अगर आप Tata की कार खरीदने वाले हैं तो आपको एक तगड़ा झटका लग सकता है. Tata Motors Passenger Vehicles Ltd. ने अपनी पूरी कार और SUV रेंज की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है. ICE (पेट्रोल-डीजल) और EV दोनों मॉडल 1 सितंबर 2026 से महंगे होंगे. यानी अगर आप नई टाटा की कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपको इस महीने ही गाड़ी की बुकिंग कर देनी चाहिए.
कंपनी ने प्रेस रिलीज के जरिए जानकारी दी है कि मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से कीमत में अधिकतम 25,000 तक की बढ़ोतरी होगी. कीमत बढ़ाने की वजह बढ़ती इनपुट लागत और लगातार बढ़ता महंगाई का दबाव बताया गया है. कंपनी ने कहा कि वह बढ़ी हुई लागत का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही थी, लेकिन अब कुछ बोझ ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है.
2026 में तीसरी बार बढ़ाए जा रहे दाम
Tata Motors के लिए यह 2026 में तीसरी कीमत बढ़ोतरी है. इससे पहले कंपनी ने 1 अप्रैल 2026 से ICE (पेट्रोल-डीजल) मॉडल की कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी. इसके बाद 1 जुलाई 2026 से ICE और EV दोनों मॉडल की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई थी. अब सितंबर में एक बार फिर पूरी रेंज की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं. हालांकि, हर कार पर समान बढ़ोतरी नहीं होगी. कंपनी मॉडल और वैरिएंट के आधार पर कीमत तय करेगी.
दूसरी कंपनियां भी बढ़ा रही हैं कीमतें
हालांकि, Tata Motors अकेली कंपनी नहीं है जो सितंबर में कीमत बढ़ा रही है. Hyundai Motor India ने भी सितंबर 2026 से अपनी पूरी कार रेंज की कीमतों में 1 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की घोषणा की है. यह भी 2026 में Hyundai की तीसरी कीमत बढ़ोतरी होगी. Maruti Suzuki ने अगस्त 2026 में Arena और Nexa रेंज की कीमतें बढ़ाई थीं. अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के आधार पर यह बढ़ोतरी 2,500 से 30,000 रुपये तक थी.
Mahindra ने भी इस साल अपनी कारों की कीमतों में बदलाव किया है.
अगस्त में Tata की कारों पर मिल रही थी छूट
दिलचस्प बात यह है कि Tata Motors ने अगस्त में अपनी कारों पर कई तरह के ऑफर दिए थे. इनमें कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, स्क्रैपेज लाभ, लॉयल्टी रिवॉर्ड और फ्रीडम सेलिब्रेशन ऑफर शामिल थे. कुछ MY2025 Tata Curvv EV मॉडल पर कुल लाभ 3.5 लाख से भी ज्यादा था. अब सितंबर से कीमत बढ़ने के बाद इन कारों को खरीदने वाले ग्राहकों के लिए शुरुआती कीमत पहले की तुलना में ज्यादा होगी.
EV कारोबार को लेकर भी बड़ा कदम
कीमत बढ़ाने का ऐलान ऐसे समय हुआ है जब Tata Motors का EV कारोबार भी लगातार विस्तार कर रहा है. हाल ही में EV लीजिंग प्लेटफॉर्म Drivn ने Tata Motors के साथ शुरुआती पार्टनरशिप की है. इसके तहत कमर्शियल EV को फ्लीट ऑपरेटर्स के लिए लीज पर देने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा. Drivn, Tata Motors के eCV पोर्टफोलियो के लिए कस्टमाइज्ड लीजिंग सुविधा देने की दिशा में काम करेगा. इसका उद्देश्य फ्लीट ऑपरेटर्स के लिए EV अपनाना आसान बनाना है.
साणंद प्लांट में उत्पादन फिर शुरू
Tata Motors ने गुजरात के साणंद मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में उत्पादन भी दोबारा शुरू कर दिया है. बाढ़ के कारण प्लांट में उत्पादन प्रभावित हुआ था.
कंपनी ने इस घटना से करीब 40 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है.
ये भी पढ़ें- जाम का झंझट होगा खत्म! दिल्ली में उड़ेंगी एयर टैक्सी, जान लीजिए मास्टर प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं