विज्ञापन

बिहार बाढ़ संकट: नाव और ट्रैक्टर से खेतों तक पहुंचे शिवराज, किसानों का दर्द देख बोले- हर पीड़ित के साथ है सरकार

बिहार में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नाव से जलमग्न गांवों और केले की बर्बाद फसलों का जायजा लिया तथा राहत और पुनर्वास का भरोसा दिलाया.

बिहार बाढ़ संकट: नाव और ट्रैक्टर से खेतों तक पहुंचे शिवराज, किसानों का दर्द देख बोले- हर पीड़ित के साथ है सरकार
बिहार में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नाव से जलमग्न गांवों का जायजा लिया.

बिहार में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को वैशाली और हाजीपुर के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्रीय टीम के साथ दो दिवसीय दौरे पर आए शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ कई प्रभावित गांवों का दौरा किया और जमीनी स्थिति का जायजा लिया.

केंद्रीय मंत्री ने मोटरबोट, नाव, ट्रैक्टर और हवाई सर्वेक्षण के जरिए बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और राहत कार्यों की जानकारी ली.

केले की फसल को भारी नुकसान

दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने हाजीपुर और राघोपुर क्षेत्र में केले की बर्बाद फसलों का निरीक्षण किया. बाढ़ के पानी में कई दिनों तक डूबे रहने से बड़ी संख्या में केले और मक्के की फसलें खराब हो गई हैं. स्थानीय किसानों ने बताया कि केला इस इलाके की प्रमुख नकदी फसल है और इस बार की बाढ़ से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है. कई किसानों की तैयार फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है.

2016 से भी अधिक जलस्तर

मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्थानीय लोगों और प्रशासन के अनुसार इस बार पानी का स्तर वर्ष 2016 की बड़ी बाढ़ से भी लगभग एक फीट ऊपर पहुंच गया है. उन्होंने बताया कि लगातार 10 दिनों से अधिक समय तक पानी भरा रहने के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है. उनके अनुसार लगभग 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. कई परिवारों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है. मकानों और पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है.

राहत कार्यों पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार बिहार के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने कहा, "चिंता मत कीजिए, डबल इंजन की सरकार आपके साथ है." उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के खातों में 7,000 रुपये की सहायता राशि भेज रही है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में डॉक्टरों की टीम, दवाइयां, राशन, पेयजल और भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है.

नुकसान का होगा आकलन

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जल्द ही केंद्र की अंतर-मंत्रालयी टीम बिहार में हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे करेगी. यह टीम फसलों, मकानों, सड़कों, पुल-पुलियों और पशुधन को हुए नुकसान का आकलन करेगी. राज्य सरकार की रिपोर्ट मिलने के बाद केंद्र सरकार आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर किसान और हर बाढ़ पीड़ित के पुनर्वास तथा नुकसान की भरपाई के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे.

यह भी पढ़ें- बिहार गंगा में बही महिला 10 दिन बाद यूपी में मिली, पूजा करने के लिए लगाई थी डुबकी, ऐसे बची जान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Floods, Shivraj Singh Chouhan, Samrat Choudhary
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com