विज्ञापन
OPINION

दूध पर छाई महंगाई, जानें-पशुपालकों की थाली में क्यों नहीं आ रही मलाई

उत्तराखंड में दूध के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं. लेकिन इससे भी वहां के पशुपालकों की मुश्किलें कम होने वाली नहीं है. क्या हैं उनकी समस्याएं बता रहे हैं हिमांशु जोशी.

हिमांशु जोशी
  • कॉलमिस्ट
दूध पर छाई महंगाई, जानें-पशुपालकों की थाली में क्यों नहीं आ रही मलाई
उत्तराखंड में जिस रफ्तार से दूध के दाम बढ़े हैं, उससे कई गुना अधिक रफ्तार से वहां चारे की कीमतें बढ़ी हैं.
indian cooperative

उत्तराखंड में आंचल दूध के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं, लेकिन मुनाफे की यह मलाई पशुपालकों की थाली से गायब है. नैनीताल जिले के प्रमुख दुग्ध उत्पादक क्षेत्र बिंदुखत्ता में पशुपालक दोहरे संकट से जूझ रहे हैं. एक तरफ पिछले दस साल में 400 रुपये क्विंटल मिलने वाला भूसा 3000 रुपये पार कर गया है और बीमारियों से मवेशी दम तोड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जर्सी गायों के आने से दूध की मात्रा तो बढ़ी है, लेकिन उससे निकलने वाला घी आधा रह गया है.

उत्तराखंड पशुपालन विभाग की रिपोर्ट में जिला स्तर पर दुग्ध कारोबार के आंकड़े भी दिए गए हैं. दिसंबर 2024 तक नैनीताल जिले में 619 और ऊधम सिंह नगर में 447 दुग्ध समितियां थीं. सरकारी तालिका के मुताबिक, 2020-21 से 2024-25 (दिसंबर तक) के बीच नैनीताल जिले में औसत दैनिक दूध संग्रह/बिक्री करीब 82,604 से 84,780 लीटर के दायरे में रहा.ये आंकड़े जिला स्तर पर दुग्ध कारोबार की स्थिति दिखाते हैं. रिपोर्ट में बिंदुखत्ता का अलग से दूध उत्पादन या पशुओं की नस्लवार उत्पादकता का ब्योरा नहीं दिया गया है. 

बिंदुखत्ता के संजय नगर की निवासी रश्मि बिष्ट बताती हैं कि उनके इलाके में अब ज्यादातर जर्सी और संकर नस्ल की गायें हैं. करीब दस साल पहले गांव में पहाड़ी गायें अधिक देखने को मिलती थीं. समय के साथ जर्सी और संकर नस्ल की गायों की संख्या बढ़ी है.

रश्मि बिष्ट के मुताबिक, पिछले दस सालों में गायों से मिलने वाले दूध की औसत मात्रा बढ़ी है. उन्होंने कहा "मौसम के हिसाब से दूध उत्पादन में अंतर आता है. सर्दियों में उनकी गाय करीब छह लीटर दूध देती है, जबकि गर्मियों में यह मात्रा घटकर पांच लीटर रह जाती है."

रश्मि का कहना है कि दूध की मात्रा बढ़ने के साथ उसकी गुणवत्ता प्रभावित हुई है. पहले पांच लीटर दूध से करीब एक लीटर घी निकल जाता था, लेकिन अब इतनी ही मात्रा से आधा लीटर घी मिलता है. उनके मुताबिक, दूध से मक्खन भी पहले के मुकाबले कम निकलता है.

महंगा हुआ भूसा, पशुओं की सेहत भी चिंता का विषय

पशुओं के खान-पान पर होने वाला खर्च भी बढ़ा है. रश्मि बताती हैं कि पशुओं को सामान्य चारे के साथ कैल्शियम भी दिया जाता है. खासतौर पर बछड़ा होने के समय इसका इस्तेमाल किया जाता है. उनके मुताबिक, दस साल पहले भूसा करीब 400 रुपये प्रति क्विंटल मिलता था, जिसकी कीमत अब बढ़कर तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है.

रश्मि का कहना है कि इस सीजन में कई पशुओं की मौत हुई है.खुरपका-मुंहपका और लंपी त्वचा रोग जैसी बीमारियां भी सामने आई हैं. उनका मानना है कि चारे की गुणवत्ता ठीक नहीं होने से पशुओं का पाचन प्रभावित हो रहा है. बरसात के मौसम में बीमारियां ज्यादा देखने को मिलती हैं. गर्मियों में पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए पंखों का इंतजाम करना पड़ता है.

35 रुपये लीटर दूध खरीदती है डेयरी, 60 रुपये में बेचती है 

दूध की खरीद और बिक्री की कीमतों में भी बदलाव आया है. रश्मि बिष्ट के मुताबिक, गांव में पशुपालकों से दूध करीब 35 रुपये प्रति लीटर खरीदा जाता है. कंपनी इसी दूध को उपभोक्ताओं को करीब 60 रुपये प्रति लीटर बेचती है. दस साल पहले पशुपालकों को दूध के लिए 20 से 25 रुपये प्रति लीटर तक मिलते थे.

चारे और मौसम के साथ बीमारियों का भी असर

पशुओं की सेहत को लेकर नैन सिंह मेहता भी चिंता जताते हैं. वे पशु चिकित्सा विभाग से रिटायर हैं और उन्हें करीब 40 वर्षों तक पशुओं के इलाज का अनुभव है. उनका कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में रासायनिक खाद और दवाइयों के इस्तेमाल से उगाए गए चारे को खाने की वजह से पशुओं में बीमारियां बढ़ी हैं. पशुओं की संख्या कम होने से गोबर की खाद का इस्तेमाल भी घटा है.

मेहता के मुताबिक, पशुओं में खुरपका-मुंहपका, अफारा और गलघोंटू जैसी बीमारियां देखने को मिल रही हैं. कुछ मामलों में समय से पहले बच्चा होने और उसके बाद पशु की मौत होने की समस्या भी सामने आती है. वे कहते हैं कि सर्दियों में पशुओं को धूप दिखाना जरूरी है. संक्रामक बीमारियां एक पशु से दूसरे पशु में फैल सकती हैं, इसलिए बीमार पशुओं को अलग रखना और समय पर इलाज कराना जरूरी है.

(डिस्क्लेमर: इस लेख में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Milk, Milk Processing, Milk Product, Dairy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com