विज्ञापन
This Article is From Jun 28, 2025

नक्शे से बहुत भव्य है भारत... PM मोदी से बातचीत में बोले ISS पर मौजूद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला

पीएम मोदी ने शुभांशु से कहा कि आपके नाम में भी शुभ है, आपकी यात्रा नए युग का शुभारंभ भी है. बात हम दोनों कर रहे हैं, लेकिन मेरी आवाज में 140 करोड़ भारतीयों का उत्साह और उमंग भी है. 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ISS पर मौजूद शुभांशु शुक्ला से अंतरिक्ष में बात की.
  • शुभांशु ने अंतरिक्ष से देखने पर भारत की भव्यता की सराहना की.
  • पीएम मोदी ने गगनयान और भविष्य के मिशनों पर शुभांशु से चर्चा की.
  • शुभांशु ने कहा कि आज का भारत सपनों को साकार करने का मौका देता है.
नई दिल्ली:

इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में गए पहले भारतीय शुभांशु शुक्ला से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बात की. पीएम मोदी ने बातचीत की शुरुआत नमस्कार से की. कहा कि आज आप भारत से दूर हैं, लेकिन भारत की आकांक्षाएं आपके साथ हैं. पीएम ने कहा कि आपके नाम में भी शुभ है, आपकी यात्रा नए युग का शुभारंभ भी है. बात हम दोनों कर रहे हैं, लेकिन मेरी आवाज में 140 करोड़ भारतीयों का उत्साह और उमंग भी है. अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने के लिए आपको शुभकामनाएं देता हूं. 

पीएम मोदी ने पूछा कि वहां सब कुशल मंगल हैं न, आपकी तबीयत तो ठीक है न? इस पर शुक्ला ने कहा कि भारतीयों की शुभकामनाओं से मैं यहां ठीक हूं. उन्होंने कहा कि जब मैं छोटा था, तो कभी सोचा भी नहीं था कि कभी अंतरिक्ष में पहुंचुंगा. आज आपके (पीएम मोदी के) नेतृत्व में आज का भारत सपनों को साकार करने का मौका देता है. इसी का परिणाम है कि मैं देश का प्रतिनिधित्व कर पा रहा हूं. 

पीएम मोदी ने शुभांशु से पूछा कि आप जो गाजर हलवा, मूंग दाल हलवा, आम रस लेकर गए हैं, वो अपने साथियों को खिलाया या नहीं? इस पर शुभांशु ने कहा कि बिल्कुल हम सभी ने इसका स्वाद लिया. शुभांशु शुक्ला ने बताया कि अंतरिक्ष से देखने पर भारत बहुत भव्य नजर आता है, जितना वह नक्शे में दिखता है, उससे भी ज्यादा भव्य दिखता है. 

पीएम मोदी ने कहा कि मेरी आदत है कि जब किसी से मिलता हूं, होमवर्क भी देता हूं. शुभांशु से पीएम मोदी ने कहा कि आपका होमवर्क ये है कि आपको जो अनुभव मिल रहा है, उससे हमें गगनयान को आगे बढ़ाना है, हमें अपना खुद का स्पेस स्टेशन बनाना है, चंद्रमा पर भारतीय एस्ट्रॉनॉट की लैंडिंग भी करानी है. 

इस पर शुभांशु ने कहा कि यहां पर मुझे जो अनुभव मिल रहे हैं, वह बहुत कीमती हैं. मैं जब वापस आऊंगा, तो निश्चित ही गगनयान समेत अन्य मिशनों को आगे बढ़ाने के लिए काम करूंगा. शुभांशु ने बताया कि गगनयान को लेकर स्पेस स्टेशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों में भी उत्साह है. मुझे खुशी हुई जब उन्होंने पूछा कि हम कब गगनयान पर जा सकते हैं. 

पीएम मोदी ने शुभांशु से कहा कि हम सबको आपकी वापसी का इंतजार है. अपना ध्यान रखिए, मां भारती का सम्मान बढ़ाते रहिए. आपके साथ 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं हैं. पीएम मोदी ने भारत माता की जय से बातचीत का समापन किया. शुभांशु ने भी जवाब में भारत माता की जय कहा. 

इससे पहले अंतरिक्ष में सफल उड़ान भरने के लिए शुभांशु शुक्ला और उनके अन्य साथियों को पीएम मोदी ने बुधवार को बधाई दी थी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा था कि भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर अंतरिक्ष मिशन के सफल प्रक्षेपण का स्वागत करते हैं.

पीएम मोदी ने आगे लिखा था कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं. वह अपने साथ 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर गए हैं. उन्हें और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएं.

याद दिला दें कि भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला तीन अन्य साथियों के साथ Axiom-4 मिशन के जरिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पहुंचे हैं. ये सभी स्पेसएक्स के नए ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट पर सवार होकर ISS पहुंचे हैं. इसे अमेरिका के फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से फाल्कन-9 रॉकेट के जरिए छोड़ा गया था. 

इस मिशन की अगुआई अमेरिका की कमांडर पैगी व्हिटसन कर रही हैं. शुभांशु शुक्ला इसके मिशन पायलट हैं. उनके अलावा हंगरी के अंतरिक्ष यात्री टिबोर कपू और पोलैंड के स्लावोज़ उज़्नान्स्की विस्नीव्स्की मिशन एक्सपर्ट के तौर पर गए हैं. 

शुभांशु शुक्ला ऐसे दूसरे भारतीय हैं, जो अंतरिक्ष में पहुंचे हैं. उनसे पहले राकेश शर्मा ने 1984 में अंतरिक्ष का सफर तय किया था. वह रूसी सोयूज रॉकेट के जरिए स्पेस में गए थे और सैल्यूट-7 स्पेसक्राफ्ट पर सात दिनों तक रहे थे. लेकिन ये पहली बार है, जब कोई भारतीय अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर पहुंचा है.
 


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shubhanshu Shukla, Narendra Modi, Pm Modi Shubhanshu Shukla
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com