इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी की मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को 27 अप्रैल को जमानत मिल गई थी. जमानत मिलने के बाद सोनम रघुवंशी ने स्थानीय मीडिया ईस्ट मोजो को इंटरव्यू दिया है. इसमें सोनम ने बताया कि वह शिलॉन्ग में ही रह रही है. उसने यह भी कहा कि फिलहाल इंदौर जाने का कोई प्लान नहीं है.
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने जमानत के बाद सोनम के नेपाल भागने का आरोप लगाया था. इस पर उसने कहा कि वह कहीं नहीं भागी है, शिलॉन्ग में ही है. उसने कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें.
सोनम पर अपने ही पति राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप है. दोनों पिछले साल हनीमून के लिए मेघालय आए थे, तभी सोनम ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर राजा की हत्या कर दी थी. दोनों इंदौर के रहने वाले थे. सोनम को लगभग 10 महीने बाद जमानत मिली है. जबकि राजा के परिवार वालों ने सोनम को फांसी देने की मांग की है.
सोनम ने क्या-क्या कहा?
इंटरव्यू में सोनम ने बताया कि वह शिलॉन्ग में ही रहती हैं लेकिन कहां रहती हैं, सुरक्षा कारणों से उसके बारे में नहीं बता सकती. सोनम ने अपने खर्चे के बारे में भी कुछ नहीं बताया. उसने कहा कि यह निजी मामला है.
इंदौर जाने के सवाल पर सोनम ने कहा कि अभी यहीं पर ट्रायल चल रहा है, इसलिए वह यहां है. उसने कहा कि जब तक मामला खत्म नहीं हो जाता, तब तक इंदौर नहीं जाएंगी.
हालांकि, ज्यादातर सवालों के जवाब में सोनम ने यही कहा कि मामला अभी कोर्ट में चल रहा है, इसलिए वह इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकती. उसने कहा कि जमानत की सभी शर्तों का पालन कर रही हूं. उसने कहा कि जो शर्तें हैं, उनका सम्मान करते हुए पालन कर रही हूं. मेरे मन में न्यायपालिका के लिए हमेशा से सम्मान रहा है और हमेशा रहेगा.
यह भी पढ़ेंः राजा रघुवंशी हत्याकांड: पुलिस की टाइपिंग मिस्टेक बनी सोनम की ढाल, शिलॉन्ग कोर्ट से मिली जमानत

वकील ने क्या बताया?
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने आरोप लगाया था कि जमानत मिलने के बाद सोनम नेपाल भाग गई. ये आरोप सोनम के वकील सुदीप राणा पर लगाया था.
इंटरव्यू के दौरान सुदीप राणा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए झूठा बता दिया. उन्होंने कहा कि वह नेपाली हैं, इसलिए इसका मतलब यह नहीं है मैं नेपाल से हूं. मेरा जन्म और पालन-पोषण शिलॉन्ग में ही हुआ है.
उन्होंने कहा कि सारे आरोप झूठे हैं. सोनम खुद यहां मौजूद है. आज अदालत में पेशी भी हुई. मैं भी इस समय कोर्ट परिसर में ही हूं, जिससे साबित होता है कि हम कभी शिलॉन्ग से बाहर नहीं गए.
उन्होंने बताया कि कोर्ट में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल हो चुकी है. प्रॉसिक्यूशन (सरकारी वकील) की ओर से बहस पूरी हो चुकी है. हमने भी अपना जवाब दाखिल कर दिया है.
क्या है पूरा मामला?
11 मई 2025 को राजा और सोनम की शादी हुई थी. दोनों 21 मई को हनीमून मनाने के लिए मेघालय आए थे. 23 मई को दोनों लापता हो गए थे.
पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की. 3 जून 2025 को मेघालय की एक गहरी खाई से राजा का शव मिला. इसके बाद जब जांच शुरू हुई तो पता चला कि राजा की हत्या हुई है. जांच के दौरान राजा की पत्नी सोनम की भूमिका सामने आई.
9 जून को पुलिस ने यूपी के गाजीपुर स्थित एक ढाबे से सोनम को गिरफ्तार किया था. सोनम के अलावा उसके 4 साथियों को भी आरोपी बनाया गया है.
यह भी पढ़ेंः उसे आखिर जमानत कैसे? सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने पर राजा के मां और भाई का दर्द सुन लें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं