पटना में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4 के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर आंदोलन पर उतरे छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना पर शिक्षा मंत्री ने प्रतिक्रिया दी है. बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जिस दिन मैं शिक्षा विभाग का पदभार ग्रहण कर रहा था, उस दिन वे सड़क पर आ गए. यह दुखद है. शनिवार को उन्होंने मीडिया से बातचीत में अभ्यर्थियों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई 4.0 के लिए जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसका पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा.
विज्ञापन जारी करने की देरी स्वीकारी
शिक्षा मंत्री ने विज्ञापन में देरी को स्वीकार करते हुए कहा कि जिस दिन मैं शिक्षा विभाग का पदभार ग्रहण कर रहा था, उस दिन वे सड़क पर आ गए. उन्होंने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को अपने परिवार का सदस्य बताते हुए कहा कि उन्होंने ही सरकार बनाई है. यह सरकार उनकी है. उन्हें शिक्षक बनकर शिक्षा का अलख जगाना है, जो कल शिक्षक होंगे, वे सड़क पर दौड़ते नजर आ रहे हैं, पुलिस उनके पीछे दौड़ते नजर आए, यह दृश्य दुखद करता है.
शिक्षा मंत्री बोले- हमारा दरवाजा हमेशा खुला है
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह करते हुए कहा कि हमारा दरवाजा उनके लिए सदैव खुला है. जो बात वे कहना चाहते हैं, हम उसे सुनना चाहते हैं. जो मांग सरकार मानकर करने वाली है, उसके लिए आंदोलन क्यों? बता दें कि शुक्रवार को हजारों की संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए और सरकार व BPSC के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
5000 TRE 4 अभ्यर्थियों पर FIR दर्ज
छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया. इसके बाद TRE 4 के नोटिफिकेशन के लिए आंदोलन पर उतरे 5 हजार अभ्यर्थियों पर FIR दर्ज हुई. साथ ही दिलीप समेत 4 छात्र नेता भी गिरफ्तार हुए. गिरफ्तार छात्र नेताओं पर छात्रों को उकसाने का आरोप लगाया गया है. प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मुख्य मांग थी कि बीपीएससी जल्द से जल्द टीआरई 4.0 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करे. अभ्यर्थियों का कहना था कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया को लेकर केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है.
46 हजार से अधिक पद खाली
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के मुताबिक, बीपीएससी ने पहले कहा था कि 19-20 अप्रैल को विज्ञापन जारी होगा और 26 अप्रैल 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी. इससे पहले भी कहा गया था कि विभाग से रिक्विजिशन मिल चुका है, लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया. इसी वजह से अभ्यर्थियों को फिर सड़क पर उतरना पड़ा. बताया जा रहा है कि टीआरई 4.0 के तहत 46 हजार से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती होनी है, लेकिन विज्ञापन में लगातार हो रही देरी से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है.
यह भी पढे़ं-
नेपाल में भारतीयों के प्रवेश पर नया नियम लागू, बिना ID के एंट्री बंद; बॉर्डर पर अफरा-तफरी
नौकरी की जगह मिली लाठियां: TRE 4 नोटिफिकेशन की मांग और छात्र नेता दिलीप की गिरफ्तारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं