विज्ञापन

नौकरी की जगह मिली लाठियां: TRE 4 नोटिफिकेशन की मांग और छात्र नेता दिलीप की गिरफ्तारी

Job Protest Patna : प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप ने कहा कि हम सिर्फ नौकरी मांग रहे थे. हमें नौकरी मांगने पर जेल भेजा रहा है. अभ्यर्थियों की मांग को विपक्षी दलों ने भी समर्थन दिया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर लाठीचार्ज की निंदा की.

नौकरी की जगह मिली लाठियां: TRE 4 नोटिफिकेशन की मांग और छात्र नेता दिलीप की गिरफ्तारी
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप ने कहा कि हम सिर्फ नौकरी मांग रहे थे.

TRE 4 Protest : TRE 4 के नोटिफिकेशन के लिए आंदोलन पर उतरे 5 हजार अभ्यर्थियों पर FIR दर्ज की गई है. छात्र नेता दिलीप समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इन सभी पर छात्रों को उकसाने का आरोप लगाया गया है. दिलीप को शुक्रवार को ही हिरासत में ले लिया गया था. उन्हें गांधी मैदान थाने में रखा गया था. आज पुलिस उन्हें लेकर गर्दनीबाग लेकर गए. इस दौरान उनके कमर में रस्सी बंधी हुई थी. उनका मेडिकल जांच कराया गया. गांधी मैदान थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने बताया कि इस पूरे मामले में 4 नामजद समेत 5000 अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज की गई है. 

क्या है पूरा मामला

दरअसल, अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग के लिए आंदोलन कर रहे हैं. BPSC ने पिछले दिनों बताया था कि 19-20 अप्रैल तक TRE 4 के लिए नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा और 26 अप्रैल तक फॉर्म भरने की शुरुआत हो जाएगी. दोनों तारीखें बीतने के बाद भी नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ. इससे अभ्यर्थी आक्रोशित हैं.

अभ्यर्थियों का कहना है कि टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थी दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं. बीपीएससी कैलेंडर के अनुसार 24 अगस्त 2024 को ही टीआरई-4 की परीक्षा होनी थी और 24 सितंबर 2024 को रिजल्ट भी आना था.

लेकिन अभी तक विज्ञापन नही आया है. बीपीएससी ने फरवरी द्वितीय सप्ताह में एक नोटिस जारी किया जिसमें यह कहा गया था कि अधियाचना मिल चुकी है और शीघ्र ही टीआरई 4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा. लेकिन यह अब तक जारी नहीं किया गया है. देरी के कारण हजारों अभ्यर्थियों की उम्र सीमा समाप्त हो जाएगी और वे फॉर्म नहीं भर पाएंगे. इसी मांग को लेकर वे सड़कों पर उतरे थे. प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठियां चलाई. दोनों आमने - सामने हुए तो पुलिस के कई जवानों को भी चोटें आई हैं. 

नौकरी मांगने पर जेल भेजा जा रहा 

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप ने कहा कि हम सिर्फ नौकरी मांग रहे थे. हमें नौकरी मांगने पर जेल भेजा रहा है. अभ्यर्थियों की मांग को विपक्षी दलों ने भी समर्थन दिया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर लाठीचार्ज की निंदा की. उन्होंने लिखा, "पटना में कल अपने रोजगार का हक मांगते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को बिहार पुलिस ने बेरहमी से पीटा. फिर से बेरोजगार युवाओं को BJP का जवाब- लाठी."

यह भी पढ़ें- BPSC एग्जाम कंट्रोलर के इस वीडियो के बाद भड़का TRE-4 अभ्यर्थियों का गुस्सा, आखिर क्या कहा था?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BPSC TRE 4 Notification, Bihar Teacher Vacancy, Student Leader Dilip Arrested, Patna Lathi Charge, Bihar Education News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com