- दिल्ली सरकार पब्लिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करने जा रही है.
- शहर के 180 स्थानों पर 540 पब्लिक ईवी चार्जर स्थापित किए जाएंगे.
- भौगोलिक आधार पर 90-90 साइटों के दो पैकेज में बांटा गया है.
देश की राजधानी दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा देने और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए दिल्ली सरकार पब्लिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करने जा रही है. इसके तहत शहर के 180 स्थानों पर कुल 540 पब्लिक ईवी चार्जर स्थापित किए जाएंगे, जिस पर लगभग 62 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. नोडल एजेंसी दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (DTL) ने पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत इन चार्जरों की स्थापना और संचालन के लिए ऑपरेटरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है.
लोकेशन पर चार्जर की व्यवस्था और क्लस्टर
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा अप्रूवल स्टैंडर्ड के तहत हर चयनित स्थान पर तीन तरह के चार्जर लगाए जाएंगे.
12 किलोवाट चार्जर (दो चार्जिंग गन के साथ): इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए.
60 किलोवाट चार्जर (दो चार्जिंग गन के साथ): एन1 श्रेणी (3.5 टन वाणिज्यिक मालवाहक), निजी और व्यावसायिक चारपहिया वाहनों के लिए.
120 किलोवाट फास्ट चार्जर (दो चार्जिंग गन के साथ): तेज चार्जिंग सुविधा के लिए.
90-90 साइटों में बांटा जाएगा
सभी 180 साइटों को भौगोलिक आधार पर 90-90 साइटों के दो पैकेज में बांटा गया है. पैकेज-1 में मुख्य रूप से पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली, जबकि पैकेज-2 में दक्षिणी, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली को शामिल किया गया है. मध्य दिल्ली में इंद्रलोक, प्रताप नगर, शाही ईदगाह और कमला मार्केट/एलएनजेपी अस्पताल के आसपास छह साइटें तथा राजघाट पर दो को-लोकेटेड साइटें चिह्नित की गई हैं.
रजिस्ट्रेशन की तारीख
दिल्ली ईवी नीति 2026 के तहत 1 जनवरी 2027 से केवल इलेक्ट्रिक तिपहिया (L5) और इलेक्ट्रिक एन1 मालवाहक वाहनों का ही नया रजिस्ट्रेशन मान्य होगा, जबकि 1 अप्रैल 2028 से केवल इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा. वहीं, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिसंबर 2029 तक दिल्ली में चरणबद्ध तरीके से 32062 ईवी चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है.
केंद्र सरकार की 10900 करोड़ रुपये की पीएम ई-ड्राइव योजना में पब्लिक फास्ट चार्जिंग स्टेशनों के लिए 2000 करोड़ रुपये का प्रावधान है. इसके तहत भारी उद्योग मंत्रालय अपस्ट्रीम बुनियादी ढांचे पर 80 प्रतिशत तक पूंजीगत सब्सिडी दे रहा है. नई चार्जिंग व्यवस्था से राजधानी में व्यावसायिक और निजी ईवी चालकों को सुलभ और तेज चार्जिंग सुविधा मिल सकेगी.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में फ्री बिजली के लिए सिर्फ एक मौका मिलेगा, सब्सिडी के नियमों में बदलाव, नया पोर्टल ला रही सरकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं