" दो साल पहले अपने ठेले पर हीरो का पोस्टर लगता था मगर अब विराट के अलावा कोई नहीं " अमित के ठेले पर विराट कोहली ही बेल के शर्बत के ब्रांड एम्बेसेडर हैं। लखनऊ से आया अमित दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश से गुजर रहा था। उसके ठेले पर विराट कोहली की खिलखिलाती तस्वीर ने मुझे रोक लिया। मुझसे रहा नहीं गया तो बात करने लगा। अमित ने कहा, सर जी न्यूज़ वाले हो, मेरी फोटो क्यों ले रहे हो। कहीं केस मुकदमा हो गया तो। मैंने अमित के कंधे पर हाथ रख दिया और कहा कि तुम्हारे विराट का दिल इतना तो छोटा नहीं होगा कि वह इस ठेले से अपनी तस्वीर हटवाएगा।
अमित खुश हो गया और विराट कोहली की बात करने लगा। विराट किसी के दबाव में नहीं खेलता है। विराट हार-जीत के लिए नहीं खेलता है। विराट क्रिकेट खेलता है। अमित जितनी बार विराट का नाम लेता, उसके चेहरे पर बेल के शर्बत की मिठास पसर जाती। एक खिलाड़ी अपने खेल से इस चिलचिलाती धूप में चले जा रहे किसी मजदूर के जीवन में कितना कुछ भर देता है। इतनी धूप में वह विराट का नाम ऐसे ले रहा था जैसे विराट कोई पेड़ हो और जिसकी छाया में शर्बत बेच रहा हो।
गर्मियां आते ही लस्सी, जूस और शर्बतों के ठेले पर हमारे फिल्मी और क्रिकेट के नायक आ जाते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान ऐसे ही एक ठेले वाले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगा ली थी। अमित के लिए विराट कोहली सिर्फ क्रिकेटर नहीं है। विराट का साहस उसके जीने का हौसला है। विराट को बेल का शर्बत पिलाओगे? अमित तो शर्मा ही गया जैसे उसकी दुल्हन ने तिरछी नजर से देख लिया हो। कहां सर जी? अरे विराट दिल्ली का बंदा है। इधर किसी दिन मिल जाएगा तो पिला देना। मैं कौन सा विराट कोहली को जानता हूं। पर यार विराट कभी कोई ऐसा दीवाना मिल जाए तो उसके हाथ से शर्बत पी लेना। आम लोग अपने प्यार को ऐसे ही संभाले धूप में जलते रहते हैं। प्यार के नाम पर बेल की शर्बत पिलाते रहते हैं।
OPINION
This Article is From May 12, 2016
विराट का नाम लेकर बेल के शर्बत की मिठास पसर जाती है उसके चेहरे पर...
" दो साल पहले अपने ठेले पर हीरो का पोस्टर लगता था मगर अब विराट के अलावा कोई नहीं " अमित के ठेले पर विराट कोहली ही बेल के शर्बत के ब्रांड एम्बेसेडर हैं। लखनऊ से आया अमित दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश से गुजर रहा था। उसके ठेले पर विराट कोहली की खिलखिलाती तस्वीर ने मुझे रोक लिया।
Ravish Kumar
- Ravish Kumar is Senior Executive Editor, NDTV India
- मई 12, 2016 15:41 pm IST
- Read Time: 3 mins
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
विराट कोहली, क्रिकेटर, बेल शर्बत विक्रेता अमित, विराट का फैन, ब्लॉग, रवीश कुमार, Virat Kohli, Cricketer, Virat Kohli Fan, Blog, Ravish Kumar