विज्ञापन

बिहटा में इंजीनियरिंग छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरा बाहर से था बंद; परिजनों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप

छात्रा का शव उसके किराए के कमरे में मिला, जिसका दरवाजा बाहर से बंद था. परिजनों और मकान मालिक ने गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है. पढ़ें गौरव कुमार की यह रिपोर्ट.

बिहटा में इंजीनियरिंग छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरा बाहर से था बंद; परिजनों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप
बिहटा: किराए के मकान में मिला इंजीनियरिंग छात्रा का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका; मोबाइल जब्त
NDTV Reporter

Patna News: बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में एक इंजीनियरिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. छात्रा का शव उसके किराए के कमरे में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. शुरुआती जांच और कमरे की स्थिति को देखते हुए गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है.

बाहर से बंद था कमरा, अंदर पंखा और लाइट चालू

मृतका की पहचान औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड निवासी अशोक सिंह की 23 वर्षीय पुत्री अनुपमा कुमारी के रूप में हुई है. अनुपमा पिछले 3 सालों से बिहटा के राघोपुर में किराए पर रहकर एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज से पढ़ाई कर रही थी. घटना सोमवार देर शाम की है, जब मकान मालिक को छात्रा के कमरे के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा मिला, जबकि अंदर की लाइट और पंखा चल रहे थे. फोन न उठाने पर शक होने पर पुलिस को सूचित किया गया.

पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में मिला शव

सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां अनुपमा मृत अवस्था में पाई गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं.

परिजनों का आरोप- 'विवाद की वजह से हुई हत्या'

मृतका के पिता अशोक सिंह और बड़ी बहन आकांक्षा ने इसे साफ तौर पर हत्या का मामला बताया है. आकांक्षा का आरोप है कि अनुपमा ने पहले घर में रहने वाले कुछ लोगों से विवाद होने की बात बताई थी. पिता का कहना है कि उनकी बेटी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती, क्योंकि एक दिन पहले ही उसने घर पर बहुत सामान्य तरीके से बात की थी. मकान मालिक रामअयोध्या सिंह ने भी छात्रा के व्यवहार को अच्छा बताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या का लग रहा है, क्योंकि दरवाजा बाहर से बंद था. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी. पुलिस लव अफेयर, आपसी रंजिश और घर में रहने वाले अन्य लोगों की भूमिका सहित सभी बिंदुओं पर सघनता से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में BAP नेता के भाई की पीट-पीटकर हत्या, रात 2 बजे झाड़ियों में तड़पता मिला; अस्पताल में तोड़ा दम

लेखक के बारे में
img
पुलकित मित्तल
Senior Sub Edtior
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihta Student Murder News, Patna Engineering Student Death, Anupama Kumari Bihta Case, Bihta Raghopur Murder Suspicion, Patna Crime News Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com