Bank Holiday November 2026: नवंबर महीने में त्योहारों की भरमार है. इस महीने दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा और गुरु नानक जयंती जैसे कई त्योहार पड़ रहे हैं. ऐसे में कई दिनो पर बैंक की छुट्टी रहने वाली है. RBI हॉलिडे कैलेजर के मुताबिक, देश के अलग-अलग शहरों में 16 दिन बैंक बंद रहेंगे. अगर आपको नवंबर में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो उसे पहले ही निपटा लेना बेहतर होगा. बता दें कि बैंक की छुट्टियां हर राज्य में एक जैसी नहीं होती हैं. त्योहारों और खास मौकों के हिसाब से अलग-अलग शहरों में बैंक बंद रहेंगे.
इसके अलावा रविवार और महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को भी बैंक बंद रहते हैं. SBI, HDFC Bank, ICICI Bank और Axis Bank के ग्राहकों को ब्रांच जाने से पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लेनी चाहिए. यहां जानिए अगले महीने कब-कब और कहां कहां बैंक की छुट्टी रहेगी....
नवंबर में 7 दिन वीकेंड की छुट्टी
इस महीने 5 रविवार और 2 शनिवार को बैंक बंद रहेंगे. यानी कुल 7 दिन पूरे देश में बैंकों की छुट्टी रहेगी. नवंबर के रविवार 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर हैं, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार 14 और 28 नवंबर हैं. इसके अलावा दिवाली और छठ समेत कई त्योहारों के चलते अलग-अलग राज्यों में बैंक बंद रहेंगे.
नवंबर कब-कब बैंक बंद?
- 9 नवंबर को अगरतला, भोपाल, चंडीगढ़, गंगटोक, इंफाल, जयपुर, कानपुर और लखनऊ में बैंक बंद रहेंगे. इस दिन दिवाली से जुड़े त्योहारों के साथ लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस की छुट्टी रहेगी.
- 10 नवंबर को अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, मुंबई और नागपुर में बैंक बंद रहेंगे. इन शहरों में बाली प्रतिपदा, गोवर्धन पूजा, लक्ष्मी पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के चलते छुट्टी रहेगी.
- 11 नवंबर को गंगटोक, इंफाल, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ और शिमला में बैंक बंद रहेंगे. इस दिन भाई दूज, निंगोल चकौबा, लक्ष्मी पूजा और चित्रगुप्त जयंती की छुट्टी है.
- मेघालय की राजधानी शिलांग में 13 नवंबर को वांगला फेस्टिवल के चलते बैंक बंद रहेंगे.
- बिहार और झारखंड में 16 नवंबर को बैंक बंद है. इस दिन पटना और रांची में छठ पूजा के चलते बैंक बंद रहेंगे.
- 20 नवंबर को उत्तराखंड के देहरादून में इगास-बग्वाल के चलते बैंक बंद रहेंगे.
- 23 नवंबर को मेघालय के शिलांग में सेंग कुट स्नेम के मौके पर बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी.
- 24 नवंबर को कई शहरों में गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और राहस पूर्णिमा के चलते बैंक बंद रहेंगे. इनमें आइजोल, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, देहरादून, हैदराबाद, ईटानगर, जम्मू, जयपुर, कानपुर, कोहिमा, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर शामिल हैं.
- 27 नवंबर को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कनकदास जयंती के चलते बैंक बंद रहेंगे.
इसलिए बैंक ब्रांच जाने से पहले अपने शहर की बैंक की छुट्टियों की लिस्ट जरूर चेक कर लें. हालांकि परेशान होने की कोई बात नहीं है. बैंक बंद रहने के दौरान भी ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ATM जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | Gold Silver Crash: चांदी एक झटके में 4,000 रुपये गिरकर ₹1.85 लाख पर आई, सोना भी हो गया सस्ता, जानें ताजा भाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं