उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा लोगों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है. शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल श्यामगंज फ्लाईओवर पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया. स्कूटी से जा रहे 15 वर्षीय किशोर वीर सिंह गंगवार अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए, जिससे उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई.
घायल किशोर वीर सिंह गंगवार, गन्ना मंत्री संजय गंगवार के भतीजे और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार के बेटे हैं. घटना के बाद उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. हालत नाजुक है. परिवार और प्रशासन दोनों इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं.
स्टेडियम जा रहे थे वीर सिंह
दरअसल, वीर सिंह गंगवार अपनी स्कूटी से स्टेडियम जा रहे थे. जब वह श्यामगंज फ्लाईओवर पर पहुंचे, तो अचानक हवा में लटक रहा चाइनीज मांझा उनके गले में आकर फंस गया. तेज रफ्तार में होने की वजह से मांझा गर्दन पर गहराई से लग गया और वह संतुलन खो बैठे. इसके बाद स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए.
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और परिवार को सूचना दी. कुछ ही देर में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे की खबर फैलते ही इलाके में लोगों ने भी नाराजगी जताई और सवाल उठाया कि जब चाइनीज मांझे पर पहले से रोक है तो यह खुलेआम बाजार तक कैसे पहुंच रहा है.
गन्ना मंत्री संजय गंगवार ने जताया दुख
घटना की जानकारी मिलते ही गन्ना मंत्री संजय गंगवार भी पीलीभीत से तुरंत बरेली पहुंचे. अस्पताल पहुंचकर उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और परिवार से मुलाकात की. अस्पताल में बातचीत के दौरान मंत्री संजय गंगवार ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार ने पहले ही चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगा रखा है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं होना चिंता की बात है. उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रशासन से जवाब लिया जाएगा.
मंत्री ने साफ कहा कि वह बरेली के डीएम और एसएसपी से बात करेंगे और यह जानेंगे कि प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज मांझा कैसे बिक रहा है? उन्होंने यह भी कहा कि सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर इस पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पीलीभीत में इस तरह का मांझा आसानी से दिखाई नहीं देता, लेकिन बरेली में इसकी उपलब्धता चिंता बढ़ा रही है.
चाइनीज मांझे के खिलाफ चलाएंगे अभियान
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि पहले से चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. अब इस घटना के बाद दोबारा अभियान तेज किया जाएगा. जहां भी प्रतिबंधित मांझा बिकता मिला, वहां कार्रवाई की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं