- चिराग पासवान ने कहा कि नई बिहार सरकार बनाने को लेकर सहमति बन चुकी है, जल्द पता चल जाएगा कि किस दल का CM होगा.
- साथ ही चिराग पासवान ने कहा कि सरकार गठन की औपचारिक घोषणा सभी सहयोगी दलों की बैठक के बाद की जाएगी.
- PM नरेंद्र मोदी के लंबे समय तक सत्ता में बने रहने को लेकर चिराग पासवान ने इसे देश के लिए गर्व की बात बताया.
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं. इस बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है. चिराग ने कहा कि गठबंधन के भीतर सरकार बनाने को लेकर सहमति बन चुकी है और बहुत ही जल्द पता चल जाएगा कि प्रदेश में किस दल का मुख्यमंत्री होगा. उन्होंने कहा कि औपचारिक तौर पर इसकी घोषणा सभी घटक दल के लोग बैठकर करेंगे.
चिराग पासवान ने कहा कि सरकार गठन को लेकर सभी घटक दलों के बीच बातचीत चल रही है और लगभग सहमति बन गई है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि औपचारिक रूप से सभी सहयोगी दलों की बैठक के बाद यह तय किया जाएगा कि किस दल के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी.
ये भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव तो झांकी है, आरजेडी की टूट बाकी है? चिराग पासवान का बड़ा दावा
PM मोदी इसी तरह काम करते रहें: चिराग पासवान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के तौर पर सबसे लंबे समय तक बने रहने को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि प्रधानमंत्री आगे भी इसी तरह देश के विकास के लिए काम करते रहें.
ममता बनर्जी के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा प्रधानमंत्री को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि यह चुनाव का समय है और ऐसे बयानों का आना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है और इससे यह संकेत मिलता है कि ममता बनर्जी को अपनी सरकार को लेकर चिंता है.
बिहार में ‘सम्राट मॉडल' को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि गृह विभाग के मंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी अच्छा काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि नई सरकार में आगे उनकी भूमिका क्या होगी, इस पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी.
इसके साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को मुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना पर चिराग पासवान ने कहा कि सभी को थोड़ा इंतजार करना चाहिए. उन्होंने दोहराया कि बहुत जल्द यह साफ हो जाएगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा और किस दल से होगा.
नई सरकार को मिलेगा नीतीश का मार्गदर्शन: चिराग
चिराग पासवान ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मार्गदर्शन नई सरकार को लगातार मिलता रहेगा और वह सरकार को दिशा दिखाते रहेंगे.
ईरान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि यह विदेशी कूटनीति का विषय है और प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
बता दें कि इस महीने के बाद नीतीश कुमार दिल्ली चले जाएंगे, वह राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं. ऐसे में जल्द बिहार में नई सरकार बनने जा रही है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि नई सरकार में मुख्यमंत्री कौन और किस पार्टी का होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं