विज्ञापन

बिहार के पटना में राजमिस्त्री की पीट-पीटकर हत्या, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

सीसीटीवी फुटेज में 5 पुरुष और एक महिला युवक को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं. पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी.

बिहार के पटना में राजमिस्त्री की पीट-पीटकर हत्या, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
सुबह करीब 4 बजे राजमिस्त्री को पीटते हुए गली से ले जाते हुए आरोपियों की तस्वीर.
NDTV Reporter

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. मजदूर दिवस (1 मई) के दिन, जब दुनिया मजदूरों के सम्मान की बात कर रही थी, तब राजा पुल के पास एक राजमिस्त्री की बेरहमी से हत्या कर दी गई.

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

मृतक की पहचान 31 वर्षीय शिव शंकर चौहान के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि घर में शादी का माहौल था. गुरुवार रात को ही मेहंदी और हल्दी की रस्में पूरी हुई थीं. रात 2 बजे तक पूरा परिवार हंसी-खुशी साथ था. सुबह करीब 4 बजे शिव शंकर यह कहकर घर से निकले कि वह चाय पीकर आते हैं, लेकिन फिर वापस नहीं लोटे.

सुबह लगभग 6 बजे परिजनों को सड़क किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचकर देखा तो वह शिव शंकर ही थे. यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं.

राजमिस्त्री को अधमरी हालत में पेड़ के पास छोड़कर जाते हुए आरोपी.

राजमिस्त्री को अधमरी हालत में पेड़ के पास छोड़कर जाते हुए आरोपी.
Photo Credit: NDTV Reporter

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जो पुलिस की जांच का सबसे बड़ा आधार बना है. वीडियो में दिख रहा है कि 5 बदमाश और एक महिला मिलकर शिव शंकर को गली में घेर लेते हैं. वे उसे दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से तब तक पीटते हैं जब तक उसकी जान नहीं निकल जाती. इस हमले में एक महिला की मौजूदगी ने पुलिस को भी चौंका दिया है.

अस्पष्ट है हत्या की वजह

परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. जिस जगह वारदात हुई, वहां पास में ही एक और शादी की हल्दी की रस्म चल रही थी. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या यह पुरानी रंजिश का नतीजा है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV Reporter

मासूम बच्चों के सिर से उठा साया

शिव शंकर अपने पीछे पत्नी अर्चना देवी और दो मासूम बच्चों (9 साल की बेटी और 5 साल का बेटा) को छोड़ गए हैं. घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य चले जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है. शादी की शहनाइयां अब चीख-पुकार में बदल चुकी हैं.

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और FSL की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे चेहरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही महिला समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें:- बाहर गेट पीटती रही भीड़, अंदर टॉयलेट में 3 घंटे तक छिपी रहीं महिला डॉक्टर, पुलिस ने नहीं उठाया फोन!

लेखक के बारे में
img
शिवम कुमार
Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Patna Murder CCTV Video, Buddha Colony Murder News, Shiv Shankar Chauhan Murder Patna, Patna Crime News Today, Rajapur Patna Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com