विज्ञापन

दिव्यांग पति बन रहा था रोड़ा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कार से कुचला, दो साल पहले ही कर ली थी दूसरी शादी

समस्तीपुर में दिव्यांग पति की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है. अवैध संबंधों और दूसरी शादी को छिपाने के लिए पत्नी ने नौकरी का झांसा देकर पति को बुलाया और उसकी हत्या कर दी. समस्तीपुर से अविनाश कुमार की रिपोर्ट

दिव्यांग पति बन रहा था रोड़ा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कार से कुचला, दो साल पहले ही कर ली थी दूसरी शादी
Bihar Crime: पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक वारदात सामने आई है, जिसने सबको दंग कर दिया है. कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले मिली एक दिव्यांग युवक की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. यह कोई सड़क हादसा नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई बेरहम हत्या थी जिसे खुद मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया था.

हादसा दिखाने की थी साजिश

6 मई को रतवारा चौर स्थित एक बंद चिमनी के पास सड़क किनारे देवेंद्र कुमार का शव मिला था. देवेंद्र शारीरिक रूप से दिव्यांग था. शुरुआती तौर पर ऐसा लग रहा था कि यह किसी वाहन की टक्कर से हुई मौत है क्योंकि शव की हालत खराब थी. लेकिन पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर जब एसआईटी ने जांच शुरू की तो परतें खुलती चली गईं. पुलिस ने पाया कि अपराधियों ने हत्या करने के बाद शव पर कार चढ़ा दी थी ताकि पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मानकर फाइल बंद कर दे.

दो साल पहले ही कर ली थी दूसरी शादी

जांच में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ वह यह था कि मृतक की पत्नी शीला देवी ने दो साल पहले ही ध्रुवगामा निवासी अरुण कुमार झा से मंदिर में चोरी-छिपे शादी कर ली थी. शादी के बावजूद वह अपने पहले पति देवेंद्र के साथ ही रह रही थी. दिव्यांग होने के कारण देवेंद्र और शीला के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. शीला अपने प्रेमी अरुण के साथ अपनी नई जिंदगी बसाना चाहती थी और इसमें देवेंद्र सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ था.

नौकरी का झांसा देकर बुलाया और मार डाला

हत्या की पटकथा 5 मई को लिखी गई. आरोपियों ने देवेंद्र को स्कूल में गार्ड की नौकरी दिलाने का लालच दिया. नौकरी के झांसे में आकर देवेंद्र घर से निकला लेकिन वापस नहीं लौटा. शीला देवी ने अपने कथित दूसरे पति अरुण झा और एक अन्य सहयोगी मोहन झा के साथ मिलकर देवेंद्र की हत्या कर दी.

पुलिस ने इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लाल रंग की टाटा कार, तीन मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद कर लिए हैं. इस मामले को सुलझाने में तकनीकी साक्ष्यों ने बड़ी भूमिका निभाई.

यह भी पढ़ें- दुग्‍गर फाइबर कंपनी में ज‍िंदा जल गया कर्मचारी, शव को फावड़े से खुरचकर कट्टे में भरा 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com