- बिहार के सारण जिले में बाढ़ की वजह से लोगों को राहत सामग्री हेलीकॉप्टर से बांटी जा रही है
- अमनौर प्रखंड के परशुरामपुर में हेलीकॉप्टर से गिराए गए राशन के पैकेट से एक बुजुर्ग की मौत हो गई
- मृतक अनिल कुमार सिंह उर्फ अप्पू सिंह राहत सामग्री लेने के दौरान हादसे का शिकार हो गए
बिहार का सारण जिला इन दिनों बाढ़ के कहर से जूझ रहा है. बाढ़ की वजह से लोगों के पास खाने तक को कुछ नहीं बचा है, जिसकी वजह से प्रशासन उन तक राहत सामग्री पहुंचा रहा है. राहत सामग्री बांटे जाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. सारण जिले में हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री का पैकेट सीधे सिर पर गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई. ये मामला सारण जिले के अमनौर प्रखंड के परशुरामपुर का है.
बुजुर्ग के सिर पर गिरा राशन का पैकेट
परशुरामपुर का इलाका बाढ़ से बहुत ज्यादा प्रभावित है. यहां के लोग बांध पर शरण लिए हुए हैं. हेलीकॉप्टर से इन लोगों को सूखा राशन बांटा जा रहा है ताकि इन लोगों को कुछ हद तक राहत मिल सके. लेकिन राहत सामग्री एक शख्स के लिए आफत बन गई. राहत सामग्री सिर पर गिरने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई.

राशन का पैकेट गिरने से मौत
मृतक व्यक्ति का नाम अनिल कुमार सिंह उर्फ अप्पू सिंह था, वह परशुरामपुर के रहने वाले थे. घटना की पुष्टि करते हुए अमनौर थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने बताया कि अनल हेलीकॉप्टर से गिराए जा रहे राशन का पैकेट लेने के लिए दौड़े. इसी दौरान उनके सिर पर वह पैकेट गिर गया. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. अनिल कुमार की उम्र लगभग 65 साल की थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से मामले की जानकारी लेकर शव को तुरंत अपने कब्जे में लेकर छपरा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
सारण में हेलीकॉप्टर से बांटी जा रही राहत सामग्री
बता दें कि नेपाल से आई बाढ़ की वजह से बिहार का सारण जिला बहुत ज्यादा प्रभावित हुआ है. इसके कई गांव पानी की वजह से टापू में तब्दील हो गए हैं. इन गावों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर का सहारा लिया जा रहा है. शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से सूखे राशन के पैकेट बाढ़ पीड़ितों को दिए जा रहे थे. तभी एक पैकेट अनिल के सिर पर गिर गया. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-बिहार में बाढ़ का कहर: सारण में सड़कें डूबीं, घर जलमग्न, मवेशी लेकर पलायन को मजबूर लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं