विज्ञापन

तापमान @42°C:  ट्रेनी कांस्‍टेबल को 16 क‍िलोमीटर दौड़ाया, 11 ग‍िरकर बेहोश; 4 की हालत गंभीर

ब‍िहार में महिला स‍िपाहियों की ट्रेन‍िंग चल रही है. खड़ी दोपहरिया में उन्हें दौड़ा द‍िया, ज‍िससे उनकी हालत खराब हो गई. 

तापमान @42°C:  ट्रेनी कांस्‍टेबल को 16 क‍िलोमीटर दौड़ाया, 11 ग‍िरकर बेहोश; 4 की हालत गंभीर
बिहार ट्रेनिंग के दौरान कांस्टेबल गिरकर बेहोश गई. (Photo- NDTV)

रोहतास:  बिहार के रोहतास में रविवार को पुलिस प्रशिक्षण के दौरान आयोजित 16 किलोमीटर की दौड़ में शामिल महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी. देखते ही देखते एक-एक कर कई प्रशिक्षु सिपाही ट्रैक पर गिरकर बेहोश हो गईं. घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र में हड़कंप मच गया, और अधिकारियों ने तत्काल सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. 

ट्रेन‍िंग के दौरान बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, डेहरी स्थित BSP-2 (बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस) प्रशिक्षण केंद्र में नई चयनित महिला जवानों का प्रशिक्षण चल रहा है. प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 16 किलोमीटर लंबी दौड़ कराई जा रही थी. इसी दौरान तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच कई महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की हालत अचानक खराब होने लगी. 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दौड़ के क्रम में कुछ प्रशिक्षु सिपाहियों को चक्कर आने लगे और वे ट्रैक पर ही गिर पड़ी.  देखते ही देखते कुल 11 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई. 

अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के बाद सभी प्रभावित महिला प्रशिक्षुओं को आनन-फानन में डेहरी ऑन सोन स्थित अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया.  चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया.  हालांकि, कुछ प्रशिक्षुओं की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सासाराम रेफर कर दिया गया.  बताया कि 4 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की स्थिति अपेक्षाकृत गंभीर थी, जिन्हें विशेष निगरानी में रखा गया. अन्य प्रशिक्षुओं का उपचार अनुमंडलीय अस्पताल में ही किया गया, और स्वास्थ्य में सुधार होने पर कुछ को वापस प्रशिक्षण शिविर भेज दिया गया. 

गर्मी से बिगड़ी हालत 

चिकित्सकों के अनुसार, भीषण गर्मी और हीट वेव के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई.  सुबह से ही क्षेत्र में तेज धूप और उमस भरी गर्मी थी.  ऐसे मौसम में लंबी दूरी की दौड़ के दौरान शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ने से कई प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत बिगड़ गई. सदर अस्पताल, सासाराम के चिकित्सक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हीट वेव और अत्यधिक शारीरिक परिश्रम के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्या सामने आई है.  चिकित्सकों की टीम लगातार प्रभावित प्रशिक्षुओं की निगरानी कर रही है. 

परेशानी और सीने में दर्द की शिकायत

अधिकांश महिला प्रशिक्षु सिपाहियों को सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, पेट दर्द तथा कमजोरी की शिकायत थी.  कुछ मामलों में ऑक्सीजन स्तर प्रभावित होने की भी जानकारी मिली है.  चूंकि डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल में आईसीयू की सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए गंभीर मरीजों को सासाराम रेफर किया गया. 

सदर अस्पताल में भर्ती महिला प्रशिक्षुओं की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.  प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर इलाज व्यवस्था का जायजा लिया. 

एसडीपीओ ने जाना हालचाल

घटना की सूचना मिलने के बाद सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और भर्ती प्रशिक्षु सिपाहियों का हालचाल जाना.  उन्होंने चिकित्सकों से स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. विप्लव कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत बिगड़ने की सूचना प्राप्त हुई थी.  सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.  फिलहाल सभी की स्थिति नियंत्रण में है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है. 

4 प्रशिक्षुओं की हालत पर विशेष निगरानी

सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती प्रशिक्षुओं में मुजफ्फरपुर की श्यामली कुमारी, बेतिया की विनीता कुमारी तथा लखीसराय की सोनम कुमारी शामिल हैं.  वहीं एक अन्य महिला प्रशिक्षु सिपाही की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है. 

डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक प्रणव भारती ने बताया कि दौड़ के दौरान 11 से अधिक महिला प्रशिक्षु जवानों की तबीयत अचानक बिगड़ी थी. सभी को तत्काल इलाज उपलब्ध कराया गया, जिनकी स्थिति सामान्य थी, उन्हें उपचार के बाद प्रशिक्षण शिविर वापस भेज दिया गया, जबकि गंभीर मरीजों को सासाराम रेफर किया गया. 

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी इसी प्रशिक्षण केंद्र में 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान कई पुरुष प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत बिगड़ गई थी. उनमें से एक जवान की बाद में पटना एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई थी.  ऐसे में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा और गर्मी से बचाव के उपायों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. 

यह भी पढ़ें: रोशन आनंद सर के भाई प्रिंस की संदिग्ध हालात में मौत, खान सर की कोचिंग पर हुए हमले में था आरोपी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Bihar Constable, Women Constables, Heat Wave, Training
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com