विज्ञापन

लव मैरिज का ऐसा खौफनाक अंत! पति ने पत्नी का गला दबाया, गन्ने के खेत में हत्या के बाद पेड़ से लटकाया शव

बिहार के बगहा में एक युवक ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. मामूली कहासुनी के बाद विवाद इस कदर बढ़ा कि उसने पत्नी का गला दबाकर मर्डर कर दिया. पढ़िए बिंदेश्वर कुमार की रिपोर्ट

लव मैरिज का ऐसा खौफनाक अंत! पति ने पत्नी का गला दबाया, गन्ने के खेत में हत्या के बाद पेड़ से लटकाया शव
काफी देर तक पुलिस को गुमराह करने के बाद गौतम काजी ने जुर्म कबूला.

बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले के बगहा से पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली दर्दनाक घटना सामने आई. लौकरिया के गरकट्टी गांव में 2 साल पहले लव मैरिज करने वाले युवक ने पत्नी हेमलता कुमारी (25) की हत्या कर दी. आरोप है कि पहले पति गौतम काजी ने पत्नी की लाठी और कुदाल से पिटाई की, फिर गन्ने के खेत में उसका गला दबाकर मार डाला. इतना ही नहीं, घटना को छुपाने के लिए शव को आम के पेड़ से लटकाकर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश भी की. लेकिन पुलिस की जांच और एफएसएल टीम की पड़ताल में पूरी सच्चाई सामने आ गई और आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया...

पिता ने दहेज प्रताड़ना का भी लगाया आरोप

हेमलता कुमारी ने करीब दो साल पहले अपनी मर्जी से गौतम काजी के साथ प्रेम विवाह किया था. दोनों ने साथ जिंदगी बिताने और खुश रहने के सपने देखे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रिश्ता इतनी दर्दनाक घटना में बदल जाएगा. घटना के बाद हेमलता के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं. मृतका के पिता के आवेदन पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला भी दर्ज किया है.

कहासुनी के बाद घर छोड़कर जा रही थी पत्नी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बुधवार दोपहर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुआ था. विवाद के दौरान गौतम काजी ने पत्नी के साथ मारपीट की और कुछ समय के लिए घर से बाहर चला गया. बाद में जब वह वापस लौटा तो हेमलता घर छोड़कर जा रही थी. उसने पीछा कर उसे रोका और मारपीट करते हुए गन्ने के खेत में ले गया, जहां उसके सीने पर चढ़कर दोनों हाथों से गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

दिन में हत्या, रात तक खेत में छिपाकर रखा शव

पत्नी की हत्या करने के बाद गौतम काजी ने अपने जुर्म को छुपाने की पूरी कोशिश की. उसने शव को अंधेरा होने तक गन्ने के खेत में छिपाकर रखा. रात होने के बाद शव को बगीचे में ले जाकर आम के पेड़ से हेमलता के दुपट्टे के सहारे लटका दिया, ताकि लोगों को यह आत्महत्या का मामला लगे. लेकिन घटनास्थल की जांच और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और पूरी कहानी सामने आ गई.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

बुधवार देर शाम पेड़ से महिला का शव मिलने की सूचना पर लौकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेजा. मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू की. पूछताछ में आरोपी गौतम काजी ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की बात स्वीकार कर ली. बगहा एसपी रामानंद कौशल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले का स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी. 

यह भी पढ़ेंः पहली बार चित्तौड़गढ़ दुर्ग में चला बुलडोजर, सुबह 4 बजे पहुंचे अधिकारी; इलाके में हड़कंप

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bagaha Murder, Husband Murders Wife,  love Marriage, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com