पहुंचे
महागठबंधन के तीन कांग्रेस विधायक और RJD का एक विधायक अब तक मतदान केंद्र नहीं पहुंचे हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है.
एनडीए की ओर से भी एक विधायक गायब
इसी बीच JDU के विधायक अजीत कुमार भी अब तक वोट डालने नहीं पहुंचे हैं, जिससे दोनों गठबंधनों के समीकरणों पर सवाल उठने लगे हैं.
Rajya Sabha Elections 2026 LIVE: AIMIM के विधायकों ने महागठबंधन के पक्ष में किया मतदान
राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार में AIMIM के 5 विधायकों ने महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया है.
अब तक वोट डालने नहीं पहुंचे JDU के दो विधायक
बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है. एनडीए की तरफ से 200 विधायकों ने वोट किया है. कांटी विधायक अजीत कुमार, गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार अब तक वोट डालने नहीं आए हैं. दोनों जदयू कोटे के विधायक हैं.
महागठबंधन के 4 विधायक अब तक वोट डालने नहीं आए हैं. अगर 4 विधायक एब्सेंट रहते हैं तो जीत के लिए निर्धारित कोटा 41 से घटकर 40 हो जाएगा.
बिहार विधानसभा में NDA के 110 विधायक अब तक वोट डाल चुके
बिहार विधानसभा में NDA के 110 विधायक अब तक वोट डाल चुके हैं. भाजपा ने अपने सीनियर नेताओं को नए विधायकों से वोट कराने की जिम्मेदारी दी है. वरीय नेताओं को 10-10 विधायकों का वोट कराना है.
गौरतलब है कि कांग्रेस के 3 विधायक अब तक वोट डालने नहीं पहुंचे हैं.
BSP विधायक ने महागठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में डाला वोट
बिहार विधानसभा में बीएसपी के इकलौते विधायक सतीश यादव ने महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया. सतीश यादव ने कहा कि NDA की तरफ से भी कई ऑफर मिले पर हमने महागठबंधन को अपना समर्थन दिया है. सतीश यादव ने दावा किया है की पांचवी सीट महागठबंधन जीतेगी.
राज्यसभा चुनाव के लिए मैथिली ठाकुर ने डाला वोट
मैथिली ठाकुर ने राज्यसभा चुनाव के लिए पहली बार वोट डाला है. मैथिली ने कहा है की हम सभी पांच सीट पर एनडीए के उम्मीवार जीतेंगे.
विपक्ष इससे पहले भी विधानसभा चुनाव में दावे कर रहे थे. लेकिन हम लोग इस चुनाव में सभी पांच सीट पर चुनाव जीतेंगे.
बिहार विधानसभा में राज्यसभा के लिए वोटिंग शुरू
बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है. सबकी निगाहें पांचवीं सीट पर टिकी हुई हैं, दोनों खेमों ने अपना पूरा दमखम लगाया है. महागठबंधन ने पूरे विपक्षी खेमे को साध लिया है. AIMIM और बहुजन समाज पार्टी के विधायक उसके समर्थन में हैं, लेकिन कांग्रेस के दो विधायकों ने महागठबंधन की चिंता बढ़ा दी है. बाल्मिकी नगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास से पार्टी नेताओं का संपर्क नहीं हो पा रहा है. AIMIM के भी एक विधायक पर महागठबंधन के नेताओं को संदेह है.
बिहार चुनाव में कौन करेगा क्रॉस वोटिंग?
राज्यसभा चुनाव पर तेजस्वी यादव- क्रॉस‑वोटिंग के बिल्कुल पक्ष में नहीं
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि हम पूरी मजबूती के साथ जीतने के लिए लड़ रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रॉस‑वोटिंग के बिल्कुल पक्ष में नहीं हैं और महागठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं.
तेजस्वी ने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता और सिद्धांतों से लड़ा जा रहा है और विपक्षी खेमे में किसी तरह की टूट‑फूट की गुंजाइश नहीं है.
आज शाम तक आएंगे नतीजे
बिहार, ओडिशा और हरियाणा में मतदान के बाद आज शाम तक नतीजे आ जाएंगे. सभी दलों की उम्मीदें क्रॉस-वोटिंग पर टिकी हैं, इसलिए कई सीटों पर चौंकाने वाले नतीजे आने की संभावना है.
ओडिशा में भी क्रॉस वोटिंग की भारी आशंका
ओडिशा में विपक्षी दल कांग्रेस ने आज होने वाले राज्यसभा चुनाव में ‘क्रॉस-वोटिंग' की आशंकाओं के मद्देनजर अपने आठ विधायकों को कर्नाटक भेज दिया है. दूसरी ओर राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने एक बयान में कहा है कि पार्टी ने अपने सभी विधायकों से शुक्रवार से रविवार तक हर शाम पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक के आवास पर होने वाली आवश्यक बैठकों में भाग लेने को कहा था. कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी ने गुरुवार रात को अपने सभी 14 विधायकों को राज्य की राजधानी भुवनेश्वर बुलाया था और फिर मुख्य सचेतक सीएस राजेन एक्का समेत आठ को बेंगलुरु भेज दिया.
हरियाणा में कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर
कांग्रेस की राज्यसभा चुनाव को लेकर रिसॉर्ट पॉलिटिक्स जारी है.पहले कांग्रेस ने ओडिशा के 14 विधायकों को भुवनेश्वर से बेंगलुरु भेजा.यहां उन्हें रामनगर के बिदादी रिसोर्ट में रखा गया है. कनार्टक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार उनकी खातिरदारी कर रहे हैं. उसी तरह कांग्रेस ने हरियाणा के 37 में से 31 विधायकों को चंडीगढ़ से शिमला के पास कुफरी के द ट्वीन टावर्स में ठहराया है और इनकी मेजबानी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कर रहे हैं.रिसॉर्ट के बाहर हिमाचल पुलिस तैनात है और किसी को बाहर जाने की जरूरत नहीं है.इस रिसोर्ट में कांग्रेस ने 33 कमरे बुक कराए हुए हैं.