- समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची में पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं.
- इस लिस्ट में सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर सदर सीट भी हैं, इन दोनों सीटों पर कांग्रेस ने भी दावा ठोका है.
- बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है जो इमरान मसूद की लोकसभा सीट में आते हैं.
SP Candidates List For UP Election 2027: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी प्रत्याशियों की पहली लिस्ट का ऐलान कर दिया है. इस सूची में 5 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं. सपा ने सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर सदर सीट से कैंडिडेट भी घोषित किए हैं. इसके अलावा शामली, अमरोहा और ललितपुर से भी कैंडिडेट तय कर दिए हैं. सहारनपुर की दोनों ही सीटों को कांग्रेस ने मांगा था. ऐसे में सपा ने बातचीत फाइनल हुए बिना ही प्रत्याशी घोषित कर कांग्रेस पर दबाव बढ़ा दिया है. यही नहीं इस बीच अखिलेश यादव ने एक लंबा-चौड़ा खुला खत भी एक्स पर लिखा है, जिसमें कांग्रेस को सलाह दी है कि मनचाही सीटें न मिलने पर निराश न हों.
सपा की पहली लिस्ट में किस सीट से कौन उम्मीदवार?
सपा ने बेहट से उमर अली खान को उतारा है. इसके अलावा आशु मलिक को सहारनपुर विधानसभा से टिकट मिला है. ये दोनों विधानसभाएं इमरान मसूद की लोकसभा सीट में आती हैं. वहीं शामली से सपा ने नाहिद हसन को उतारा है. अमरोहा असेंबली से महबूब अली को मौका मिला है. वहीं ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को सपा ने उम्मीदवार घोषित किया है. यूपी चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन है. लेकिन सीट बंटवारे पर अभी दोनों दलों के बीच बातचीत का दौर चल ही रहा है.
सपा की इस सूची को कांग्रेस पर दबाव की रणनीति माना जा रहा है. कांग्रेस ने 100 से ऊपर सीटें मांगने की बात कही है तो वहीं सपा लगातार जिताऊ फैक्टर की बात कर रही है. खुद अखिलेश यादव लगातार कहते रहे हैं कि सीटों की संख्या से ज्यादा जीत मायने रखती है और हमें उसी पर फोकस करना है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं