राजपाल यादव आज यानी16 मार्च को 54वां जन्मदिन मना रहे हैं. अपनी अलग कॉमिक टाइमिंग और एक्सप्रेशन की वजह से उन्होंने हिंदी फिल्मों में ऐसी पहचान बनाई है कि छोटा सा रोल भी दर्शकों को याद रह जाता है. उनके करियर में कई यादगार फिल्में रही हैं, जिसमें चुप चुपके, भूल भुलैया, ढोल और फिर हेरा फेरी जैसी फिल्मों का नाम शामिल है. लेकिन वन डे में 14797 रन बनाने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को राजपाल यादव की वो फिल्म फेवरेट है, जो बॉक्स ऑफिस पर भले ही फ्लॉप रही हो. लेकिन दर्शकों के बीच आज भी पॉपुलर है.
विराट कोहली को पसंद है राजपाल यादव की ये फिल्म
साल 2007 में रिलीज हुई कॉमेडी फिल्म ‘ढोल' का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर प्रियदर्शन ने किया था. फिल्म में राजपाल यादव के साथ शरमन जोशी, कुणाल खेमू और तुषार कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. पिंकविला से बात करते हुए ढोल के निर्देशक प्रियदर्शन ने कहा, “मुझे ये दोनों फिल्में बहुत पसंद थीं, लेकिन ये थिएटर में फ्लॉप रहीं. लेकिन OTT का शुक्र है कि अब लोग इन फिल्मों का आनंद उठा रहे हैं. जब मैंने ‘ढोल' बनाई थी, तो मुझे सच में लगा था कि यह फिल्म अच्छा करेगी. अब मुझे बहुत खुशी होती है जब मैं देखता हूं कि विराट कोहली और दूसरे लोग कहते हैं कि वे अपने क्रिकेट मैच से पहले आराम करने के लिए ‘ढोल' देखते हैं. वे तो आपस में फिल्म के डायलॉग भी बोलते हैं.”
विराट कोहली बता चुके हैं फेवरेट
इससे पहले एक इंटरव्यू के दौरान राजपाल यादव की ढोल का जिक्र करते हुए भी विराट कोहली नजर आए थे और फिल्म को लेकर खुशी जाहिर की.
ढोल का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
दिलचस्प बात यह है कि आज जिस फिल्म को लोग टीवी और इंटरनेट पर देखकर खूब एंजॉय करते हैं, वह रिलीज के समय बड़ी हिट साबित नहीं हुई थी. उस दौर में फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला और इसे फ्लॉप माना गया. हालांकि 14 करोड़ के बजट में 33.27 करोड़ कमाई के साथ यह कमाई के मामले में हिट साबित हुई थी. समय के साथ इस फिल्म की लोकप्रियता बढ़ती चली गई. खासकर राजपाल यादव के मजेदार सीन और उनकी एक्सप्रेशन-भरी कॉमेडी दर्शकों को आज भी खूब हंसाती है.
राजपाल यादव ने कॉमेडी में बनाई अलग पहचान
राजपाल यादव उन कलाकारों में शामिल हैं जिन्होंने साइड रोल में भी अपनी अलग छाप छोड़ी है. हंगामा, चुप चुप के, गरम मसाला और भूल भुलैया जैसी फिल्मों में उनके किरदार आज भी दर्शकों को याद आते हैं. शायद यही वजह है कि बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने के बावजूद ‘ढोल' जैसी फिल्में आज भी लोगों को उतना ही हंसाती हैं. और यही कारण है कि यह फिल्म विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ी की भी फेवरेट बन गई.
ये भी पढे़ं- प्रियंका चोपड़ा नहीं निक जोनस ने जीता इंडियन फैंस का दिल, हाथ में बांधा कलावा, वीडियो हो रहा वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं