बिहार में मुख्यमंत्री कौन इसका सस्पेंस अब भी बना हुआ है. बिहार के सीएम के चुनाव के लिए मीटिंग का दौर जारी है. जबकि डिप्टी सीएम के चयन को लेकर अटकलें जारी है. हालांकि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का डिप्टी सीएम के लिए चयन तय माना जा रहा है. वहीं सीएम पद की रेस में कई नेताओं का नाम सामने आ रहा है, जिसमें लगातार लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान के नाम पर भी कयास लगाए जा रहे हैं.
हालांकि चिराग पासवान का कहा है कि सरकार गठन को लेकर सभी घटक दलों के बीच बातचीत चल रही है और लगभग सहमति बन गई है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि औपचारिक रूप से सभी सहयोगी दलों की बैठक के बाद यह तय किया जाएगा कि किस दल के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी.
मैं रेस में नहीं... बीजेपी से ही होना चाहिए
बैठकों के दौर के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने स्पष्ट किया है कि वह बिहार के मुख्यमंत्री पद की रेस में न थे और न हैं. उन्होंने हाल ही में बयान दिया कि उनकी प्राथमिकता फिलहाल उन जिम्मेदारियों को निभाना है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें केंद्र में सौंपी हैं. चिराग ने यह भी कहा कि एनडीए गठबंधन के भीतर अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से होना चाहिए और इस पर जल्द ही औपचारिक घोषणा की जाएगी.
चिराग पासवान ने कहा, 'मैं मुख्यमंत्री की रेस में न था और न हूं.' उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केंद्र में मिली अपनी जिम्मेदारियों से खुश हैं. लेकिन इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा राजनीतिक संकेत भी दे दिया है. चिराग के मुताबिक, बिहार में एनडीए का अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से होगा."
सीएम पर गठबंधन की सहमती जल्द होगा औपचारिक ऐलान
"चिराग ने गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नाम पर गठबंधन के भीतर सहमति बन चुकी है और बहुत जल्द इसकी औपचारिक घोषणा भी कर दी जाएगी. मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर खुद चिराग पासवान ने विराम लगा दिया है. अपने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में मीडिया से बात करते हुए चिराग ने साफ लहजे में कह दिया है कि वे मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में शामिल नहीं हैं."
गौरतलब है की चिराग पासवान सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव पहुंचे थे. जहां उन्होंने शौचालय की टंकी में डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के पीड़ित परिवार से मिले और परिजनों को सांत्वना दी. जिसके बारे में चिराग ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ वह खड़े है और आर्थिक सहायता के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा और परिवार के लोगों को नौकरी देने के साथ-साथ अन्य सरकारी योजनाओं से मदद करने की कवायद की जा रही है ताकि पीड़ित परिवार की परेशानी को थोड़ा कम किया जा सके.
यह भी पढ़ेंः पटना गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को मिलेगा मुफ्त सिलेंडर, सांसद पप्पू यादव का बड़ा ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं