विज्ञापन

बिहार के सारण में बाढ़ का कहर, बांध टूटते से 20 गांवों में घुसा पानी, हालात का जायजा लेने पहुंचे डिप्टी CM

बिहार के सारण जिले में माही नदी का बांध टूटने के बाद कम से कम 20 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. बढ़ते जलस्तर के बीच उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की.

सारण में बढ़ा खतरा, सरयू-गंगा-गंडक का जलस्तर बढ़ने से कई गांव प्रभावित
NDTV
  • सारण जिले में सरयू, गंगा और गंडक नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है
  • माही नदी का बांध टूटने से दिघवारा प्रखंड के कम से कम बीस गांवों में पानी भर गया है
  • प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया है

बिहार के सारण जिले में सरयू, गंगा और गंडक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. इससे जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. दरियापुर और दिघवारा प्रखंड में माही नदी का बांध टूटने के बाद आसपास के इलाकों में हालात और बिगड़ गए हैं. कई जगह पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने सारण के प्रभारी मंत्री और उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव रविवार को जिले में पहुंचे. उन्होंने दरियापुर और दिघवारा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की. 

इस दौरान उन्होंने बांध टूटने वाले स्थानों का भी निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने प्रभारी मंत्री को बाढ़ की मौजूदा स्थिति और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में लोगों तक जरूरी सुविधाएं लगातार पहुंचाई जा रही हैं.

20 गांवों में घुसा पानी

दिघवारा प्रखंड के ही केसरपुर गांव में माही नदी का बांध टूटने से कम से कम 20 गांवों में पानी घुस चुका है. इस क्षेत्र के ईशमेला, टरवां, कनकपुर, त्रिलोकचक समेत कई गांवों में माही नदी का पानी घुस गया है. बांध टूटने के बाद प्रशासनिक अमला एक्टिव हुआ है और बांध को बांधने की कोशिश चल रही है. हालांकि, अभी प्रशासन को पूरी सफलता नहीं मिली है. अचानक आई बाढ़ के कारण इस क्षेत्र के लोगों का जीवन यापन प्रभावित हुआ है. कई निचले इलाकों में ज्यादा पानी भरने से लोगों को नाव से आवागमन करना पड़ रहा है. प्रशासन प्रभावित लोगों को राहत मुहैया करा रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बांध में पहले से ही रिसाव हो रहा था लेकिन इसपर ध्यान नहीं दिया गया. फिर अचानक पानी के दबाव के कारण बांध टूट गया. फिलहाल बाढ़ के कारण इस इलाके के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

Latest and Breaking News on NDTV

आश्रय स्थल से लेकर मेडिकल टीम और नावों की व्यवस्था

डीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए आश्रय स्थल और सामुदायिक किचन की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा मेडिकल टीम, पशु कैंप और नावों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई जा सके.

टूटे बांध और तटबंधों की मरम्मत का काम जारी

बाढ़ प्रभावित इलाकों में सुरक्षा और मरम्मत का काम भी जारी है. जहां-जहां तटबंध या बांध टूटे हैं, वहां संबंधित विभागों की टीमें तेजी से मरम्मत और सुरक्षा कार्य में जुटी हैं. क्विक रिस्पांस टीमों को भी अलर्ट रखा गया है. अधिकारी और कर्मचारी लगातार मौके पर निगरानी कर रहे हैं और स्थिति के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जा रही है.

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

राहत और बचाव कार्यों की जानकारी लेने के बाद प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने बांधों और तटबंधों की मरम्मत में तेजी लाने के साथ राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा. जरूरत के अनुसार संसाधन उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने जोर दिया.

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

जिला प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा जरूरत पड़ने पर प्रशासन की ओर से बनाए गए आश्रय स्थलों में जाने को कहा गया है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और बाढ़ से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है.

यह भी पढ़ें: 10 साल बाद बिहार में ऐसी बाढ़, राजधानी पटना से लेकर कई जिले बेहाल, ऐक्शन मोड में सरकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Saran Case, Bihar Flood, Bihar Flood Affected Area, Bihar Flood 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com